स्मार्टफोन में Refresh Rate क्या है, 60Hz से 240Hz तक रिफ्रेश रेट का मतलब जानें यहां?

https://static.hub.91mobiles.com/multisite/wp-content/uploads/sites/7/2025/08/refresh-rate-kya-hota-hai.jpg

आजकल स्मार्टफोन्स की दुनिया में एक शब्द बहुत सुनने को मिलता है- रिफ्रेश रेट (Refresh Rate)। आपने 60Hz, 90Hz, 120Hz, 144Hz या यहां तक कि 240Hz डिस्प्ले वाले फोन्स के बारे में सुना होगा। ये नंबर सुनने में जितने आकर्षक लगते हैं, मगर कई यूजर के लिए उतने ही भ्रमित करने वाले भी हो सकते हैं। बताते चलें कि स्मार्टफोन में रिफ्रेश रेट पहले एक ऐसा फीचर था, जिस पर कोई बहुत ध्यान नहीं देता था, लेकिन अब यह काफी बदल चुका है। आज यह आपके फोन के इस्तेमाल के अनुभव को काफी हद तक प्रभावित कर सकता है। बजट और लो-एंड फोन में आमतौर पर 60Hz-90Hz रिफ्रेश रेट वाली डिस्प्ले होती है, जबकि लेटेस्ट गेमिंग फोन्स में यह बढ़कर 240Hz तक पहुंच चुकी है। यही कारण है कि नया फोन खरीदते समय डिस्प्ले का रिफ्रेश रेट एक अहम स्पेसिफिकेशन बन गया है। अगर आप नया फोन लेने की सोच रहे हैं, तो आपके मन में ये सवाल आ सकते हैं – क्या हाई रिफ्रेश रेट वाली स्क्रीन के लिए ज्यादा पैसे खर्च करना सही रहेगा? क्या ज्यादा रिफ्रेश रेट के भी कुछ नुकसान होते हैं? और आखिर में वैरिएबल रिफ्रेश रेट क्या होता है? आइए इस आर्टिकल में इनके बारे में विस्तार से जानते हैं?

रिफ्रेश रेट क्या है?

स्मार्टफोन की डिस्प्ले कोई स्थिर (static) चीज नहीं होती है। जब आप फोन का उपयोग करते हैं, तो स्क्रीन पर कंटेंट और मोशन स्मूद (smooth) दिखाई देता है, क्योंकि हर पिक्सल लगातार अपडेट होता रहता है और प्रोसेसर से आने वाली नई जानकारी को दिखाता है। लेकिन यह अपडेट रैंडम तरीके से नहीं होता है, बल्कि डिस्प्ले तय समयांतराल पर खुद को अपडेट करती है। इसी को हम रिफ्रेश रेट (Refresh Rate) कहते हैं। रिफ्रेश रेट यह बताता है कि फोन की स्क्रीन कितनी बार प्रति सेकेंड अपडेट होती है। इसे हर्ट्ज (Hz) में मापा जाता है। उदाहरण के लिएः

इस तरह देखा जाए तो 120Hz डिस्प्ले 60Hz से 2 गुना तेज और 30Hz से 4 गुना तेज रिफ्रेश होती है। यही वजह है कि ज्यादा रिफ्रेश रेट वाली स्क्रीन पर मूवमेंट और ट्रांजिशन ज्यादा स्मूद दिखाई देते हैं। तेज रिफ्रेश रेट का एक फायदा यह भी है कि स्क्रीन का लेटेंसी टाइम (Latency Time) यानी रिस्पॉन्स टाइम कम हो जाता है। जैसे कि

हालांकि स्क्रीन की लेटेंसी केवल रिफ्रेश रेट पर निर्भर नहीं करती, लेकिन यह सबसे अहम फैक्टर होता है। यह भी ध्यान रखना जरूरी है कि फोन की स्क्रीन हर बार एक साथ पूरी तरह रिफ्रेश नहीं होती है। असल में यह लाइन-बाय-लाइन अपडेट होती है। अगर आप किसी डिस्प्ले को स्लो-मोशन कैमरे से शूट करेंगे तो आपको यह लाइन दर लाइन रिफ्रेश होती दिख सकती है। यही कारण है कि कभी-कभी कैमरे से देखने पर स्क्रीन फ्लिकर करती नजर आती है।

