
Ai+ ने कुछ ही दिनों पहले इंडिया में सस्ता 5जी फोन Nova 2 Ultra इंडिया में लॉन्च किया है। यह मोबाइल आज से ठीक 10 दिन पहले 17 अप्रैल को भारतीय बाजार में सेल के लिए उपलब्ध हुआ था। वहीं अब दस दिनों के भीतर इस स्मार्टफोन की कीमत में 2,000 रुपये की वृद्धि हो गई है। कंपनी ने फोन की कीमत में सीधे दो हजार रुपये की बढ़ोतरी की है जो मोबाइल के सभी मेमोरी वेरिएंट्स पर लागू हो गई है। प्राइस हाइक के बाद यह सस्ता 5जी फोन 20 हजार से उपर के बजट में चला गया है।
Ai+ Nova 2 Ultra इंडिया में दो मेमोरी वेरिएंट्स लाया गया है। इसके बेस वेरिएंट को 6GB RAM + 128GB Storage के साथ 16,999 रुपये लॉन्च किया गया था और 8GB RAM + 128GB Storage वेरिएंट 18,999 रुपये में आया था। अब इन दोनों वेरिएंट्स का प्राइस 2,000 रुपये अधिक हो गया है। इस प्राइस हाइक के साथ 6जीबी रैम वेरिएंट को 18,999 रुपये और 8GB RAM वाले 5G फोन को 20,999 रुपये में खरीदना पड़ेगा।
देखा जाए तो पहले जिस प्राइस पर 8जीबी रैम वाला फोन लॉन्च हुआ था, उस कीमत पर अब सिर्फ 6जीबी रैम वाला मोबाइल ही मिलेगा। शॉपिग साइट फ्लिपकार्ट पर Nova 2 Ultra नई कीमतों के साथ लिस्ट कर दिया गया है। नोवा 2 अल्ट्रा के साथ ही कंपनी ने Ai+ Nova 2 5G फोन की कीमत में भी यह 2,000 रुपये का ईजाफा किया है। यह मोबाइल सिर्फ 8,999 रुपये में लॉन्च हुआ था जिसका रेट बढ़कर 10,999 रुपये हो गया है।
Nova 2 Ultra के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें ते यह मोबाइल एंड्रॉयड 16 आधारित NxtQ OS पर काम करता है। प्रोसेसिंग के लिए इस स्मार्टफोन में 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना MediaTek Dimensity 7400 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है जो 2.6गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। इस फोन में LPDDR4x RAM दी गई है जो स्मूथ मल्टीटास्किंग में मदद करती है।
नोवा 2 अल्ट्रा स्मार्टफोन 2772 x 1272 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.78-इंच की 1.5K स्क्रीन पर लाया गया है। यह पंच-होल स्टाइल वाली AMOLED डिस्प्ले है जिसपर 144हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट और 2500निट्स पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलता है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए इसपर ग्लास प्रोटेक्शन लेयर दी गई है। बताते चलें कि इस मोबाइल के साइड फ्रेम पर कंपनी ने डेडिकेटेड गेमिंग बटन भी लगाए हैं।
फोटोग्राफी के लिए यह मोबाइल डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस 50 मेगापिक्सल Sony IMX752 मेन सेंसर दिया गया है जो 8 मेगापिक्सल वाइड एंगल लेंस के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 13 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा लगाया गया है।
पावर बैकअप के लिए Ai+ Nova 2 Ultra को तगड़ी 6000mAh Battery से लैस कर भारतीय बाजार में उतारा गया है। वहीं इस मोबाइल को तेजी से चार्ज करने के लिए 40W फास्ट चार्जिंग तकनीक दी गई है। यह सस्ता 5जी फोन IP68 रेटिंग के साथ आया है जो कंपनी के अनुसार 1.5मीटर गहने पानी में 30 मिनट पर पड़ा रहने के बाद भी बिना रूकावट काम कर सकता है।
Ai+ Nova 2 5G फोन में 120Hz रिफ्रेश रेट वाली 6.74-इंच की एचडी+ डिस्प्ले दी गई है। यह मोबाइल 2.3GHz तक की क्लॉक स्पीड वाले Unisoc T8200 प्रोसेसर पर काम करता है। फोटोग्राफी के लिए इसमें 50MP बैक कैमरा और 8MP फ्रंट कैमरा लगा है। वहीं पावर बैकअप के लिए इसमें भी 6,000एमएएच बैटरी दी गई है जिसके साथ 18W चार्जिंग मिलती है। ये दोनों स्मार्टफोन IP64 रेटिंग के साथ आते हैं, जिससे ये डस्ट और स्प्लैश रेसिस्टेंट बनते हैं।











