
ऐपल (Apple) की iPhone 18 सीरीज को लेकर अब तक कई बड़े लीक्स सामने आ चुके हैं। खास बात यह है कि इस बार Apple अपनी iPhone की लॉन्च स्ट्रेटेजी में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सितंबर 2026 में iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के साथ कंपनी अपना पहला फोल्डेबल iPhone पेश कर सकती है, जबकि iPhone 18 और iPhone 18e मॉडल को 2027 के शुरुआत तक इंतजार करना पड़ सकता है।
कहा जा रहा है कि iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max में डिजाइन के स्तर पर बहुत बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा, लेकिन अंदर से ये फोन कई बड़े अपग्रेड के साथ आ सकते हैं। इनमें नया 2nm A20 चिप, बेहतर कैमरा सिस्टम, छोटी Dynamic Island, ज्यादा बैटरी और बेहतर कनेक्टिविटी जैसी खूबियां शामिल हो सकती हैं। आइए लीक्स के आधार पर जानते हैं iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max के संभावित स्पेसिफिकेशंस और लॉन्च टाइमलाइन की डिटेल…
कब लॉन्च होंगे iPhone 18 Pro और Pro Max?
कहा जा रहा है कि iPhone 18 सीरीज को कंपनी दो चरणों में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को सितंबर 2026 में लॉन्च किया जा सकता है। वहीं, इनके साथ कंपनी का नया फोल्डेबल iPhone भी पेश किए जाने की उम्मीद है, जबकि कम कीमत वाले iPhone 18 और iPhone 18e को 2027 के शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि Apple ने अभी इन लॉन्च डिटेल्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
6.3 और 6.9 इंच का स्क्रीन साइज
iPhone 18 Pro में 6.3 इंच और iPhone 18 Pro Max में 6.9 इंच का डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है। स्क्रीन साइज में मौजूदा Pro मॉडल की तुलना में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। हालांकि डिस्प्ले टेक्नोलॉजी में अपग्रेड देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, iPhone 18 Pro मॉडल में नया LTPO+ डिस्प्ले का इस्तेमाल किया जा सकता है, जो मौजूदा LTPO पैनल की तुलना में ज्यादा पावर एफिशिएंट हो सकता है।
छोटी हो सकती है Dynamic Island
iPhone 18 Pro को लेकर सबसे चर्चित लीक्स में से एक इसकी Dynamic Island से जुड़ा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, Apple Dynamic Island का आकार छोटा कर सकता है, जिससे स्क्रीन पर ज्यादा जगह मिलेगी। कुछ लीक्स में दावा किया गया है कि Dynamic Island की चौड़ाई करीब 35 प्रतिशत तक कम हो सकती है। हालांकि दूसरी रिपोर्ट्स में कहा गया है कि यह बदलाव iPhone 19 तक टाला जा सकता है। इसलिए इस फीचर को लेकर अभी पूरी तरह पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, Under-Display Face ID को लेकर भी पहले कई दावे सामने आए थे, लेकिन मौजूदा जानकारी के अनुसार, iPhone 18 Pro में Face ID को पूरी तरह स्क्रीन के नीचे ले जाने की तकनीक अभी तैयार नहीं है।
iPhone 17 Pro जैसा होगा डिजाइन
iPhone 18 Pro और Pro Max का ओवरऑल डिजाइन iPhone 17 Pro सीरीज जैसा ही रहने की उम्मीद है। फोन में बड़े कैमरा मॉड्यूल के साथ ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप मिल सकता है। हालांकि कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, फोन की मोटाई थोड़ी बढ़ सकती है। एक लीक में iPhone 18 Pro की मोटाई करीब 9mm बताई गई है, जबकि दूसरी रिपोर्ट में 8.8mm मोटाई का दावा किया गया है।
मोटाई बढ़ने की वजह बड़ी बैटरी और नए Vapor Chamber कूलिंग सिस्टम को माना जा रहा है। रियर कैमरा प्लेटो भी पहले की तुलना में थोड़ा मोटा हो सकता है।
Apple इस बार iPhone 18 Pro सीरीज के लिए एक नया डार्क रेड या डार्क चेरी कलर पेश कर सकता है। रिपोर्ट्स में इसे Dark Cherry बताया गया है, जिसमें हल्का पर्पल टोन भी देखने को मिल सकता है। इसके अलावा, Light Blue, Dark Gray और Silver कलर विकल्प भी मिलने की उम्मीद है यानी Pro मॉडल में कुल चार कलर विकल्प देखने को मिल सकते हैं।
कैमरे में हो सकता है बड़ा अपग्रेड
आईफोन 18 प्रो सीरीज में कैमरा सबसे बड़े अपग्रेड में से एक हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फोन के मेन कैमरे में Variable Aperture Lens दिया जा सकता है। इस तकनीक की मदद से कैमरे में आने वाली रोशनी की मात्रा को बदला जा सकेगा। इससे तेज रोशनी में ओवरएक्सपोजर को कम करने और कम रोशनी में बेहतर फोटो लेने में मदद मिल सकती है। यूजर्स को डेप्थ ऑफ फील्ड पर भी ज्यादा कंट्रोल मिल सकता है। इसके अलावा, मेन और टेलीफोटो कैमरे में बड़े अपर्चर मिलने की उम्मीद है। इससे लो-लाइट फोटोग्राफी बेहतर हो सकती है और फोटो में नॉइज कम किया जा सकता है।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, iPhone 18 Pro के कम से कम एक मॉडल में Samsung का नया थ्री-लेयर स्टैक्ड इमेज सेंसर इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे कैमरा ज्यादा तेजी से काम करने के साथ बेहतर डायनामिक रेंज और कम नॉइज दे सकता है।
