मिडबजट में किसकी पावर ज्यादा! Vivo T4 Pro वर्सेस OPPO K13 Turbo, यहां पढ़ें मोबाइल कंपैरिजन

Join Us icon

इस महीने मिड-बजट सेगमेंट में दो नए स्मार्टफोन लॉन्च हुए हैं। एक है Vivo T4 Pro और दूसरा है OPPO K13 Turbo. दोनों की कीमत 27,999 रुपये से शुरू होती है। अगर आप भी इस रेंज में कोई नया मोबाइल फोन खरीदना चाहते हैं तो आगे हमने वीवो टी4 प्रो और ओपो के13 टर्बो की कीमत, फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स का कंपैरिजन किया है जिसे पढ़कर आप जान सकते हैं वीवो और ओप्पो में से किसका स्मार्टफोन ज्यादा बेहतर है और कौन-सा मोबाइल आपके ज्यादा काम आ सकता है।

कीमत का कंपैरिजन

प्राइसVivo T4 ProOPPO K13 Turbo
8GB RAM + 128GB Storage₹27,999₹27,999
8GB RAM + 256GB Storage₹29,999₹29,999
12GB RAM + 256GB Storage₹31,999

ओपो के13 टर्बो और वीवो टी4 प्रो दोनों स्मार्टफोंस का शुरुआती प्राइस 27,999 रुपये है। इसमें 8जीबी रैम के साथ 128जीबी स्टोरेज मिलती है। वहीं 8जीबी रैम + 256जीबी स्टोरेज को 29,999 रुपये में लॉन्च किया गया है। ओपो मोबाइल जहां सिर्फ 8जीबी रैम पर लाया गया है वहीं वीवो स्मार्टफोन को 12जीबी रैम पर भी खरीदा जा सकता है। इसमें 256जीबी स्टोरेज मिलती है जिसका रेट 31,999 रुपये है।

स्पेसिफिकेशन्स का कंपैरिजन

स्पेसिफिकेशन्सVivo T4 ProOPPO K13 Turbo
डिस्प्ले6.77″ 120Hz Quad Curved AMOLED6.8″ 120Hz Flexible AMOLED
प्रोेसेसरQualcomm Snapdragon 7 Gen 4MediaTek Dimensity 8450
रैम12GB LPDDR4X RAM8GB LPDDR5X RAM
स्टोरेज256GB UFS 2.2 Storage256GB UFS 3.1 Storage
बैक कैमरा50MP OIS + 50MP Periscope + 2MP Bokeh50MP Wide-angle + 2MP Monochrome
फ्रंट कैमरा32MP Selfie16MP Selfie
बैटरी6,500mAh7,000mAh
चार्जिंग90W FlashCharge80W SUPERVOOC

डिस्प्ले

वीवो टी4 प्रो 2392 × 1080 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.77-इंच की फुलएचडी+ डिस्प्ले सपोर्ट करता है। यह क्वॉड कर्व्ड स्क्रीन है जो एमोलेड पैनल पर बनी है। इसपर 120Hz रिफ्रेश रेट और 5000nits पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलता है। इस फोन को इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर टेक्नोलॉजी से लैस किया गया है और स्क्रीन प्रोटेक्शन के लिए इसपर डायमंड शिल्ड ग्लास की लेयर चढ़ाई गई है। बताते चलें कि मोबाइल को गीले या तेल लगे हाथों से भी स्मूथली इस्तेमाल किया जा सकता है।

ओपो के13 टर्बो स्मार्टफोन में 2800 × 1280 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.8-इंच की फुलएचडी+ स्क्रीन दी गई है। यह फ्लैक्सिबल एमोलेड ​डिस्प्ले है जिसपर 120Hz रिफ्रेश रेट और 1600nits ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलता है। यह मोबाइल भी इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक सपोर्ट करता है और स्क्रीन सुरक्षा के लिए इसमें डीटी-स्टार डी+ का प्रोटेक्शन दी गई है। इस फोन में स्पलैश टच और ग्लोव़स मोड दिया गया है।

