
कुछ दिनों पहले ही खबर आई थी कि Facebook इंडिया में Reliance Jio में कुछ इंटरस्ट दिखा है। चर्चा उठी थी कि इन दोनों ही कंपनियों के बीच किसी प्रोजेक्ट को लेकर बातचीत भी चल रही है। वहीं आज एक ऐसी ही चौकाने वाली खबर आई है जिसमें कहा गया है कि ये दोनों ही कंपनियां मिल कर एक ऐप पर काम कर रही है जिसे मल्टी-परपज ऐप्लिकेशन के रूप में लॉन्च किया जाएगा। कहा जा रहा है कि यह ऐप सोशल मीडिया व चैटिंग तथा कॉलिंग से लेकर डिजिटल पेमेंट, होटल व ट्रैवल बुकिंग तथा गेमिंग जैसे फीचर्स से लैस होगी।
Reliance Jio और Facebook से जुड़ी इस खबर में बताया गया है कि ये दोनों ही कंपनियां मिलकर एक सुपर ऐप लाने की योजना बना रही है जो काफी हद तक चीनी ऐप WeChat के जैसी होगी। रिपोर्ट में बताया गया है कि इस ऐप के लिए Whatsapp से जुड़े यूजर बेस का उपयोग किया जा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार फेसबुक और रिलायंस इंडस्ट्रीज़ द्वारा निर्मित यह ऐप सिर्फ एक कम्युनिकेशन प्लेटफॉर्म नहीं होगा बल्कि इस ऐप पर यूजर Reliance Store से ग्रॉसरी खरीद सकेंगे, ajio.com से शॉपिंग कर सकेंगे और Jio Money के जरिए पेमेंट भी कर सकेंगे।
Facebook Jio का जोड़
गौरतलब है कि पिछले महीने खबर सामने आई थी कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व कई ऐप्स का अधिकार रखने वाली कंपनी फेसबुक रिलायंस जियो में निवेश करना चाहती है और यह निवेश अरब करोड़ की बड़ी राशि का होगा। मीडिया रिपोर्ट्स संशय जताया जा रहा है कि या तो फेसबुक रिलायंस जियो और रिलायंस रिटेल में निवेश करेगी और या फिर Facebook और Jio दोनों मिलकर एक अलग कंपनी का निर्माण करेंगे और उसी कंपनी ने निवेश करके नए बैनर के तले अपनी योजना को अजांम देंगे। यह खबर भी है कि फेसबुक रिलायंस जियो में निवेश करते हुए कंपनी का 10 प्रतिशत तक हिस्सा ले सकती है।

रिपोर्ट के अनुसार दोनों ही कंपनियां खुफिया तरीके के अपने प्रोजक्ट पर काम कर रही है। बताया जा रहा है कि नए प्रोजेक्ट को कई हिस्सों में बॉंट दिया गया है जिसके चलते कमर्शियल व फाइनेंस मुद्दों पर काम करने वाले लोगों को टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में हो रहे काम की कोई जानकारी नहीं है। इस स्थिति में ऐप का निर्माण किस स्टेज पर पहुॅंच चुका है यह उसमें किन किन सर्विसेज़ का इस्तेमाल किया जाएगा यह डिटेल सामने नहीं आई है। वहीं कोरोना वायरस के चलते ही इस प्रोजेक्ट की गति धीमी हो गई है।
ऐप में होंगे ये फीचर्स
Jio और Facebook द्वारा बनाई जा रही है इस ऐप को मल्टी-परपज सुपर ऐप कहा जा रहा है जिसमें सोशल मीडिया, डिजिटल पेमेंट, गेमिंग और बुकिंग जैसे फीचर्स शामिल होंगे। रिपोर्ट की मानें तो इस ऐप पर व्हाट्सऐप की तरह चैटिंग कर पाएंगे और आडियो व वीडियो कॉलिंग का लाभ उठा पाएंगे। इसके साथ ही ऐप का अपना डिजीटल वॉलेट भी होगा जिसके जरिये मोबाइल रिचार्ज, फ्लाईट, होटल व टिकट बुकिंग इत्यादि कर सकेंगे। इसके साथ ही रिलांयस की विभिन्न ईकाइयां भी इस ऐप से जुड़ी रहेंगी और उनका फायदा भी फेसबुक व जियो की इस ऐप से मिलेगा। बहरहाल जब तक दोनों कंपनियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया जाता है तब तक हम तमाम जानकारियों को महज़ एक लीक ही मान रहे हैं।





















