
अगर आप अपने मोबाइल और वेब पर व्हाट्सएप (WhatsApp) का इस्तेमाल करते हैं, तो अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल्स की मदद से अपने डेली टास्क को आसान और तेजी से कर सकते हैं। आप चाहें, तो अपने व्हाट्सएप के साथ ChatGPT, Perplexity और Meta AI जैसे चैटबॉट्स का उपयोग कर सकते हैं। अच्छी बात यह है कि इन एआई टूल्स की मदद से आप कई तरह के कार्यों को आसानी से कर पाएंगे जैसे कि किसी को तुरंत जवाब देना, तस्वीरें बनाना, रियल-टाइम जानकारी, स्टिकर जनरेट करना, टास्क मैनेज करना आदि। वहीं अगर आप अपने कार्यों के लिए व्हाट्सएप वेब पर अधिक निर्भर है, तो यहां भी आपके लिए कई शानदार टूल्स मौजूद हैं। आप चाहें, तो फटाफट ऑडियो को टेक्स्ट में बदल सकते हैं और अलग-अलग भाषाओं के चैट्स को अपनी भाषा में ट्रांसलेट कर सकते हैं। आइए इस आर्टिकल में डिटेल से जानते हैं कि कैसे आप मोबाइल और वेब पर अपने व्हाट्सएप अकाउंट के साथ इन एआई चैटबॉट्स (WhatsApp AI chatbots) का उपयोग कर सकते हैंः
ChatGPT
अगर आप चाहें, तो मोबाइल पर अपने व्हाट्सएप के साथ चैटजीपीटी का उपयोग कर सकता है। इस एआई चैटबॉट को OpenAI ने डेवलप किया है। यह व्हाट्सएप पर आपके चैट एक्सपीरियंस को पूरी तरह से बदल सकता है। यह न सिर्फ तेजी से जवाब देता है, बल्कि आपके लिए कई तरह के कार्य भी आसानी से कर सकता है। यह आपके सवालों के जवाब इसकी मेमोरी या वेब सर्च के आधार पर देता है। वहीं यह टेक्स्ट समरी तैयार करने, ट्रांसलेशन करने और रीराइट करने जैसे कार्य भी आपके लिए कर सकता है। साथ ही, आप कमांड देकर इससे इमेज भी तैयार करवा सकते हैं। अगर आप चैटजीपीटी के प्रो यूजर्स हैं, तो अनलिमिटेड इमेज जनरेशन, फाइल अपलोड और रियल-टाइम इनसाइट्स जैसी सुविधाएं पा सकते हैं।
व्हाट्सएप पर ChatGPT का उपयोग कैसे करें?
अब अगर आप व्हाट्सएप पर चैटजीपीटी का उपयोग करना चाहते हैं, तो यह मुश्किल नहीं है। इसके लिए नीचे दिए गए स्टेप को फॉलो कर सकते हैंः
स्टेप-1: सबसे पहले अपने मोबाइल में +1-800-242-8478 को सेव कर लें।
स्टेप-2: फिर चैट ChatGPT को अपने व्हाट्सएप पर ओपन करें।
स्टेप-3: अब आप Hi लिखकर चैट की शुरुआत कर सकते हैं, लेकिन इसके लिए आपको टर्म एंड कंडीशन को एक्सेप्ट करना होगा।
स्टेप-4: अगर आप प्रो यूजर हैं, तो साइन-इन करें और अपने अकाउंट को लिंक कर लें। इसके बाद आप व्हाट्सएप पर चैटजीपीट का उपयोग करना शुरू कर सकते हैं।
Perplexity
अगर आप अपने व्हाट्सएप को सर्च इंजन की तरह उपयोग करना चाहते हैं, तो Perplexity आपके लिए उपयोगी हो सकता है। यह पावरफुल AI चैटबॉट है जो रियल-टाइम जानकारी और स्रोतों के साथ जवाब देता है। यह उन लोगों के लिए आदर्श है, जो सटीक जानकारी चाहते हैं। इसकी खासबात यह है कि वेब सर्च के आधार पर आपको ताजा जानकारी और सोर्स का इंफॉर्मेशन देता है। इसमें आप एक बार या बार-बार होने वाले टास्क सेट कर सकते हैं, जैसे कि मीटिंग रिमाइंडर आदि। इतना ही नहीं, अगर आप चाहें, तो इसकी मदद से व्हाट्सएप पर फॉरवर्ड किए गए स्पैम मैसेज की सत्यता की जांच कर सकते हैं। यह ChatGPT के विपरीत डिफॉल्ट रूप से रियल-टाइम जानकारी देता है। साथ ही निरंतर चैट की सुविधा मिलती है, जैसे कि ChatGPT में होता है। इसमें इमेज जनरेट कर सकते हैं साथ ही चैट में इमेज को एडिट करने की सुविधा भी मिलती है। आमतौर पर इसमें जवाब छोटे और सरल होते हैं। डिटेल आंसर के लिए आपको कमांड देना होगा। साथ ही, चैट हिस्ट्री सेव नहीं होती है।
