
स्मार्टफोन बाजार तेजी से बदल रहा है। दो दिन बाद ही मोबाइल का महाकुंभ कहा जाने वाला ‘मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस’ शुरू होने जा रहा है। एमडब्ल्यूसी 2019 में दिग्गज़ स्मार्टफोन ब्रांड्स हिस्सा लेने वाले हैं जो अपनी नई तकनीक और ताकत का प्रदर्शन करेंगे। सैमसंग ने एमडब्ल्यूसी 2019 शुरू होने से पहले ही अपनी हुंकार भर दी है और एक साथ 5 नए स्मार्टफोन लॉन्च किए हैं। इन 5 स्मार्टफोंस में सबसे ज्यादा इंतजार किया गया सैमसंग का फोल्डेबल फोन भी लॉन्च हो गया है। अपने इस फोल्डेबल फोन के साथ सैमसंग ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यह साउथ कोरियन कंपनी मोबाइल जगत की किंग है। वहीं दूसरी ओर सैमसंग बेशक किंग हो लेकिन अन्य टेक ब्रांड भी किसी बादशाह से कम नहीं हैं। और अपनी इसी बादशाहत को साबित करने के लिए शाओमी, ओपो, हुआवई और एलजी जैसी कंपनियां भी अपना फोल्डेबल फोन पेश करने जा रही है। आगे हमने ऐसे ही टॉप 5 ब्रांड्स के फोल्डेबल फोंस की जानकारी दी है जो अब स्मार्टफोन की दुनिया बदलने वाले हैं।
सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड
सबसे पहले सैमसंग की ही बात करें तो कंपनी ने कल अपने फोल्डेबल फोन को ‘गैलेक्सी फोल्ड’ नाम के साथ लॉन्च कर दिया है। इस फोन में 7.3-इंच की स्क्रीन दी गई है जो फोल्ड होने के बाद 4.6-इंच में तब्दील हो जाती है। गैलेक्सी फोल्ड एंडरॉयड 9 पाई के साथ सैमसंग के नए वनयूआई इंटरफेस पर काम करता है। वहीं प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में क्वालकॉम का सबसे पावरफुल चिपसेट स्नैपड्रैगन 855 दिया गया है। इस फोन को 12जीबी रैम पर लॉन्च किया गया है जो 512जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है।
यह फोन लुक ही नहीं बल्कि फोटोग्राफी सेग्मेंट में भी खास है। फोन के रियर पैनल पर 16-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है जिसके साथ 12-मेगापिक्सल का सेकेंडरी सेंसर और 2एक्स आप्टिकल ज़ूम वाला तीसरा टेलीफोटो सेंसर दिया गया है। फोन के फोल्ड के अंदर भी 10-मेगापिक्सल का कैमरा सेंसर मौजूद है। वहीं सेल्फी के लिए यह फोन डुअल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है जिसमें, 10-मेगापिक्सल का प्राइमरी और एक आरजीबी सेंसर मौजूद है।
देखें सैमसंग गैलेक्सी एस10, एस10+ और एस10ई की भारतीय कीमत
रोचक बात यह है कि सैमसंग गैलेक्सी फोल्ड की दोनों डिसप्ले के लिए दो अलग-अलग बैटरियां दी गई है। इन दोनों बैटरियों की पावर को मिलाकर कुल कैपेसिटी 4,380एमएएच की होती है। सैमसंग ने अपने इस फोन की कीमत 1,980 डॉलर रखी है जो 1,40,639 रुपये के करीब है।
शाओमी
