iQOO I2606 (संभावित iQOO 16R/16s) Geekbench पर लिस्ट, Snapdragon 8s Gen 4 और Android 17 का खुलासा

Join Us icon

iQOO अपनी नंबर स्मार्टफोन सीरीज में एक और मॉडल पेश कर सकता है। क्योंकि कंपनी का एक नया फोन मॉडल नंबर I2606 के साथ Geekbench पर लिस्ट हुआ है। इस लिस्टिंग में फोन के प्रोसेसर, RAM और Android वर्जन की जानकारी सामने आई है। इसे iQOO 16R या iQOO 16s नाम से लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि फिलहाल इसके नाम को लेकर कंफर्म जानकारी नहीं है। खास बात है कि फोन में Snapdragon 8s Gen 4 चिपसेट मिलने की जानकारी सामने आई है। जो पिछले iQOO 15R में दिए गए प्रोसेसर से अलग है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।

iQOO 16R/16s के स्पेसिफिकेशंस गीकबेंच

Geekbench लिस्टिंग के अनुसार, iQOO के इस अपकमिंग फोन में Qualcomm Snapdragon 8s Gen 4 प्रोसेसर दिया जा सकता है। चिपसेट का मॉडल नंबर SM8735 बताया गया है और इसके साथ Adreno 825 GPU मिल सकता है। टेस्टिंग के दौरान फोन ने सिंगल-कोर में 1,775 और मल्टी-कोर टेस्ट में 6,680 अंक हासिल किए हैं।

लिस्टिंग में डिवाइस को 12GB RAM और Android 17 के साथ देखा गया है। Snapdragon 8s Gen 4 एक ऐसा चिपसेट है, जिसका इस्तेमाल OnePlus Nord 6, Nothing Phone 3, POCO F7 और iQOO Neo 10 जैसे स्मार्टफोंस में भी किया गया है।

टिप्स्टर Gadgetsdata के अनुसार, फोन में 1.5K फ्लैट OLED डिस्प्ले, LPDDR5X RAM और UFS 4.1 स्टोरेज मिल सकता है। फोटोग्राफी के लिए इसमें 50MP का मेन कैमरा दिए जाने की उम्मीद है। फोन में करीब 9000mAh की बड़ी बैटरी और 100W फास्ट चार्जिंग, मेटल फ्रेम और IP69 रेटिंग मिलने की बात भी कही गई है। हालांकि, ये सभी जानकारियां अभी लीक पर आधारित हैं।

iQOO 15R के मुकाबले प्रोसेसर में बदलाव?

अगर I2606 को भारत में iQOO 16R नाम से लॉन्च किया जाता है, तो इसके प्रोसेसर को लेकर सवाल उठ सकते हैं। दरअसल, भारत में फरवरी 2026 में लॉन्च हुए iQOO 15R की शुरुआती कीमत 44,999 रुपये थी। इसमें Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर, 6.59-इंच 1.5K AMOLED डिस्प्ले, 7600mAh बैटरी और 100W चार्जिंग दी गई है।

इसके मुकाबले नए फोन में Snapdragon 8s Gen 4 चिपसेट मिलने की बात सामने आई है, जो चिपसेट की कैटेगरी के लिहाज से 15R में मौजूद Snapdragon 8 Gen 5 से लोअर वर्जन है। हालांकि, कथित 9000mAh बैटरी नए मॉडल की एक बड़ी खासियत हो सकती है। ऐसे में iQOO को परफॉरमेंस के साथ बैटरी और कीमत के बीच सही तालमेल बनाना होगा। गेमिंग और हाई परफॉरमेंस को ज्यादा पसंद करने वाले यूजर्स के लिए प्रोसेसर का यह बदलाव खास मायने रख सकता है।

iQOO 16R या iQOO 16s: क्या होगा फोन का नाम?

इस आगामी डिवाइस का नाम फिलहाल कंफर्म नहीं है। मॉडल नंबर I2606 पहले कुछ लिस्टिंग में iQOO 16R नाम से सामने आया था, जबकि मलेशिया की SIRIM सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर इसे iQOO 16s के नाम से देखा गया है। टिप्स्टर Gadgetsdata का दावा है कि ‘s’ ब्रांडिंग के साथ आने वाला मॉडल करीब 6.3-इंच डिस्प्ले वाला कॉम्पैक्ट फोन हो सकता है। अगर ऐसा होता है, तो यह iQOO के लिए एक नए स्क्रीन साइज सेगमेंट में एंट्री हो सकती है। हालांकि, इस दावे की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

भारत में लॉन्च होने की उम्मीद

iQOO I2606 को 11 नवंबर को भारत की BIS सर्टिफिकेशन वेबसाइट पर भी देखा गया था। इसके साथ फोन मलेशिया की SIRIM वेबसाइट पर लिस्ट हुआ है। ये सर्टिफिकेशन भारत और दूसरे बाजारों में लॉन्च की संभावना बढ़ा रहे हैं, लेकिन इनसे फोन का फाइनल नाम, कीमत या लॉन्च होने की पुष्टि नहीं होती है। इसके लिए आगे के अपडेट का वेट करना होगा।

आखिर में आपको बताते चलें कि नया iQOO फोन बड़ी बैटरी और संभावित कॉम्पैक्ट डिजाइन के कारण बढ़िया विकल्प हो सकता है, लेकिन अगर इसमें iQOO 15R से लोअर चिपसेट मिलता है तो यह ग्राहकों के लिए निराशा भरा हो सकता है। यदि आप आगामी फोन लेना चाहते हैं तो नाम, कीमत और आधिकारिक खूबियों के सामने आने तक इंतजार कर सकते हैं। हम आपको आगे भी अपडेट देंगे। 91मोबाइल्स के साथ जुड़े रहें।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here