कहा जा रहा है कि ऐपल Variable Aperture Lens के साथ Teleconverter तकनीक पर भी काम कर रहा है। हालांकि स्मार्टफोन में इसका इस्तेमाल किस तरह किया जाएगा, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
2nm A20 Pro चिप देगी ज्यादा पावर
iPhone 18 Pro सीरीज का सबसे बड़ा इंटरनल अपग्रेड नया A20 चिप हो सकता है। Apple पहली बार 2nm प्रोसेस पर आधारित चिप का इस्तेमाल कर सकता है। 2nm प्रोसेस की मदद से चिप में ज्यादा ट्रांजिस्टर फिट किए जा सकते हैं। इससे परफॉर्मेंस बढ़ने के साथ पावर एफिशिएंसी भी बेहतर होने की उम्मीद है। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, A20 चिप A19 की तुलना में करीब 15 प्रतिशत तक तेज और 30 प्रतिशत तक ज्यादा एफिशिएंट हो सकती है।
Apple A20 चिप में TSMC की WMCM तकनीक का इस्तेमाल भी कर सकता है। इससे RAM को CPU, GPU और Neural Engine के साथ ज्यादा करीब से इंटीग्रेट किया जा सकेगा। इसका फायदा Apple Intelligence, AI टास्क और बैटरी लाइफ में देखने को मिल सकता है। हालांकि 2nm चिप की कीमत मौजूदा 3nm चिप से काफी ज्यादा होने की संभावना है। यही वजह है कि Apple इसे पहले केवल Pro मॉडल तक सीमित रख सकता है।
C2 मॉडेम से बेहतर 5G और सैटेलाइट कनेक्टिविटी
iPhone 18 Pro में Apple का नया C2 मॉडेम भी मिल सकता है। यह मौजूदा C1 और C1X मॉडेम की तुलना में बेहतर परफॉर्मेंस देने की उम्मीद है। C2 मॉडेम में mmWave 5G सपोर्ट और बेहतर नेटवर्क कनेक्टिविटी मिलने की संभावना है। इसके अलावा, सैटेलाइट कनेक्टिविटी भी ज्यादा एडवांस हो सकती है।
अगर रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो भविष्य में iPhone 18 Pro पर सैटेलाइट नेटवर्क के जरिए सिर्फ इमरजेंसी मैसेजिंग ही नहीं, बल्कि कुछ इंटरनेट आधारित सेवाओं का इस्तेमाल भी संभव हो सकता है।
बड़ी बैटरी मिलने की संभावना
iPhone 18 Pro Max में पहले की तुलना में बड़ी बैटरी मिलने की उम्मीद है। साथ ही, 2nm A20 चिप की बेहतर एफिशिएंसी भी बैटरी बैकअप को बढ़ाने में मदद कर सकती है। लीक्स के मुताबिक, iPhone 18 Pro में करीब 4,288mAh और iPhone 18 Pro Max में लगभग 5,567mAh बैटरी दी जा सकती है। हालांकि अलग-अलग बाजारों के लिए बैटरी क्षमता में थोड़ा अंतर हो सकता है। इसका मतलब है कि Pro Max मॉडल लंबे समय तक चलने वाली बैटरी देने वाले iPhones में शामिल हो सकता है।
कीमत में हो सकती है बड़ी बढ़ोतरी
iPhone 18 Pro सीरीज की कीमत को लेकर भी अच्छी खबर नहीं है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि नए मॉडल iPhone 17 Pro सीरीज की तुलना में महंगे हो सकते हैं। कुछ अनुमान के मुताबिक, iPhone 18 Pro की शुरुआती कीमत करीब 1,299 डॉलर और iPhone 18 Pro Max की कीमत करीब 1,399 डॉलर हो सकती है। वहीं, कुछ एक्सपर्ट का मानना है कि कीमत में 200 से 300 डॉलर तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसकी सबसे बड़ी वजह महंगे 2nm चिप, ज्यादा RAM और कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत बताई जा रही है।
iPhone 18 Pro में क्या-क्या नया मिलेगा?
अगर सामने आई रिपोर्ट्स और लीक्स सही साबित होते हैं, तो iPhone 18 Pro सीरीज में ये प्रमुख बदलाव देखने को मिल सकते हैं:
- 6.3 इंच और 6.9 इंच LTPO+ डिस्प्ले
- छोटी Dynamic Island
- नया 2nm A20 Pro चिप
- Variable Aperture मेन कैमरा
- बेहतर टेलीफोटो कैमरा
- नया स्टैक्ड इमेज सेंसर
- बड़ी बैटरी
- बेहतर Vapor Chamber कूलिंग
- नया C2 मॉडेम
- बेहतर 5G और संभावित सैटेलाइट इंटरनेट सपोर्ट
- नए Dark Cherry और Light Blue कलर विकल्प
कुल मिलाकर, iPhone 18 Pro सीरीज बाहर से भले ही मौजूदा iPhone जैसी नजर आए, लेकिन अंदर से इसमें कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। खासकर 2nm चिप, कैमरा अपग्रेड, बेहतर बैटरी और कनेक्टिविटी इसे अब तक के सबसे दिलचस्प Pro iPhone मॉडल में शामिल कर सकते हैं। ध्यान रहे कि ऊपर दी गई कीमत, स्पेसिफिकेशन और फीचर्स लीक्स और रिपोर्ट्स पर आधारित हैं और आधिकारिक लॉन्च के समय इनमें बदलाव संभव है।

























