31 दिनों की वैलिडिटी के साथ Vi ने लॉन्च किए दो नए मोबाइल रिचार्ज प्लान, सिर्फ 195 रुपये में मिलेगा पूरा महीना

इंडियन टेलीकॉम इंडस्ट्री की उठापटक किसी से छिपी नहीं है। एक ओर जहां Reliance Jio, Airtel और Vi अपने आप को दूसरे से बेहतर बता रहे हैं। वहीं दूसरी ओर भारतीय मोबाइल यूजर अपनी टेलीकॉम कंपनियों की मनमानी से परेशान होकर बुलंदी से आवाज भी उठा रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से इंडियन यूजर्स की मांग थी कि 28 दिन का महीना बनाने वाली दूरसंचार कंपनियां 28 दिनों की जगह पर 30 और 31 दिनों की वैधता वाले मोबाइल रिचार्ज प्लान्स लेकर आए। TRAI की फटकार के बाद इस कंपनियों ने कुछ बदलाव भी किए हैं और इसी कड़ी में अब Vodafone Idea यानी Vi नए मंथली प्लान्स लेकर आई है जिनमें 31 दिनों की वैलिडटी मिलती है। ये दोनों रिचार्ज पैक 195 रुपये और 319 रुपये के हैं।
Vi Rs. 195 Plan
वोडाफोन आइडिया का यह मोबाइल रिचार्ज प्लान 195 रुपये का है जो प्रीपेड ग्राहकों के लिए पेश किया गया है। इस प्लान की सबसे बड़ी खूबी यही है कि यह वीआई प्लान 31 दिनों की वैलिडिटी के साथ लॉन्च किया गया है। इसके अलावा उपभोक्ताओं को मिलने वाले बेनिफिट्स की बात करें तो कंपनी की ओर से यूजर्स को अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग दी जा रही हैं जो पूरे महीने के लिए हर नेटवर्क पर फ्री रहेगी। इसी तरह कंपनी की ओर से इस प्लान में 31 दिनों के लिए कुल 300एसएमएस दिए जा रहे हैं।
इंटरनेट डाटा की बात करें तो Vi Users को 31 दिनों के लिए कुल 2 जीबी 4जी डाटा दिया जाएगा। यह डाटा बिना किसी डेली लिमिट का आएगा जिसका यूज़ 31 दिनों के भीतर कभी भी किया जा सकेगा। 2जीबी डाटा खत्म होने के बाद 50पैस प्रति एमबी की दर से इंटरनेट चलाया जा सकेगा। हां, इंटरनेट का यूज़ ज्यादा करने वाले उपभोक्ताओं के लिए यह प्लान कुछ ज्यादा फायदेमंद नहीं है लेकिन जो लोग अपना नंबर चालू रखना चाहते हैं उन्हें 195 रुपये वाला वीआई प्लान पसंद का सकता है।
Vi Rs. 319 Plan
वीआई का 319 रुपये वाला यह मोबाइल प्लान भी 31 दिनों की वैलिडिटी के साथ आया है जिसका फायदा कंपनी के प्रीपेड ग्राहकों को मिलेगा। कॉलिंग बेनिफिट्स इसमें 195 रुपये प्लान के जैसे ही हैं। वीआई यूजर्स पूरे देश में किसी भी नेटवर्क पर अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग का लुफ्त उठा सकते हैं। ये कॉल रोमिंग के दौरान भी पूरी तरह से फ्री रहेगी। वहीं कंपनी की ओर से इस प्लान में 100 एसएमएस प्रतिदिन भी प्रदान किए जाएंगे।
इंटरनेट बेनिफिट के लिए वीआई अपने इस रिचार्ज पैक में हर दिन 2 जीबी इंटरनेट डाटा दे रही है। 2जीबी प्रतिदिन के हिसाब से मोबाइल यूजर्स को कुल 62 जीबी इंटरनेट पूरे प्लान के दौरान प्राप्त होगा। ऐसे प्रीपेड वीआई यूजर जो अपने मोबाइल पर पूरी तरह से सक्रिय रहते हैं उनके लिए 319 रुपये वाल यह प्लान काफी बेहतर है कि जिसमें एक बार के रिचार्ज में ही पूरे महीने के लिए इंटरनेट डाटा, कॉलिंग व एसएमएस समेत कंपनी द्वारा दिए जा रहे अन्य फायदे भी प्राप्त होंगे।