
आइकू का सबसे पावरफुल मोबाइल फोन iQOO 15 चीन में लॉन्च हो चुका है। अब यह मोबाइल फोन भारतीय बाजार में एंट्री लेने वाला है। बीते दिनों जहां आइकू इंडिया सीईओ निपुण मार्या ने आइकू 15 इंडिया लॉन्च की जानकारी दी थी। वहीं अब इस स्मार्टफोन की माइक्रोसाइट ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म अमेजन पर लाइव कर दी गई है। इस लिस्टिंग से यह साफ हो गया है कि आइकू 15 बेहद जल्द भारत में लॉन्च होने वाला है और यह फोन इसी शॉपिंग साइट पर सेल के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।
आइकू 15 की माइक्रोसाइट अमेजन पर लाइव कर दी गई है जिसे आप यहां क्लिक कर देख सकते हैं। इस पेज पर फिलहाल लॉन्च डेट तो अनाउंस नहीं की गई है लेकिन यह जरूर साफ कर दिया गया है कि, iQOO 15 नवंबर में इंडिया में लॉन्च होगा। इस पेज पर कंपनी ने Be the G.O.A.T टैगलाइन का इस्तेमाल किया है जो फोन की ऑलराउंडर परफॉर्मेंस को दर्शाता है। यह अमेजन स्पेशल डिवाइस बताया गया है जो सिर्फ इसी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर सेल के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है।
iQOO 15 इंडिया में Snapdragon 8 Elite Gen 5 प्रोसेसर पर लॉन्च होगा। यह 3नैनोमीटर आर्किटेक्चर पर बना क्वालकॉम का मोबाइल चिपसेट है जो 3.63GHz से लेकर 4.6GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। अमेजन माइक्रोसाइट पर फोन प्रोसेसर के साथ ही इसमें Origin OS 6 दिए जाने की भी पुष्टि हो गई है। यह सबसे नए और एडवांस मोबाइल यूजर इंटरफेस है जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ताकत से लैस है।
आइकू 15 के अन्य फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो इस स्मार्टफोन में 6.85-इंच की 2K Samsung Everest स्क्रीन दी गई है। कंपनी ने इसे दुनिया की पहली फोन डिस्प्ले बताया है जो M14 ल्यूमिनसेंट मैटीरियल पर बनी है। इसमें Samsung 2K LEAD OLED तकनीक का इस्तेमाल किया गया है जिसके साथ 144Hz अडेप्टिव रिफ्रेश रेट और 6000nits पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलता है।
फोटोग्राफी के लिए इसके ट्रिपल कैमरा सेटअप में 50 मेगापिक्सल Sony IMX921 मेंन OIS सेंसर दिया गया है जिसके साथ 50 मेगापिक्सल अल्ट्रा-वाइड एंगल लेंस और 50 मेगापिक्सल 3x Sony IMX882 पेरिस्कोप टेलीफोटो लेंस मौजूद है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए आइकू 15 5जी फोन 32 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
पावर बैकअप के लिए iQOO 15 5G फोन में 7000mAh Blue Ocean बैटरी दी गई है। इस बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए मोबाइल को 100W फास्ट वायर्ड चार्जिंग तकनीक से लैस किया गया है जिसके साथ 40W वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है। इस मोबाइल में Global Direct Drive Power Supply 2.0 टेक्नोलॉजी भी दी गई है जो इसे चार्जिंग के दौरान ओवरहीटिंग से बचाती है और साथ ही बैटरी हेल्थ मेंटेन रखने में भी मदद करती है।
कंपनी की ओर से अभी आइकू 15 इंडिया लॉन्च डेट नहीं बताई गई है। लेकिन उम्मीद कर सकते हैं कि अगले महीने यानी नवंबर के दूसरे या तीसरे सप्ताह में इसे मार्केट में उतारा जा सकता है। बहरहाल जैसे ही आइकू 15 की लॉन्च डेट सामने आएगी इस खबर को अपडेट कर दिया जाएगा। नवंबर में iQOO 15 के साथ ही OnePlus 15 और realme GT 8 Pro भी भारतीय बाजार में दाखिल होंगे। इन सबके बीच तगड़ी टक्कर होने वाली है।















