
Vivo ने अपने नए स्मार्टफोन Vivo Y600 Turbo की लॉन्च डेट कंफर्म कर दी है। कंपनी इस फोन को 25 मई को चीन में लॉन्च करेगी। वहीं, पेश होने से पहले Vivo ने डिवाइस को टीज करना शुरू कर दिया है, जिससे इसके डिजाइन और कुछ प्रमुख फीचर्स सामने आए हैं। आइए, आगे आपको कंफर्म और संभावित डिटेल्स बताते हैं।
आप नीचे दी गई तस्वीर में देख सकते हैं कि Vivo Y600 Turbo को वाइट और लाइट पिंक कलर ऑप्शन में दिखाया गया है। साथ ही मोबाइल की लॉन्च डेट 25 मई में लिखी हुई है। यह होम मार्केट चीन के लिए है। हालांकि स्पेसिफिकेशंस सामने नहीं आए हैं, लेकिन उम्मीद है यह बड़ी बैटरी और दमदार परफॉरमेंस वाला डिवाइस होगा।
बताया जा जा रहा है कि Vivo Y600 Turbo ब्रांड का पहला स्मार्टफोन हो सकता है जिसमें 165Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट मिलेगा। फोन में 6.83 इंच का OLED डिस्प्ले दिए जाने की उम्मीद है, जो 1.5K रिजॉल्यूशन के साथ आ सकता है। इस हाई रिफ्रेश रेट की वजह से गेमिंग और स्क्रॉलिंग एक्सपीरियंस स्मूद मिल सकता है।
परफॉरमेंस के लिए आगामी स्मार्टफोन में MediaTek Dimensity 8500 प्रोसेसर दिए जाने की बात सामने आई है। इसके साथ LPDDR5X RAM और UFS 3.1 स्टोरेज मिल सकता है। ऑपरेटिंग सिस्टम के मामले में फोन Android 16 आधारित OriginOS 6 पर काम कर सकता है। हालांकि कंपनी ने अभी तक इसके स्टोरेज वेरिएंट्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
बैटरी Vivo Y600 Turbo की सबसे बड़ी खूबी में से एक हो सकती है। रिपोर्ट्स की मानें तो Y600 Turbo में 9,020mAh की बड़ी बैटरी दी जा सकती है, जो 90W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट कर सकती है। इतनी बड़ी बैटरी के साथ यह फोन लंबे समय तक इस्तेमाल करने वाले यूजर्स और मोबाइल गेमर्स को आकर्षित कर सकता है।
कैमरा सेटअप की बात करें तो फोन में 50MP Sony LYT-600 प्राइमरी कैमरा मिलने की उम्मीद है। इसके साथ 2MP का सेकेंडरी सेंसर दिया जा सकता है। वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 16MP का फ्रंट कैमरा मिलने की उम्मीद है।
रिपोर्ट्स के अनुसार Vivo Y600 Turbo दरअसल iQOO Z11 का रीब्रांडेड वर्जन हो सकता है, जिसे चीन में मार्च में लॉन्च किया गया था। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि Y600 Turbo भी लगभग आईक्यू फोन की प्राइस रेंज और फीचर्स के साथ लॉन्च हो सकता है।

बताते चलें कि Vivo Y600 Turbo बड़ी बैटरी, हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और दमदार परफॉरमेंस की वजह से मिड-रेंज में बढ़िया विकल्प बन सकता है। यदि आप चीन में हैं तो इसका इंतजार कर सकते हैं। हम लॉन्च के दिन यानी 25 मई को फुल अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ बने रहें।