व्हाट्सएप पर Perplexity का उपयोग कैसे करें
व्हाट्सएप पर Perplexity का उपयोग करने के लिए आप नीचे दिए गए स्टेप को फॉलो कर सकते हैंः
स्टेप-1: सबसे पहले अपने मोबाइल में +1-833-436-3285 को Perplexity के नाम से सेव कर लें ।
स्टेप-2: नंबर सेव करने के बाद इसे व्हाट्सएप पर ओपन करें।
स्टेप-3: अब चैट में कोई भी सवाल टाइप करके उसके बारे में पूछ सकते हैं।
स्टेप-4: आप इसमें टास्क सेट करने के लिए कह सकते हैं, जैसे-मुझे हर सोमवार सुबह 9 बजे रिमाइंड करो आदि। इस तरह आप व्हाट्सएप पर Perplexity एआई चैटबॉट का उपयोग कर सकते हैं।
Meta AI
Meta AI फेसबुक का AI असिस्टेंट है, जो व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक मैसेंजर में भी इंटीग्रेटेड है। यह बिना अलग नंबर सेव किए सीधे व्हाट्सएप पर काम करता है। इसमें भी आप चैटजीपीटी की तरह चैट कर सकते हैं। साथ ही, हल्की-फुल्की बातचीत या फिर स्टिकर जनरेशन के लिए कह सकते हैं। आप चाहें, तो चैट में तस्वीरें और कस्टम स्टिकर बना सकते हैं। इतना ही नहीं, आप चाहें, तो किसी भी चैट को ट्रांसलेट करने की सुविधा भी मिलती है। आपको ग्रुप चैट का सपोर्ट भी मिलती है। ग्रुप में भी @Meta AI का उपयोग कर सकते हैं। बता दें कि Meta के लेटेस्ट मॉडल Llama 4 पर आधारित है और यह पूरी तरह मुफ्त है। जवाब देने की स्पीड ChatGPT और Perplexity से बेहतर है।
व्हाट्सएप में Meta AI का उपयोग कैसे करें?
व्हाट्सएप के साथ Meta AI का उपयोग करना काफी आसान है। बस नीचे दिए गए स्टेप्स को फॉलो करना होगाः
स्टेप-1: व्हाट्सएप सर्च बार में Meta AI टाइप करें।
स्टेप-2: फिर मेटा एआई को ओपन करने बाद आप उसके साथ चैट कर सकते हैं।
स्टेप-3: वहीं किसी चैट में @Meta AI टाइप करके अपना सवाल पूछ सकते हैं।
स्टेप-4: आप चाहें, तो यहां टास्क सेट करने के लिए कह सकते हैं, जैसे कि मुझे कल दोपहर 3 बजे रिमाइंड करो आदि।
Audio to Text in WhatsApp Web
अगर आप अपने कार्यों के लिए व्हाट्सएप वेब का उपयोग करते हैं, तो यहां पर वॉयस ट्रांसक्राइब के लिए Audio to Text in WhatsApp Web एक्सटेंशन टूल का उपयोग कर सकते हैं। जहां आप वॉयस मैसेज नहीं सुन सकते, जैसे- मीटिंग, पब्लिक ट्रांसपोर्ट आदि पर तो वहां इस टूल का उपयोग कर उसे टेक्स्ट में कंवर्ट कर सकते हैं। इस टूल के फीचर की बात करें, तो इसमें सिर्फ वॉयस मैसेज को टेक्स्ट में बदलने की सुविधा ही नहीं है, बल्कि आप टेक्स्ट को कई भाषाओं में अनुवाद कर सकते हैं। इसमें हिंदी सहित 29 भाषाओं का सपोर्ट मौजूद है। Meta AI के साथ मिलकर वॉयस मैसेज का समरी तैयार कर सकते हैं।
व्हाट्सएप वेब पर Audio to Text टूल का उपयोग कैसे करें?
