
Huawei ने भारत में टैबलेट सेगमेंट में करीब पांच साल बाद वापसी कंफर्म की है। इसमें दो नए टैबलेट MatePad 11.5 और MatePad SE 11 आएंगे। इन्हें लेकर Flipkart पर टीजर सामने आने लगे हैं। जिसमें फीचर्स और प्राइस की जानकारी दी गई है। आइए, आगे डिटेल्स जानते हैं।
Huawei MatePad 11.5 कंपनी का प्रीमियम मॉडल बन सकता है। जिसकी कीमत 33,999 रुपये रखी गई है। हालांकि बैंक ऑफर्स के साथ इसे 2,000 रुपये से ज्यादा की छूट में खरीदा जा सकेगा। इस टैबलेट में 11.5 इंच का 2.5K PaperMatte डिस्प्ले दिया गया है, जिसे खासतौर पर इस तरह डिजाइन किया गया है कि स्क्रीन पेपर जैसी फील दे और आंखों पर कम स्ट्रेन पड़े। यह फीचर खासतौर पर उन ग्राहकों के लिए फायदेमंद है जो लंबे समय तक पढ़ाई या नोट्स बनाते हैं।
इस टैबलेट में डिटेचेबल कीबोर्ड और स्टायलस सपोर्ट भी दिया गया है, जिससे यह सिर्फ एंटरटेनमेंट नहीं बल्कि प्रोडक्टिविटी के लिए भी अच्छा विकल्प बन सकता है। पावर के लिए इसमें 10,100mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो 40W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करती है और कंपनी के अनुसार यह 14 घंटे तक वीडियो प्लेबैक दे सकती है। डिजाइन की बात करें तो यह 6.1mm पतली मेटल बॉडी के साथ आता है, जिससे यह प्रीमियम फील दे सकता है। इसके अलावा क्वाड स्पीकर सेटअप भी दिया गया है, जो ऑडियो एक्सपीरियंस को बेहतर बना सकता है।
Huawei MatePad SE 11 की बात करें तो यह बजट में आएगा। इसकी शुरुआती प्रभावी कीमत 13,749 रुपये रखी जाएगी। जिससे यह बड़े डिस्प्ले वाले किफायती टैबलेट की तलाश कर रहे ग्राहकों के लिए अच्छा ऑप्शन बन सकता है। इसमें 11 इंच का डिस्प्ले मिलता है, जो TUV Rheinland सर्टिफिकेशन के साथ आता है, जिससे आंखों की सुरक्षा बेहतर रहती है।
इस टैबलेट में 7,700mAh की बैटरी दी गई है, जो 22.5W चार्जिंग सपोर्ट करती है। इसके अलावा इसमें Huawei M Pen स्टायलस का सपोर्ट भी मिलता है। कैमरा सेटअप बेसिक है, जो इस प्राइस रेंज में सामान्य लग सकता है, लेकिन क्वाड स्पीकर इसे एंटरटेनमेंट के लिए अच्छा डिवाइस बना सकते हैं। यह टैबलेट खासतौर पर ऑनलाइन क्लास, वीडियो स्ट्रीमिंग और ब्राउजिंग के लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
बता दें कि Huawei ने भारत में आखिरी बार 2020 में MatePad T8 लॉन्च किया था और अब इतने लंबे समय बाद कंपनी फिर से इस सेगमेंट में एंट्री कर रही है। फिलहाल प्रीमियम टैबलेट मार्केट में Apple iPad का दबदबा है, जबकि एंड्राइड सेगमेंट में Samsung और Lenovo जैसे ब्रांड्स मजबूत पकड़ बनाए हुए हैं। हालांकि Huawei के लिए सबसे बड़ी चुनौती अभी भी Google Mobile Services की कमी हो सकती है। इन टैबलेट्स में Play Store, Gmail और YouTube जैसे ऐप्स सीधे तौर पर उपलब्ध नहीं होते हैं। जिससे कुछ यूजर्स के लिए एक्सपीरियंस थोड़ा अलग हो सकता है।
MatePad 11.5 उन ग्राहकों के लिए अच्छा विकल्प है जो नोट-टेकिंग, रीडिंग और हल्के काम के लिए प्रोडक्टिव टैबलेट लेना चाहते हैं। वहीं, MatePad SE 11 बजट यूजर्स के लिए बेहतर है, जो कम कीमत में बड़ा डिस्प्ले और बेसिक एंटरटेनमेंट एक्सपीरियंस चाहते हैं।