टच सैंपल रेट रिफ्रेश रेट से कैसे अलग है

अब बात करें टच सैंपल रेट (Touch Sample Rate) की, तो यह भी हर्टज (Hz) में मापा जाता है, लेकिन यह रिफ्रेश रेट से अलग है। यह बताता है कि स्क्रीन प्रति सेकेंड कितनी बार यूजर की टच इनपुट (टच या स्वाइप) को डिटेक्ट करती है। जितना ज्यादा टच सैंपल रेट होगा, उतना कम लैग होगा और स्क्रीन तुरंत आपकी अंगुली के मूवमेंट पर रिस्पॉन्ड करेगी।

यह गेमिंग में बहुत जरूरी है, खासकर फास्ट-पेस्ड गेम्स, जैसे- BGMI, Call of Duty Mobile या Fortnite में, जहां एक सेकंड का छोटा-सा अंतर भी गेम जीतने या हारने का कारण बन सकता है। उदाहरण के लिए, अगर टच सैंपल रेट 240Hz है, तो स्क्रीन एक सेकंड में 240 बार आपके टच को चेक करती है, जिससे आपका इनपुट तेजी से रजिस्टर होता है। कुछ फोन्स में टच सैंपल रेट रिफ्रेश रेट से ज्यादा होता है, जो गेमिंग को और बेहतर बनाता है।

वैरिएबल रिफ्रेश रेट और LTPO तकनीक

आजकल स्मार्टफोन में हाई रिफ्रेश रेट वाली डिस्प्ले बहुत आम हो गई है। 120Hz या उससे ज्यादा रिफ्रेश रेट पर स्क्रीन काफी स्मूद और रिस्पॉन्सिव लगती है, लेकिन इसका सबसे बड़ा नुकसान यह है कि बैटरी जल्दी खत्म हो जाती है। इसी समस्या को सुलझाने के लिए कंपनियां LTPO (Low-Temperature Polycrystalline Oxide) टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करने लगी हैं।

LTPO एक ऐसी बैकप्लेन तकनीक है, जो AMOLED डिस्प्ले में लगाई जाती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह डिस्प्ले को वैरिएबल रिफ्रेश रेट सपोर्ट देती है। इसका मतलब है कि स्क्रीन खुद ही यह तय कर लेती है कि किस समय कितनी बार रिफ्रेश होना है। उदाहरण के तौर पर, जब आप गेम खेल रहे होते हैं या सोशल मीडिया स्क्रॉल कर रहे होते हैं, तो स्क्रीन 120Hz तक काम करती है, जिससे आपको बहुत स्मूद एक्सपीरियंस मिलता है।

लेकिन अगर आप सिर्फ फोटो देख रहे होते हैं या कोई स्टैटिक पेज ओपन करते हैं, तो डिस्प्ले अपने आप 60Hz, 24Hz या यहां तक कि 10Hz तक नीचे आ जाती है। कुछ एडवांस LTPO डिस्प्ले तो 1Hz तक भी डाउन हो सकती हैं। इसका फायदा यह होता है कि बैटरी की खपत काफी कम हो जाती है, क्योंकि जरूरत न होने पर स्क्रीन बार-बार रिफ्रेश नहीं होती है यानी जब आप स्क्रीन पर मूवमेंट वाली एक्टिविटी कर रहे होते हैं तो आपको फास्ट और स्मूद डिस्प्ले मिलता है और जब सिर्फ स्टैटिक कंटेंट हो तो बैटरी सेव होती है।

रिफ्रेश रेट के प्रकार

आजकल स्मार्टफोन्स में कई तरह के रिफ्रेश रेट उपलब्ध हैं। यहां कुछ मुख्य प्रकार हैं:

