
Realme अपनी अगली नंबर सीरीज लेकर आ सकता है। इसमें Realme 17 Pro और Realme 17 Pro+ के साथ एक और स्मार्टफोन Realme 17T भी पेश किया जा सकता है। इसे लेकर 91mobiles ने टिप्स्टर Sudhanshu के साथ मिलकर Realme 17T 5G की एक्सक्लूसिव लाइव इमेज शेयर की हैं। इन तस्वीरों में फोन का फ्रंट और रियर डिजाइन देखने को मिला है। जिसके बारे में आप आगे विस्तार से पढ़ सकते हैं।
Realme 17T 5G का डिजाइन आया सामने
Realme 17T 5G की लाइव इमेज से इसके डिजाइन की जानकारी सामने आई है। फोन के फ्रंट में पंच-होल सेल्फी कैमरा दिया गया है। इसके डिस्प्ले के चारों तरफ पतले बेजल देखने को मिलते हैं। खासतौर पर नीचे की तरफ का बेजल पिछले मॉडल Realme 16T के मुकाबले पतला नजर आ रहा है।
Realme 17T 5G फोन के बैक पैनल पर स्क्वायर शेप का कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। हालांकि, इसका डिजाइन Realme 16T से थोड़ा अलग है। नए मॉडल में कैमरा सेंसर और LED फ्लैश को दो छोटे हॉरिजॉन्टल पिल शेप में रखा गया है। वहीं, Realme 16T में ये एलिमेंट्स अलग-अलग दिखाई देते हैं। इससे नए फोन का कैमरा मॉड्यूल ज्यादा यूनिफॉर्म नजर आता है।सामने आई तस्वीरों में Realme 17T 5G ब्लैक कलर में दिखाई दे रहा है। हालांकि, लॉन्च के समय कंपनी इसके अन्य कलर ऑप्शन भी पेश कर सकती है।
Realme 17T 5G के संभावित स्पेसिफिकेशंस
फिलहाल Realme 17T 5G के स्पेसिफिकेशंस को लेकर जानकारी सामने नहीं आई है। उम्मीद है कि नया स्मार्टफोन पिछले मॉडल Realme 16T के मुकाबले कुछ अपग्रेड के साथ आएगा। बता दें कि Realme 16T में 6.8-इंच की LCD HD+ डिस्प्ले दी गई है। जो 144Hz रिफ्रेश रेट और 1,200 निट्स की पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है।
परफॉरमेंस के लिए Realme 16T में MediaTek Dimensity 6300 प्रोसेसर दिया गया है। कैमरा की बात करें तो फोन में 50MP का रियर कैमरा और 16MP का फ्रंट कैमरा मिलता है। वहीं, इसमें 8,000mAh की बैटरी दी गई है। जो 45W चार्जिंग सपोर्ट करती है।
Realme 17T को अपकमिंग Realme 17 Pro और Realme 17 Pro+ के मुकाबले किफायती विकल्प के तौर पर पेश किया जा सकता है। ऐसे में यह उन यूजर्स को लुभा सकता है जो कम प्राइस में इसी लाइनअप का डिवाइस देख रहे हैं। हालांकि इसके आने में वक्त लग सकता है। हम आपको आगे भी अपडेट देते रहेंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।