परफॉर्मेंस

Vivo T4 Pro में 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना क्वालकॉम स्नेपड्रैगन 7 जेन 4 ऑक्टा-कोर प्रोसेसर दिया गया है जो 2.8GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं दूसरी ओर OPPO K13 Turbo मीडियाटेक के डाइमेंसिटी 8450 चिपसेट पर लाया गया है जो 3.25GHz तक की क्लॉक स्पीड पर रन कर सकता है। प्रोसेसर के हिसाब से देखें तो ओपो मोबाइल में लगा चिपसेट वीवो स्मार्टफोन से अधिक एफिशिएंट है। दोनों प्रोसेसर की क्षमता को परखने के लिए हमने इनमें कुछ बेंचमार्क टेस्ट भी किए हैं जिनका रिजल्ट आप नीचे लगी टेबल में देख सकते हैं।

बेंचमार्क टेस्टVivo T4 ProOPPO K13 Turbo
एनटूटू10,10,47216,49,304
बर्नआउट टेस्ट63.4%43.9%
सिंगल-कोर गीकबेंच12611462
मल्टी-कोर गीकबेंच36416177
पीसीमार्क परफॉर्मेंस11,42415,209

ऑपरेटिंग सिस्टम

वीवो टी4 प्रो 5जी फोन एंड्रॉयड 15 पर लाया गया है जो Funtouch OS 15 के साथ मिलकर काम करता है। वहीं ओपो के13 टर्बो एंड्रॉयड 15 आधारित ColorOS 15 पर लाया गया है। दोनों ही मोबाइल फोन AI फीचर्स सपोर्ट करते हैं। वीवो जहां अपने स्मार्टफोन के साथ 4 साल की ओएस अपग्रेड और 6 साल की सिक्योरिटी अपडेट दे रही है। वहीं ओपो के फोन में 2 साल की ओएस और 3 साल की सिक्योरिटी अपडेट मिलेगी। यहां Vivo T4 Pro को के13 टर्बो से बेहतर कहा जाएगा क्योंकि यह लंबे समय तो खुद को अपडेट रखने में सक्षम है।

मेमोरी

वीवो टी4 प्रो भारतीय बाजार में 8जीबी रैम और 12जीबी पर लाया गया है ज​ब्कि ओपो के13 टर्बो सिर्फ 8जीबी रैम पर पेश हुआ है। वीवो फोन जहां LPDDR4X तकनीक पर काम करता है वहीं ओपो मोबाइल में LPDDR5X रैम टेक्नोलॉजी दी गई है। एलपीडीडीआर5एक्स एडवांस है, यह अधिक तेजी से ऐप ओपन करती है और मल्टीटास्किंग भी ज्यादा बेहतर तरीके से हैंडल करती है।

इसी तरह Vivo T4 Pro में UFS 2.2 और OPPO K13 Turbo में UFS 3.1 स्टोरेज तकनीक दी गई है। यूएफएस 3.1 होने के चलते इसमें डाटा व मीडिया फाइल्स को ज्यादा फास्ट तरीके के ट्रांसफर किया जा सकता है। कुल मिलाकर बेशक वीवो फोन में रैम बड़ी दी गई है लेकिन यहां OPPO K13 Turbo स्मार्टफोन टी4 प्रो से बेहतर और फास्ट कहा जाएगा।

बैटरी

पावर बैकअप के लिए वीवो टी4 प्रो स्मार्टफोन को 6,500एमएएच बैटरी से लैस किया गया है। वहीं ओपो के13 टर्बो स्मार्टफोन 7,000एमएएच बैटरी सपोर्ट करता है। यूजर्स को ओप्पो मोबाइल में बड़ी बैटरी मिलेगी। वहीं चार्जिंग तकनीक की बात करें तो टी4 प्रो 90वॉट फास्ट चार्जिंग और के13 टर्बो 80वॉट चार्जिंग तकनीक सपोर्ट करता है।

