
Vivo ने कुछ दिनों पहले ही अंर्तराष्ट्रीय बाजार में अपनी ‘वाई सीरीज़’ को बढ़ाते हुए Vivo Y50 स्मार्टफोन पेश किया है। यह फोन फिलहाल कंबोडिया में उतारा गया है जो आने वाले दिनों में भारत सहित अन्य बाजारों में सेल के लिए उपलब्ध होगा। वीवो वाई50 के बाद अब वीवो के एक और नए स्मार्टफोन की जानकारी सामने आ रही है। इस नए Vivo फोन को चीनी सर्टिफिकेशन्स साइट टेना पर लिस्ट किया गया है जहां फोन की फोटो के साथ ही इसकी स्पेसिफिकेशन्स का भी खुलासा हो गया है।
टेना पर इस नए वीवो फोन को Vivo V1990A मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। इस लिस्टिंग को एमएसपी ने स्पॉट किया है जिसका मानना है कि वीवो वी1990ए मॉडल नंबर वाला यह फोन Vivo Y सीरीज़ का ही अगला स्मार्टफोन होगा। इस लिस्टिंग में फोन के सभी पैनल्स की फोटो दिखाई है। जिससे फोन की लुक और डिजाईन की जानकारी मिली है। इसके साथ ही टेना पर Vivo V1990A की लगभग सभी स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा हो गया है।
लुक व डिजाईन
Vivo V1990A के डिजाईन की बात करें तो यह फोन पंच-होल डिसप्ले पर बनाया गया है। यह होल स्क्रीन के उपनी बाएं कोने पर स्थित है। फोन की डिसप्ले तीन ओर से जहां बेजल लेस है वहीं नीचे की ओर हल्का सा चिन पार्ट दिया गया है। वीवो फोन के बैक पैनल पर ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है जो उपरी बाईं ओर वर्टिकल शेप में स्थित है। इस सेटअप में तीन कैमरा सेंसर और फ्लैश एक ही कतार में लगे हुए हैं तथा सबसे उपर वाले सेंसर के नीचे लेंस डिटेल भी लिखी गई है। फोन के बैक पैनल पर फिंगरप्रिंट सेंसर मौजूद है। फोन के दाएं पैनल पर वाल्यूम रॉकर और पावर बटन दिया गया है तथा बाएं पैनल पर एक अन्य बटन मौजूद है। यह गूगल असिस्टेंट का शार्टकट हो सकता है।
स्पेसिफिकेशन्स
Vivo V1990A को टेना पर 6.53 इंच की फुलएचडी+ एलसीडी डिसप्ले पैनल से लैस बताया गया है। टेना के अनुसार वीवो का यह फोन एंडरॉयड 9 पाई पर पेश किया जाएगा जिसके साथ प्रोसेसिंग के लिए 2.3गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाला आक्टाकोर प्रोसेसर देखने को मिलेगा। वहीं फोन में मीडियाटेक या क्वॉलकॉम चिपसेट देखने को मिल सकता है। टेना पर Vivo V1990A के तीन रैम व दो स्टोरेज वेरिएंट्स में दिखाए गए हैं। इस वेरिएंट्स में 4 जीबी रैम, 6 जीबी रैम और 8 जीबी रैम मौजूद है तथा स्टोरेज के लिए 64 जीबी इंटरनल मैमोरी वा 128 जीबी की इंटरनल स्टोेरेज के आप्शन दिए गए हैं।
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो टेना के अनुसार Vivo V1990A के बैक पैनल पर फ्लैश लाईट के साथ 16 मेगापिक्सल के प्राइमरी कैमरा सेंसर दिया जाएगा। इसके साथ 8 मेगापिक्सल का सेकेंडरी लेंस और 5 मेगापिक्सल का थर्ड सेंसर देखने को मिलेगा। इसी तरह सेल्फी व वीडियो कॉलिंग के लिए इस फोन में 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिए जाने की बात सामने आई है। वीवो के फोन को टेना पर 4880एमएएच की बैटरी से लैस बताया गया है। फोन का वज़न 204ग्राम और डायमेंशन 162.39 x 77.33 x 8.85एमएम बताया गया है। बहरहाल इस वीवो फोन के नाम और इसके लॉन्च के बारे में अभी कुछ भी पुख्ता तौर पर नहीं कहा जा सकता है।





