इंडिया में सैमसंग के कड़े प्रतिद्वंदी माने वाले शाओमी ने फोल्डेबल तकनीक में भी सैमसंग की बराबरी कर ली है। शाओमी ने हालांकि इस फोल्डेबल डिवाईस के नाम और इसके लॉन्च से जुड़ी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है लेकिन कुछ दिनों पहले ही कंपनी को-फाउंडर लिन बिन ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर शाओमी के फोल्डेबल फोन को टीज़ करते हुए एक वीडियो शेयर की थी। इस वीडियो में फोन की फंक्शनल सुपर फ्लेक्सिबल स्क्रीन को दिखाया गया था।
इस पोस्ट में बिन ने कहा लिखा है कि शाओमी का डबल फोल्डिंग मोबाइल फोन आ रहा है। बिन का मानना है कि यह दुनिया का पहला दोनों ओर मुड़ने वाले मोबाइल फोन होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह अभी भी एक इंजीनियरिंग मशीन है, जिसे सभी को देखने के लिए भेजा जा रहा है। वहीं, उन्होंने इस वीडियो पर अपने सुझाव देने को कहा है। उन्होंने कहा कि यदि आप इसे पसंद करते हैं, तो हम भविष्य में इसे पेश करने पर विचार करेंगे।
रेडमी नोट 7 को टक्कर देने आ रहा मीजू का 48-मेगापिक्सल कैमरा वाला फोन, 6 मार्च को होगा लॉन्च
इसके अलावा बिन ने कहा कि हम इस इंजीनियरिंग मशीन को एक नाम देना चाहते हैं, आपको क्या अच्छा लगता है? मैं आपको दो ऑप्शन दे रहा हूं: शाओमी डुअल फ्लैक्स और शाओमी मिक्स फ्लैक्स। विडियो में सबसे पहले एक बड़ा टैबलेट दिखाई देता है, इसके बाद बिन इस फोन में फोल्ड करते हैं। दिखने में यह सैमसंग के फोल्डेबल फोन की तरह लग रहा है। लेकिन, शाओमी के इस फोल्डेबल फोन की स्क्रीन को दाएं और बाएं हिस्से को मोड़कर पीछे कर सकते हैं।
हुआवई
फोल्डेबल स्मार्टफोन्स को लॉन्च करने की रेस में हुआवई भी शामिल है। कंपनी आने वाले दिनों में ही एमडब्लूसी के मंच से अपना यह डिवाईस पेश कर सकती है। हुआवई का यह फोन सिर्फ फोल्डेबल ही नहीं बल्कि 5जी सपोर्ट वाला भी होगा। हाल ही में एक लीक के माध्यम से हुआवई के इस फोल्डेबल फोन का 3डी रेंडर सामने आया था। इन फोटोज़ में दिखाया गया था कि हुआवई का यह फोन अंदर नहीं बल्कि बाहर ही तरफ फोल्ड होगा।
बता दें कि हुआवई के कंज्यूमर बिजनेस ग्रुप के सीईओ रीचर्ड यू भी कह चुके हैं कि बार्सिलोना में वह दुनिया का पहला फोल्डेबल स्क्रीन के साथ 5G स्मार्टफोन लॉन्च करेंगे। उम्मीद है कि इस फोन में किरीन 980 चिपसेट दिया जा सकता है। वहीं यह फोन कंपनी का पहला 5जी मॉडम वाला स्मार्टफोन भी होगा। डिजाईन की बात करें तो सामने आई फोटो में फोन की फ्रंट डिसप्ले पर फ्लैश के साथ पंच होल सेल्फी कैमरा दिया गया है।
ओपो
ओपो के फोल्डेबल फोन की पेटेंट फाईल भी इंटरनेट पर लीक हो चुकी है। आशा है कि यह कंपनी भी एमडब्ल्यूसी 2019 में ही अपना फोल्डेबल फोन पेश कर देगी। ओपो का यह फोन मुड़ने वाली डिसप्ले के साथ-साथ पॉप-अप कैमरे से भी लैस होगा। ओपो के फोल्डेबल फोन स्केच ईमेज़ भी सामने आ चुकी है जिनसे फोन के डिजाईन का पता चला है। इस फोन में बड़ी स्क्रीन होगी जो किसी डायरी या किताब की तरह मुड़ेगी। ओपो का यह फोन एक ही जगह से मुड़ेगा तथा मुड़ने के बाद फोन का बैक तथा फ्रंट पैनल समान साईज़ के हो जाएंगे।
