
हुआवई ने पिछले सप्ताह ही टीज़ कर दिया था कि वह अपनी ‘नोवा 15’ सीरीज का नया स्मार्टफोन Huawei Nova 15 Max लेकर आ रही है। वहीं अब कंपनी ने आधिकारिक तौर पर इस अपकमिंग मोबाइल की लॉन्च डेट अनाउंस कर दी है। हुआवई नोवा 15 मैक्स 7 मई को लॉन्च होगा। इस दिन कंपनी थाईलैंड में बड़े ईवेंट का आयोजन करेगी जिसके मंच से यह नया मोबाइल फोन ग्लोबल मार्केट में उतारा जाएगा।
Huawei Nova 15 Max इस सीरीज में शामिल होने वाला चौथा स्मार्टफोन मॉडल होगा। इस मोबाइल से पहले कंपनी सीरीज में Huawei Nova 15, Nova 15 Pro और Nova 15 Ultra लॉन्च कर चुका है। ये तीनों डिवाइस चाइना में सेल के लिए उपलब्ध हैं और अब नोवा 15 मैक्स ग्लोबल मार्केट में उतारा जाएगा। कंपनी की ओर इस स्मार्टफोन की लुक और डिजाइन सहित कई अहम फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी भी दे दी गई है।
हुआवई नोवा 15 मैक्स की बड़ी खूबी इसमें दी जाने वाली ताकतवर बैटरी होगी। कंपनी की ओर से बता दिया गया है कि पावर बैकअप के लिए इस मोबाइल को 8500mAh बैटरी से लैस कर बाजार में उतारा जाएगा। यह सीरीज का सबसे बड़ी बैटरी वाला फोन बनकर आ रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले वाले नोवा 15 प्रो और अल्ट्रा मॉडल को कंपनी 6500mAh बैटरी पर लाई थी और नोवा 15 में 6000mAh बैटरी दी गई थी।
सीरीज के मौजूद तीनों स्मार्टफोन मॉडल 100वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक सपोर्ट करते हैं। ऐसे में उम्मीद कर सकते हैं कि अपकमिंग हुआवई नोवा 15 मैक्स को भी 100W चार्जिंग टेक्नोलॉजी के साथ लाया जा सकता है। वहीं इस मोबाइल को कंपनी वायरलेस चार्जिंग से भी लैस कर सकती है और Nova 15 Max में रिवर्स चार्जिंग का सपोर्ट भी दिया जा सकता है।
Huawei Nova 15 Max 5G फोन को ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप पर लॉन्च किया जाएगा। इस मोबाइल में 50 मेगापिक्सल मेन कैमरा दिया जाएगा जो RYYB सेंसर होगा। बताते चलें कि आरवाईवाईबी सेंसर अंधेरे या लो लाइट कंडिशन में भी बेहतर लाइट कैप्चर कर सकता है और साथ ही नाइट फोटोग्राफी में नॉयज भी कम कैप्चर करता है। RYYB सेंसर RGB सेंसर की तुलना में ग्रीन कलर पिक्सल को येलो कलर पिक्सल में तब्दील करता है जिससे इमेज प्रोसेसिंग बेहतर हो जाती है।
फोन के अन्य फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो अपकमिंग हुआवई फोन को ब्रांड के ही Kirin 8000 चिपसेट पर लॉन्च किया जा सकता है। यह 7नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 1.8गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.4गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। ग्लोबल मार्केट में कंपनी इस फोन को HarmonyOS 6 पर ला सकती है।
हुआवई नोवा 15 मैक्स 5जी फोन को 6.84-इंच की 1.5K डिस्प्ले पर लॉन्च किया जा सकता है। यह OLED पैनल पर बनी स्क्रीन बताई जा रही है जिसपर 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट, 2160Hz PWM डिमिंग और 4000निट्स पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट मिल सकता है। यह मोबाइल इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक भी सपोर्ट करेगा और साथ ही आई केयर मोड भी मिल सकता है। Huawei Nova 15 Max की कंफर्म स्पेसिफिकेशन्स और प्राइस के लिए 7 मई का इंतजार करना होगा।