दोनों ही बड़ी बैटरी वाले स्मार्टफोन हैं। Vivo T4 Pro और OPPO K13 Turbo में से किसकी बैटरी और चार्जिंग तकनीक ज्यादा असरदार है यह जानने के लिए हमने इनमें आधा घंटा गेमिंग और ऑनलाइन वीडियो स्ट्रीमिंग की। इसका रिजल्ट क्या रहा, यह आप नीचे लगी टेबल में देख सकते हैं।

बैटरी टेस्टVivo T4 ProOPPO K13 Turbo
पीसीमार्क बैटरी15 घंटे, 12 मिनट12 घंटे, 21 मिनट
BGMI (30 मिनट)7%6%
COD (30 मिनट)7%5%
यूट्यूब बैटरी ड्रॉप (30 मिनट)3%3%
चार्जिंग टाइम (20%-100%)40 मिनट59 मिनट

कैमरा

फोटोग्राफी के लिए Vivo T4 Pro 5G फोन ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एफ/1.79 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल IMX882 OIS सेंसर दिया गया है जो 50 मेगापिक्सल 3एक्स पेरिस्कोप लेेंस और 2 मेगापिक्सल बोका सेंसर के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह मोबाइल एफ/2.45 अपर्चर वाला 32 मेगापिक्सल कैमरा सपोर्ट करता है।

OPPO K13 Turbo में फोटोग्राफी के लिए डुअल रियर कैमरा दिया गया है। यह मोबाइल एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल OV50D40 OIS मेन सेंसर सपोर्ट करता है जिसके साथ 2 मेािपक्सल डेप्थ+मैक्रो सेंसर मिलता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह ओपो मोबाइल एफ/2.45 अपर्चर वाला 16 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।

कौन ज्यादा पावरफुल

स्पेसिफिकेशन्स देखकर आपको भी अंदाजा लग गया होगा कि वीवो टी4 प्रो और ओपो के13 टर्बो की टक्कर में ओपो मोबाइल वीवो फोन पर भारी पड़ता है। दोनों की तुलना में K13 Turbo का प्रोसेसर हैवी प्रोसेसिंग को आसानी से हैंडल कर सकता है। इसपर मल्टीटास्किंग भी स्मूथ मिलेगी और लैगफ्री गेमिंग की जा सकेगी। बता दें कि के13 टर्बो में खास तरह का Air-Cooling Fan लगाया गया है जो मोबाइल के अंदर और बाहर हवा प्रवाहित करता है। इससे फोन गर्म नहीं होगा।

मोबाइल चिपसेट और रैम व स्टोरेज के मामले में ओपो के13 टर्बो जहां वीवो टी4 प्रो पर भारी पड़ता है। वहीं कैमरा के मामले में T4 Pro कुछ हद तक आगे निकलता है। इसमें Periscope सेंसर वाला ट्रिपल रियर कैमरा दिया गया है वहीं वीवो फोन का सेल्फी कैमरा भी ओपो मोबाइल से बेहतर है। यानी अगर आप सिर्फ फोटोग्राफी के लिए फोन खरीदना चाहते हैं तो वीवो टी4 प्रो आपके ज्यादा काम आ सकता है।

इसी तरह निजी तौर पर हमें वीवो टी4 प्रो की डिस्प्ले ओपो के13 टर्बो से अधिक बेहतर लगी। इसमें यूजर्स को कर्व्ड डिजाइन मिलेगा और इसकी निट्स ब्राइटनेस भी धूप व आउटडोर में बेहतर काम कर सकती है। वहीं अगर बैटरी की बात करें तो ओपो के13 टर्बो में कंपनी ने बड़ी बैटरी लगाई है। दोनों स्मार्टफोंस की चार्जिंग पावर में ज्यादा अंतर नहीं है, पावर बैकअप के मामले में वीवो टी4 प्रो और ओपो के13 टर्बो तकरीबन एक समान है।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here