
POCO C81 और POCO C81x हाल ही में इंडिया में लॉन्च हुए हैं जिन्हें सिर्फ 9,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर खरीदा जा सकता है। इन लो बजट स्मार्टफोंस के भारतीय बाजार में उपलब्ध होने के बाद अब कंपनी इसी सीरीज का ‘प्रो’ मॉडल ले आई है। ब्रांड की ओर से POCO C81 Pro पेश कर दिया गया है। यह भी एक लो बजट मोबाइल फोन है जो ग्लोबल मार्केट में अनाउंस हुआ है। फोन में बड़ी 6000mAh battery, 8GB RAM (4जीबी+4जीबी) सहित एंट्री लेवल स्पेसिफिकेशन्स मौजूद हैं।
सबसे पहले कीमत की बात करें तो पोको सी81 प्रो का प्राइस $99 डॉलर से शुरू होता है। इंडियन करंसी अनुसार यह रेट 9,329 रुपये के करीब है जिसमें 4GB RAM + 64GB Storage दी गई है। वहीं मोबाइल के 4GB RAM + 128GB Storage वेरिएंट को $109 डॉलर और 4GB RAM + 256GB Storage वेरिएंट को $129 में लॉन्च किया गया है। यह प्राइस 10,279 रुपये और 12,159 रुपये के करीब है। विदेशी बाजार में यह सस्ता स्मार्टफोन Black, Green और Gold कलर्स में बिकेगा।
फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो POCO C81 Pro 4G स्मार्टफोन एंड्रॉयड 15 पर लाया गया है जो HyperOS 3.0 के साथ मिलकर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस मोबाइल में Unisoc T7250 चिपसेट दिया गया है। यह 12एनएम फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 1.6गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 1.8गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है।
पोको सी81 प्रो एक्सपेंडेबल रैम टेक्नोलॉजी से लैस है। यह तकनीक मोबाइल की 4जीबी फिजिकल रैम में 4जीबी वचुर्अल रैम जोड़कर इसे 8GB RAM की ताकत (4जीबी+4जीबी) देती है। ग्राहकों को इस सस्ते पोको फोन में LPDDR4X RAM तकनीक मिलेगी। बताते चलें कि इस मोबाइल को कंपनी 48 महीने के लैगफ्री एक्सपीरियंस के साथ लेकर आई है। वहीं ग्राफिक्स के लिए Mali-G57 GPU दिया गया है।
पोको के इस सस्ते स्मार्टफोन की सबसे बड़ी खूबी इसकी बड़ी बैटरी है। पावर बैकअप के लिए सी81 प्रो 4जी मोबाइल को तगड़ी 6000एमएएच बैटरी से लैस कर ग्लोबल मार्केट में उतारा गया है। ब्रांड की मानें तो 1000 बार चार्ज करने के बाद भी फोन की बैटरी हेल्थ 80% तक मेंटेन रह सकती है। पोको के अनुसार फुल चार्ज के बाद इस फोन में लगातार 19 घंटे तक वीडियोज़ देखी जा सकती हैं।
POCO C81 Pro 4G स्मार्टफोन 1600 x 720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.9-इंच की एचडी स्क्रीन पर लॉन्च किया गया है। यह एलसीडी पैनल पर बनी वॉटरड्रॉप नॉच डिस्प्ले है जिसपर फास्ट स्क्रॉलिंग एक्सपीरियंस के लिए 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट का सपोर्ट दिया है। इस फोन स्क्रीन पर 650निट्स लोकल ब्राइटनेस सहित फ्लिकर फ्री और लो ब्लू लाइट सर्टिफिकेशन जैसे फीचर्स भी मिलेेंगे।
फोटोग्राफी के लिए यह पोको फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/2.2 अपर्चर वाला 13 मेगापिक्सल मेन कैमरा दिया गया है जो सेकेंडरी एआई लेंस के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए पोको सी81 प्रो 8 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
पोको सी81 प्रो 4जी फोन Wet Touch 2.0 तकनीक से लैस है जिसके चलते गीले हाथों से भी स्मार्टफोन स्क्रीन पर बिना परेशानी का किया जा सकता है। फोन अनलॉक करने के लिए इसके साइड पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर इम्बेडेड पावर बटन दिया गया है। वहीं मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 15W फास्ट चार्जिंग तकनीक का सपोर्ट मौजूद है।
POCO C81 Pro 4G मोबाइल में 200% सुपर वॉल्यूम मोड मिलता है जो धमाकेदार साउंड दे सकता है। वहीं हल्की-फुल्की पानी की बौछारों के बचाने के लिए इसे IP52 रेटिंग के साथ लाया गया है। कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi और Bluetooth 5.2 सहित NFC का सपोर्ट भी दिया गया है। फोन में 3.5mm हेडफोन जैक भी लगा है। ग्राहकों को इसमें Google Gemini और Circle to Search जैसे एआई फीचर्स भी मिलेंगे।