60Hz: कुछ एंट्री-लेवल स्मार्टफोन्स अभी भी 60Hz रिफ्रेश रेट के साथ आते हैं। यह बेसिक लेवल है जो सामान्य ब्राउजिंग, कॉलिंग और सोशल मीडिया जैसे कामों के लिए पर्याप्त माना जाता है।
90Hz: आजकल कई मिड-रेंज फोन्स में 90Hz डिस्प्ले देखने को मिलता है। यह 60Hz से ज्यादा स्मूद है और स्क्रॉलिंग, गेमिंग और वीडियो एक्सपीरियंस को बेहतर बनाता है।
120Hz: हाई-एंड स्मार्टफोन्स में 120Hz डिस्प्ले काफी आम हो चुका है। 120Hz पर डिस्प्ले बेहद स्मूद लगता है और यूज़र्स को प्रीमियम फील मिलता है।
144Hz और 165Hz: गेमिंग-सेंट्रिक फोन्स में 165Hz तक का रिफ्रेश रेट सपोर्ट करते हैं। ये खासतौर पर उन यूजर्स के लिए बनाए गए हैं जो हाई-फ्रेमरेट गेम्स खेलते हैं और अल्ट्रा-स्मूद रिस्पॉन्स चाहते हैं।
240Hz: कुछ कंपनियां लिमिट्स को और आगे बढ़ा रही हैं। उदाहरण के लिए Sharp Aquos Zero 2 में 240Hz डिस्प्ले मिलता है। यह अब तक का सबसे हाई-एंड स्मार्टफोन रिफ्रेश रेट माना जाता है।

हाई रिफ्रेश रेट के फायदे

हाई रिफ्रेश रेट आपके स्मार्टफोन के अनुभव को कई तरह से बेहतर बनाता है। आइए जानते हैं इसके क्या फायदे हो सकते हैंः

हाई रिफ्रेश रेट के नुकसान

तेज रिफ्रेश रेट के कई फायदे हैं, लेकिन इसके कुछ नुकसान भी हैं, जिन्हें जानना जरूरी है:

क्या हाई रिफ्रेश रेट फोन खरीदना चाहिए

आजकल स्मार्टफोन्स में हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले एक आम फीचर बन चुका है। पहले यह सिर्फ प्रीमियम और महंगे फोन्स में मिलता था, लेकिन अब मिड-रेंज और बजट कैटेगरी के कई स्मार्टफोन्स भी 120Hz तक का रिफ्रेश रेट सपोर्ट करने लगे हैं। इसका फायदा यह है कि स्क्रीन ज्यादा स्मूद लगती है और स्क्रॉलिंग, गेमिंग या वीडियो देखने का एक्सपीरियंस बेहतर हो जाता है, लेकिन सिर्फ रिफ्रेश रेट देखकर फोन खरीदना सही फैसला नहीं होगा।

किसी भी स्मार्टफोन डिस्प्ले की क्वालिटी कई अन्य चीजों पर भी निर्भर करती है, जैसे – कलर गैमट, कॉन्ट्रास्ट, वाइट पॉइंट, कलर टेम्परेचर, HDR सपोर्ट और रिजॉल्यूशन। अगर इन चीजों में कमी है तो सिर्फ हाई रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले भी उतना अच्छा अनुभव नहीं देगा। फिर भी, हाई रिफ्रेश रेट आज के समय में एक बड़ा सेलिंग पॉइंट बन चुका है और ज्यादातर लोग नए फोन खरीदते समय इसे इग्नोर नहीं कर पाते हैं। अगर आप भी स्मूद और फास्ट डिस्प्ले का मजा लेना चाहते हैं, तो कई शानदार ऑप्शन मौजूद हैं।

कुछ बेहतरीन हाई रिफ्रेश रेट वाले स्मार्टफोन्स:

आज मार्केट में अधिकतर फोन्स 60Hz से ज्यादा रिफ्रेश रेट सपोर्ट करते हैं यानी आपके पास ढेरों विकल्प मौजूद हैं और अब अच्छी बात यह है कि यह फीचर सिर्फ महंगे फोन्स तक सीमित नहीं है।

कुल मिलाकर देखें, तो रिफ्रेश रेट आपके स्मार्टफोन के अनुभव को बहुत बेहतर बना सकता है, खासकर गेमिंग, स्क्रॉलिंग और हाई-मोशन कंटेंट में। लेकिन यह बैटरी लाइफ, रिजॉल्यूशन, और गेम/ऐप सपोर्ट जैसे पहलुओं को भी प्रभावित करता है। अगर आप गेमर हैं, स्मूथ स्क्रॉलिंग चाहते हैं या लंबे समय तक फोन इस्तेमाल करते हैं, तो 90Hz या 120Hz डिस्प्ले आपके लिए बेस्ट रहेगा। लेकिन अगर आप सामान्य इस्तेमाल करते हैं या बैटरी लाइफ को प्राथमिकता देते हैं, तो 60Hz डिस्प्ले भी आपके लिए काफी है।

सवाल-जवाब (FAQs)

रिफ्रेश रेट और फ्रेम रेट में क्या अंतर है?