इस क्रोम एक्सटेंशन का व्हाट्सएप वेब पर इस्तेमाल करना आसान है। इसके लिए आप नीचे दिए गए स्टेप को फॉलो करेंः
स्टेप-1: सबसे पहले क्रोम ब्राउजर को पीसी पर ओपन करें। फिर क्रोम वेब स्टोर पर जाएं।
स्टेप-2: यहां पर आप Audio to Text in WhatsApp Web using ChatGPT को सर्च करें और इसे इंस्टॉल कर लें।
स्टेप-3: अब व्हाट्सएप वेब ओपन करें और वॉयस मैसेज चुनें।
स्टेप-4: मैसेज के नीचे ऑटो-जनरेटेड टेक्स्ट दिखेगा। आप चाहें, तो अब टेक्स्ट को कॉपी भी कर सकते हैं।
Translator for WhatsApp WebAI
यह टूल व्हाट्सएप चैट को तुरंत दूसरी भाषाओं में अनुवाद करने में मदद करता है, खासकर उन लोगों के लिए जो अलग-अलग देशों के लोगों के साथ काम करते हैं। इसमें एक उपयोगी इंटेलिजेंट स्विचिंग फीचर भी है, जिससे आप हर चैट के लिए अलग-अलग भाषा सेट कर सकते हैं। यह फीचर तब खास तौर पर फायदेमंद होता है जब आप अलग-अलग देशों के लोगों के साथ बातचीत कर रहे हैं। अगर आप नहीं चाहते कि हर बार ऑटोमैटिक ट्रांसलेशन हो, तो आप एक शॉर्टकट की भी सेट कर सकते हैं। इस शॉर्टकट को दबाते ही आपके सारे मैसेज तय समय पर ट्रांसलेट हो जाएंगे। इतना ही नहीं, आप ट्रांसलेट किया गया मैसेज उसी भाषा में वापस भेज भी सकते हैं। यह ट्रांसलेटर एक्सटेंशन फिलहाल Google Translation Engine का इस्तेमाल करता है, लेकिन आप चाहें तो अपनी पसंद के अन्य ट्रांसलेशन इंजन भी चुन सकते हैं। इस तरह आप सिर्फ एक क्लिक में अपने सभी मैसेज ऑटोमैटिकली ट्रांसलेट कर सकते हैं।
व्हाट्सएप वेब पर Translator for WhatsApp WebAI टूल का उपयोग कैसे करें?
व्हाट्सएप वेब पर इस टूल का उपयोग करने के लिए नीचे दिए गए स्टेप को फॉलो कर सकते हैंः
स्टेप-1: सबसे पहले अपनी पीसी पर क्रोम ब्राउजर को ओपन करें, फिर क्रोम वेब स्टोर पर विजिट करें।
स्टेप-2: यहां पर आप The Best Translator for WhatsApp Web सर्च करें और इसे इंस्टॉल कर लें।
स्टेप-3: अब व्हाट्सएप वेब ओपन करें और एक्सटेंशन पर क्लिक करें।
स्टेप-4: आप यहां पर अनुवाद के लिए भाषा चुन सकते हैं या फिर चाहें, तो स्मार्ट ट्रांसलेशन फीचर इनेबल कर सकते हैं।
इन AI चैटबॉट्स के साथ आप व्हाट्सएप को सिर्फ एक मैसेजिंग ऐप से कहीं ज्यादा बना सकते हैं। चाहे आपको तुरंत जवाब चाहिए, टास्क मैनेज करना हो या मजेदार स्टिकर बनाना हो, ये टूल्स आपके व्हाट्सएप एक्सपीरियंस को और शानदार बनाएंगे।
सवाल- जवाब (FAQs)
व्हाट्सएप पर AI चैटबॉट्स का उपयोग करने के लिए क्या मुझे अलग से ऐप डाउनलोड करना होगा?
