
Apple के बारे में हाल ही में खबर सामने आई थी कि कंपनी न सिर्फ भारत में अपना मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी व प्रोडक्टशन बढ़ाने जा रही है बल्कि साथ ही कंपनी के फ्लैगशिप फोन iPhone 11 का निर्माण भी इंडिया में शुरू हो चुका है। जानकारी मिली थी कि आईफोन 11 के साथ ही एप्पल आने वाले दिनों में iPhone SE 2020 भी इंडिया में ही बनाएगी। वहीं अब एप्पल से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है कि कंपनी चीन में स्थित अपनी पूरी प्रोडक्शन लाईन को बंद करके इंडिया लाने वाली है और आने वाले दिनों में सिर्फ iPhone ही नहीं बल्कि iPad, iMac और MacBook भी ‘Make In India’ होंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार Apple कंपनी चीन में मौजूद अपने प्रोडक्शन को शिफ्ट करके भारत लाना चाहती है। TOI की रिपोर्ट के मुताबिक एप्पल तकरीबन 6 प्रोडक्शन लाईन्स को चीन में बंद करके उन्हें भारत में स्थापित करने की योजना बना रही है। उम्मीद है कि इंडिया में शुरू होने वाली इन प्रोडक्शन लाइन्स पर सिर्फ आईफोन ही नहीं बल्कि आईपैड, आईमैक और मैकबुक का भी निर्माण किया जाएगा।

मिलेंगी 55,000 नौकरियां
मशहूर अमेरिकी कंपनी Apple के इंडिया में प्रोडक्शन शुरू करने से न सिर्फ पूरी दुनिया में ‘इंडिया’ निर्मित आईफोन व अन्य प्रोडक्ट्स बिकेंगे बल्कि साथ ही इन नई लाईन्स से देश में हजारों लोगों को नौकरियां भी प्राप्त होगी। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार एप्पल यदि चीन में अपना काम बंद करे उसे इंडिया में शुरू करेगी तो उम्मीद की जा सकती है कि देश में तकरीबन 55,000 नई नौकरियां शुरू होगी और बड़ी संख्या में भारतीयों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
यह भी पढ़ें : 5G से लेकर सस्ते फीचर फोन तक, जानें भारत में Jio कर रहा है कैसी तैयारी
सस्ते मिलेंगे Apple प्रोडक्ट
गौरतबल है कि Apple कंपनी भारत में अपने फ्लैगशिप फोन iPhone 11 का प्रोडक्शन शुरू कर चुकी है। iPhone 11 को इंडिया में इम्पोर्ट करने पर Apple को तकरीबन 22 प्रतिशत का आयात शुल्क चुकाना पड़ता था। इस टैक्स के भुगतान के बाद ही खर्चे के अनुसार आईफोन 11 की कीमत तय होती थी। लेकिन अब आईफोन 11 का निर्माण इंडिया में ही होने पर एप्पल को यह इम्पोर्ट ड्यूटी नहीं चुकानी पड़ेगी और इसका सीधा असर Apple iPhone 11 की कीमत पर पड़ेगा। यह कहना गलत नहीं होगा कि आने वाले दिनों में आईफोन 11 की कीमत 10,000 रुपये से भी ज्यादा सस्ती हो सकती है।
बता दें कि इस फोन को चेन्नई शहर के नजदीक चित्तूर ईलाके में स्थित प्लांट में बनाया जा रहा है। ईटी टेक की खबर के अनुसार एप्पल ने आईफोन 11 के निर्माण के लिए Foxconn से साझेदारी की है और फॉक्सकॉन ने अपने मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में iPhone 11 का प्रोडक्शन भी शुरू कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक चेन्नई व आंध्रप्रदेश के कुछ रिटेलर्स को भारत में बने एप्पल आईफोन 11 मोबाइल भी बिक्री के लिए उपलब्ध करा दिए गए हैं।





















