12000 mAh बैटरी वाले OPPO फोन की तस्वीर आई सामने, देखें कैसा है यह डिवाइस

कल ही खबर आई थी कि vivo 12000mAh बैटरी वाला स्मार्टफोन लेकर आ रहा है। वहीं, आज की खबर ओपो यूजर्स के लिए है। खबर है कि चीनी मोबाइल फोन निर्माता कंपनी OPPO भी 12000 mAH बैटरी वाला फोन बना रही है। सबसे खास बात कही जा सकती है कि इस फोन का लुक भी सामने आ गया है। हाल ही में चीन की मोबाइल सर्टिफिकेशन साइट MIIT पर OPPO PNC110 की तस्वीर आई है और माना जा रहा है कि यह फोन 12000 mAh की बैटरी के साथ उपलब्ध होगा। क्योंकि कुछ दिन पहले इस मॉडल के कुछ स्पेसिफिकेशन सामने आए थे, जिससे इस बात का अंदाजा मिला था कि कंपनी 12000 mAh बैटरी वाला फोन लेकर आ रही है। वहीं, अब इस फोन का लुक सामने आ गया है। हालांकि, कंपनी ने अब तक इस फोन के नाम से पर्दा नहीं उठाया है।
कैसा है OPPO का 12000mAh बैटरी वाला फोन
तस्वीर में आप देख सकते हैं कि OPPO PNC110 को लाइट पर्पल यानी हल्के बैंगनी रंग में पेश किया गया है। फोन के बैक पैनल में बड़ा-सा कैमरा ब्रैकेट है। ऐसा डिजाइन हम पहले भी ओप्पो और वीवो फोन में देख चुके हैं। कैमरा ब्रैकेट पर आपको तीन कैमरा सेंसर मिलेंगे, जबकि थोड़ी दूरी पर एलईडी फ्लैश को साफ देखा जा सकता है।
पिछले पैनल पर ही AI CAMERA SYSTEM साफ शब्दों में लिखा है। ऐसे में कहा जा सकता है कि यह फोन एआई फीचर्स से लैस होगा।
वहीं, दूसरी फोटो देखें तो बाएं पैनल पर कुछ भी नहीं है, लेकिन दाएं पैनल पर आप पावर और वॉल्यूम बटन को देख सकते हैं। ऐसे में अंदाजा लगा सकते हैं कि निचले पैनल में सिम स्लॉट और यूएसबी पोर्ट होगा।
हां! फ्रंट यानी कि सामने की तस्वीर देखते हैं तो आपको पूरी तरह से काली स्क्रीन नजर आती है। ऐसे में हम आशा कर सकते हैं कि कंपनी इसे एमोलेड स्क्रीन और पंच होल डिस्प्ले से लैस कर सकती है।
ओप्पो PNC110 पुराने लीक के अनुसार
जैसा कि हमने पहले भी बताया था कि Oppo PNC110 पहले भी सर्टिफिकेशन साइट पर लिस्ट हुआ था, जहां फोन में 11,640mAh रेटेड बैटरी की जानकारी दी गई थी। यही वजह है कि उम्मीद की जा रही है कि इस फोन में 12,000mAh कैपेसिटी वाली बैटरी होगी। रही बात फोन के नाम की तो अब तक कंपनी ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन कुछ महीने पहले ही ओपो द्वारा A-सीरीज में 10,000mAh बैटरी वाला फोन लॉन्च किया गया था। ऐसे में आशा है कि यह फोन भी ओपो ए सीरीज में ही आएगा।
गौरतलब है कि MIIT चीन की मिनिस्ट्री ऑफ इंडस्ट्री एंड इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की वेबसाइट है। इस वेबसाइट पर वे सभी फोन लिस्ट होते हैं, जिन्हें चीन में लॉन्च किया जाना होता है। लॉन्च से कुछ माह पहले ये फोन यहां सर्टिफिकेशन के लिए आते हैं और उसके बाद लॉन्च किए जाते हैं।
सोर्स: androidtreasure