
BGMI खेलने वाले गेमर्स के लिए बड़ी खबर सामने आई है। Krafton India ने अनाउंस कर दिया है कि यह भारत में अपने मोबाइल गेम को नए रंग रूप में पेश करने जा रही है। दरअसल कंपनी की ओर से बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया एयर वर्जन की इंडिया लॉन्च डेट अनाउंस कर दी गई है। क्राफ्टन ने बता दिया है कि BGMI Air 10 दिसंबर को भारतीय बाजार में उतार दिया जाएगा। इस गेम की टेस्टिंग पूरी होने के बाद यह खेलने के लिए तैयार हो जाएगा।
BGMI Air कब आएगा
Krafton India की ओर से घोषणा कर दी गई है कि BGMI Air इंडिया में 10 दिसंबर को रिलीज हो जाएगा। आधिकारिक लॉन्च से पहले इस गेम की Closed Beta Testing की जाएगी जो 20 नवंबर से 24 नवंबर के बीच चलेगी। देश के मुख्य शहरों में चुनिंदा गेमर्स बीजीएमआई एयर पहले खेल पाएंगे और इससे जुड़ा अपना अनुभव व फीडबैक कंपनी के साथ शेयर कर सकेंगे।

BGMI Air क्या है
बीजीएमआई एयर मौजूदा Battlegrounds Mobile India यानी BGMI का हल्का वर्जन बनकर आ रहा है। यह गेम खासतौर पर उन लोगों के लिए तैयार किया गया है जो कम रैम व स्टोरेज वाले फोन चलाते हैं और सस्ते स्मार्टफोन में BGMI का स्मूथ एक्सपीरियंस पाना चाहते हैं। गौरतलब है कि 10 दिसंबर को लॉन्च होने वाला BGMI Air कंपनी द्वारा पहले लाए गए BGMI Lite का ही दूसरा नाम है।
प्राप्त जानकारी अनुसार BGMI Air को डाउनलोड साइज 1GB के करीब रखा जाएगा। छोटी फाइल होने के चलते यह मोबाइल में ज्यादा स्टोरेज नहीं घेरेगा। वहीं कम रैम पर भी बीजीएमआई लैग-फ्री रन कर सकेगा। यह बैटल रॉयल गेम Google Play पर प्री-रजिस्ट्रेशन के लिए उपलब्ध कराया जा रहा है और कंपनी Krafton India की मानें तो अब तक तकरीबन 1.4 करोड़ से ज्यादा लोग इसे प्री-रजिस्टर कर चुके हैं।

BGMI Air को लेकर कहा जा रहा है कि इस गेम को खेलने से पहले किसी तरह के Forced Package Download की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस मोबाइल गेम को डायरेक्ट इंस्टाल कर खेला जा सकेगा। दिलचस्प बात यह है कि कोई भी शख्स अपने स्मार्टफोन में मेन BGMI और BGMI Air दोनों गेम्स की ऐप को एक साथ रख सकता है। वहीं बीजीएमआई प्लेयर्स अपने मौजूदा गेम और अकाउंट को भी नए बीजीएमआई एयर में इस्तेमाल कर सकेंगे।