खास बात यह है कि ओपो इस फोल्डेबल फोन में पॉप-अप कैमरा भी दिया जाएगा। यह कैमरा फोन के बाई ओर डिसप्ले के पीछे बॉडी के अंदर स्थित होगा। यह कैमरा सेटअप फ्रंट और रियर दोनों कैमरे का काम करेग। फोन के खुले रहने पर जहां यह यूजर की तरफ फोकस करेगा वहीं फोन के फोल्ड हो जाने के बाद इस कैमरे का मुंह रियर कैमरे की तरह पीछे की तरफ हो जाएगा।
26 मार्च को आ रही है हुआवई पी30 सीरीज़, सैमसंग को मिलेगी सीधी टक्कर
फोटो में फोन में फिंगरप्रिंट सेंसर नज़र नहीं आया है लिहाजा उम्मीद की जा सकती है कि ओपो का फोल्डेबल फोन 3डी फेस अनलॉक टेक्नोलॉजी से लैस होगा। हालांकि यह देखना दिलचस्प होगा कि यह अनलॉक सेंसर फोन के फोल्ड होने व अनफोल्ड होने जैसी दोनों परिस्थितियों में काम करेगा यह सिर्फ एक ही कंडिशन में। यूजर इसे आम मोबाइल फोन के साथ-साथ टैबलेट की तरह भी यूज़ कर सकेंगे।
एलजी
खबर है कि एलजी भी अपने फोल्डेबल स्मार्टफोन पर काम कर रही है। यह फोन एमडब्ल्यूसी 2019 में लॉन्च हो पाएगा यह नहीं इस बात की पुष्टि अभी नहीं है। एक रिपोर्ट के मुताबिक एलजी 2 फोल्डेबल स्मार्टफोन का पेटेंट करा चुकी है। लीक हुई फोटो से पता चला था कि इस फोन की फोल्डेबल स्क्रीन पर फिजिकल बटन मौजूद होगा, जो फिंगरप्रिंट सेंसर या पावर बटन का काम कर सकता है। फोन की दूसरी स्क्रीन पर फ्लैश लाईट के साथ कैमरा सेंसर दिया गया है। फोन के एक पैनल पर मौजूद सर्कल को वॉच बताया गया है, जिसमें फोन फोल्ड होने के बाद टाईम देखा जा सकेगा। फोन के साईड पैनल पर स्पीकर्स भी दिए गए हैं।

दूसरे फोन की बात करें तो सामने आए स्कैच के मुताबिक फोन के दोनों पैनल्स को एक ही सतह से कवर किया गया है। फोन फोल्ड होने के बाद यह सतह फ्रंट पैनल को आधा ही ढकती है और बची हुई डिसप्ले पर टाईम शो होता है। इस फोन को ऐज़ पर बना दिखाया गया है जिसके फ्रंट पैनल पर ही स्पीकर्स दिखाए गए हैं। इस फोन में भी फ्लैश लाईट के साथ सिंगल कैमरा सेंसर दिया गया है। यह देखना रोचक होगा कि इस नए डिजाईन वाले इस स्मार्टफोन में एलजी स्पेसिफिकेशन्स को कितना दमदार बनाएगी।
उपर बताए गए कुछ स्मार्टफोंस जहां आने वाले एक हफ्ते के भीतर ही टेक मंच पर दस्तक दे देंगे तो कुछ को सामने आने में थोड़ा वक्त लग सकता है। 24 फरवरी से शुरू होने वाली मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस में फोल्डेबल स्मार्टफोंस के अलावा अनेंको स्मार्टफोन कंपनियां अपने नए मोबाईल फोन लॉन्च करने वाली है। इन कंपनियों में सैमसंग, सोनी, नोकिया, शाओमी, एलजी, हुआवई, ओपो व वीवो जैसे नाम शामिल है। इस कंपनियों के लेटेस्ट स्मार्टफोन व लॉन्च से जुड़ी सभी जानकारी हम भारत के साथ ही स्पेन के बार्सिलोना शहर से भी लाईव अपडेट के जरिये देते रहेंगे।
