नहीं, व्हाट्सएप के लिए उपलब्ध AI चैटबॉट्स जैसे ChatGPT, Perplexity और Meta AI सीधे व्हाट्सएप के अंदर काम करते हैं। आपको बस संबंधित नंबर सेव करना होगा या QR कोड स्कैन करना होगा। Meta AI के लिए किसी अलग नंबर की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह व्हाट्सएप में पहले से इंटीग्रेटेड है।
क्या व्हाट्सएप पर ChatGPT और Perplexity का उपयोग मुफ्त है?
हां, ChatGPT और Perplexity के फ्री वर्जन व्हाट्सएप पर उपलब्ध हैं, लेकिन इनमें उपयोग की सीमाएं हो सकती हैं। प्रीमियम फीचर्स जैसे अनलिमिटेड इमेज जनरेशन, फाइल अपलोड और रियल-टाइम इनसाइट्स के लिए आपको प्रो या प्लस सब्सक्रिप्शन लेना होगा। Meta AI पूरी तरह मुफ्त है और इसमें कोई उपयोग सीमा नहीं है।
क्या मैं इन AI चैटबॉट्स का उपयोग ग्रुप चैट में कर सकता हूं?
हां, Meta AI ग्रुप चैट में उपयोग के लिए उपयुक्त है। आप ग्रुप चैट में @Meta AI टाइप करके सवाल पूछ सकते हैं या स्टिकर जनरेट कर सकते हैं। हालांकि ChatGPT और Perplexity मुख्य रूप से व्यक्तिगत चैट के लिए डिजाइन किए गए हैं और ग्रुप चैट में इनका उपयोग सीमित हो सकता है।
क्या मैं इन चैटबॉट्स के साथ इमेज या स्टिकर जनरेट कर सकता हूं?
हां, ChatGPT और Perplexity इमेज जनरेशन की सुविधा देते हैं। ChatGPT में /imagine कमांड का उपयोग करें और Perplexity में भी इमेज जनरेट करने का विकल्प है। Meta AI तस्वीरें और कस्टम स्टिकर बनाने में सबसे अच्छा है, खासकर मजेदार और क्रिएटिव उपयोग के लिए।
क्या इन AI बॉट्स से टास्क या रिमाइंडर सेट कर सकते हैं?
हां, Perplexity और Meta AI से आप एक बार या बार-बार होने वाले टास्क सेट कर सकते हैं। बस टास्क का डिटेल बताएं और बॉट आपको व्हाट्सएप नोटिफिकेशन के जरिए रिमाइंड करेगा।
क्या ये AI बॉट्स संवेदनशील कार्यों के लिए सुरक्षित हैं?
नहीं, आपका डेटा AI के API सर्वर पर शेयर हो सकता है और मॉडल ट्रेनिंग के लिए उपयोग हो सकता है। प्राइवेसी के लिए व्यक्तिगत या संवेदनशील जानकारी साझा न करें। कुछ ऐप्स डेटा ट्रेनिंग से ऑप्ट-आउट का विकल्प देते हैं।
क्या ये बॉट्स पढ़ाई में मदद कर सकते हैं, जैसे- PDF समरी या राइटिंग में?
हां, ChatGPT और Perplexity PDF टेक्स्ट का समरी बना सकते हैं और निबंध लेखन में मदद कर सकते हैं। फ्री वर्जन में आपको टेक्स्ट कॉपी-पेस्ट करना होगा, क्योंकि फाइल अपलोड की सुविधा नहीं है।
AI बॉट में चैट कैसे डिलीट करें?
किसी चैटबॉट के साथ हुई बातचीत को हटाने के लिए आप बस उस चैट पर जाएं और चैट को सलेक्ट करके डिलीट कर सकते हैं। इससे उस चैटबॉट के साथ की गई सारी बातचीत हट जाएगी। अगर आप चैटबॉट को पूरी तरह से हटाना चाहते हैं, तो आप उस कॉन्टैक्ट को अपने व्हाट्सएप से डिलीट कर सकते हैं या ब्लॉक भी कर सकते हैं। इससे वह चैटबॉट अब आपको कोई मैसेज नहीं भेज पाएगा।