रिफ्रेश रेट स्क्रीन के अपडेट होने की गति है (Hz में), जो बताता है कि स्क्रीन एक सेकंड में कितनी बार रिफ्रेश होती है। वहीं फ्रेम रेट कंटेंट (जैसे गेम या वीडियो) की गति है, जो यह बताता है कि प्रति सेकंड कितने फ्रेम्स दिखाए जा रहे हैं (fps में)। अगर गेम का फ्रेम रेट (जैसे 30fps) डिस्प्ले के रिफ्रेश रेट (जैसे 120Hz) से कम है, तो डिस्प्ले का पूरा फायदा नहीं मिलेगा।

क्या हाई रिफ्रेश रेट हर ऐप में काम करता है?

नहीं, सभी ऐप्स तेज रिफ्रेश रेट को सपोर्ट नहीं करते हैं। कुछ ऐप्स और गेम्स 60fps या उससे कम पर लॉक होते हैं। हालांकि सिस्टम UI (जैसे स्क्रॉलिंग, होम स्क्रीन) और कुछ गेम्स (जैसे Call of Duty Mobile) हाई रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करते हैं।

क्या मैं रिफ्रेश रेट को मैनुअली बदल सकता हूं?

हां, ज्यादातर फोन्स में आप सेटिंग्स में जाकर रिफ्रेश रेट को मैनुअली सेट कर सकते हैं (जैसे 60Hz, 90Hz या 120Hz)। कुछ फोन्स में ऑटो या एडैप्टिव मोड होता है, जो अपने आप रिफ्रेश रेट बदलता है।

क्या सभी फोन्स में वैरिएबल रिफ्रेश रेट होता है?

नहीं, वैरिएबल रिफ्रेश रेट ज्यादातर फ्लैगशिप और कुछ मिड-रेंज फोन्स में मिलता है। बजट फोन्स में आमतौर पर फिक्स्ड रिफ्रेश रेट (जैसे 60Hz) होता है। LTPO तकनीक वाले फोन्स में वैरिएबल रिफ्रेश रेट होता है।

क्या टीवी और मॉनिटर में भी रिफ्रेश रेट मायने रखता है?

हां, टीवी और मॉनिटर में भी रिफ्रेश रेट उतना ही जरूरी है। ज्यादातर टीवी 60Hz होते हैं, जबकि कुछ हाई-एंड मॉडल 120Hz सपोर्ट करते हैं। गेमिंग मॉनिटर 144Hz, 240Hz, या यहां तक कि 360Hz तक जा सकते हैं।

क्या 240Hz डिस्प्ले 120Hz से बहुत बेहतर है?

सैद्धांतिक रूप से हां, लेकिन प्रैक्टिकली बहुत कम कंटेंट और गेम्स 240Hz को सपोर्ट करते हैं। ज्यादातर यूजर्स के लिए 120Hz और 240Hz में अंतर नजर नहीं आएगा, खासकर छोटी स्क्रीन पर।

क्या रिफ्रेश रेट बैटरी लाइफ को हमेशा प्रभावित करता है?

हां, लेकिन वैरिएबल रिफ्रेश रेट और LTPO तकनीक इस प्रभाव को कम करती है। अगर आप 60Hz मोड चुनते हैं, तो बैटरी ज्यादा चलेगी। कुछ फोन्स में आप सेटिंग्स से रिफ्रेश रेट को कम कर सकते हैं।

क्या मुझे 60Hz फोन छोड़कर 120Hz फोन लेना चाहिए?

अगर आप गेमर हैं, स्मूथ स्क्रॉलिंग चाहते हैं या लंबे समय तक फोन इस्तेमाल करते हैं, तो 120Hz फोन बेहतर रहेगा। लेकिन अगर आप सामान्य इस्तेमाल करते हैं और बैटरी लाइफ प्राथमिकता है, तो 60Hz फोन भी ठीक है।