Vivo V70 Elite रिव्यू: 2 सप्ताह फोन चलाने के बाद जानें कैसा है अहसास

Join Us icon

वीवो ने 19 फरवरी को भारत में अपनी ‘वी’ सीरीज का नया स्मार्टफोन Vivo V70 Elite लॉन्च किया था। यह मोबाइल 26 फरवरी से सेल के लिए उपलब्ध हो गया है जिसकी कीमत 51,999 रुपये से शुरू होती है। यह मोबाइल लॉन्च से पहले ही हमारे पास आ गया था जिसे हमने तकरीबन 2 हफ्ते तक इस्तेमाल किया। यह पहली बार है जब कंपनी कोई ‘एलिट’ टाइटल वाला मोबाइल लेकर आई है। दो सप्ताह में हमने फोन के तकरीबन हर आस्पेक्ट को परखा और समझने की कोशिश की, कि यह नया वीवो फोन कैसा है। अपने यूजर एक्सपीरियंस को हमने आगे पेश किया है जिसे आप वीवो वी70 एलिट रिव्यू के तौर पर पढ़ सकते हैं।

डिजाइन

Vivo V70 Elite को कंपनी ने कॉम्पैक्ट डिजाइन पर बनाया है। इस फोन की थिकनेस 15.752 × 7.433 × 0.740cm है। मोबाइल के बैक पैनल पर स्क्वायर शेप का कैमरा सेटअप दिया गया है जिसमें दो सेंसर्स बड़ी रिंग शेप में वर्टिकली प्लेस्ड हैं और साइड में ऑरा रिंग लाइट के साथ ही थर्ड लेंस मौजूद है। मार्केट में इस फोन को Authentic Black, Sand Beige और Passion Red कलर में लाया गया है और हमने पैशनेट रेड कलर वेरिएंट का यूज किया जो देखने में प्रीमियम लुक दे रहा है।

फोन का कैमरा बंप पैनल से काफी उभरा हुआ है। इसकी मोटाई तो काफी है लेकिन पैनल के किनारे पर लगाए जाने की वजह से यह बहुत ज्यादा फील नहीं होती। साइज छोटा होने की वजह से यह हथेली में आसानी से फिट हो जाता है और बढिया ग्रिप बनती है। फोन में फ्लैट सरफेस के साथ कर्व्ड ऐज का इस्तेमाल किया गया है। अगर आप एक हाथ से फोन चलाते हैं तो यह आपकी छोटी उंगली पर बढिया से टिक जाता है। फोन एल्युमिनियम फ्रेम पर बना है जो ना तो चुभता है और न ही असहज फील करवाता है। बताते चलें कि इस वीवो फोन का वजन 194 ग्राम है।

फ्रंट पैनल पर पंच-होल स्टाइल वाली फ्लैट स्क्रीन दी गई है। यह तकरीबन बेजल लेस डिजाइन पर बनी है जिसका स्क्रीन-टू-बॉडी रेश्यो 90% के करीब है। सेल्फी कैमरा से लैस होल बॉडी ऐज से दूर रखा गया है जिसके चारों ओर स्क्रीन पार्ट दिया गया है। यह मोबाइल IP68+IP69 रेटिंग पर लाया गया है जो इसे धूल व पानी से सुरक्षित रखने में मदद करती है। हमें फोन का डिजाइन अच्छा लगा, यह कंफर्टेबल है और देखने में भी स्टाइलिश है।

डिस्प्ले

Vivo V70 Elite 5G फोन को 2750 × 1260 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.59-इंच की 1.5K स्क्रीन पर लॉन्च किया गया है। यह flat AMOLED पैनल पर बनी है जिसे कंपनी ने Ultra Clear डिस्प्ले का नाम दिया है। स्क्रीन पर 120Hz रिफ्रेश रेट, 4320Hz PWM डिमिंग, 459PPI और 1.07बिलियन कलर्स के साथ ही 5000nits पीक ब्राइटनेस आउटपुट प्राप्त होता है। फोन को 3D Ultrasonic Fingerprint Scanning 2.0 तकनीक से लैस किया गया है।

स्क्रीन का साइज छोटा है लेकिन हमें यह बिल्कुल परफेक्ट लगा। सिंगल हैंड यूज़ करने में काफी आसान है। हाई रिफ्रेश रेट चलते स्क्रीन पर मोशन ब्लर काफी कम रहा और स्क्रॉलिंग स्मूथ फील हुई। एनिमेशन बिना रुकावट चले और वहीं टच रिस्पॉन्स भी फास्ट मिला। डिस्प्ले पर मौजूद कंटेंट काफी शार्प और क्लियर दिखाई दे रहा है। हमने हाई रेजोल्यूशन YouTube वीडियो फोन में चलाई तो कलर वाकई में काफी वाइब्रेंट और अटरेक्टिव नजर आए।

Netflix जैसे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के लिए वीवो वी70 एलिट में HDR सपोर्ट भी दिया गया है। इसके चलते ब्लैक कलर जहां गहरा दिखता है वहीं अन्य कलर कॉन्ट्रास्ट आते है, यानी मूवी या वेब सीरीज देखने में डायनामिक और इमर्सिव एक्सपीरियंस मिलता है। वहीं जब हमने आउटडोर सनलाइट में फोन चलाया तो भी स्क्रीन काफी ब्राइट रही और डिस्प्ले का यूज़ बिना किसी परेशानी से किया जा सका। सिर्फ वीडियोज़ ही नहीं बल्कि टेक्स्ट पढ़ने में भी कोई दिक्कत नहीं हुई। कुल मिलाकर Vivo V70 Elite की स्क्रीन से आपको कोई शिकायत नहीं होगी। यह फोन चलाने में मस्त अनुभव देगी।

परफॉर्मेंस

Vivo V70 Elite कंपनी की ‘वी-सीरीज’ का सबसे पावरफुल स्मार्टफोन है। इसे क्वालकॉम के Snapdragon 8s Gen 3 चिपसेट पर लॉन्च किया गया है। यह 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.0गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 3.0गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। प्रोसेसर की क्षमता को जानने के लिए हमने इस मोबाइल में कुछ बेंचमार्क रन किए हैं जिनका स्कोर आप नीचे लगी टेबल में देख सकते हैं।

Vivo V70 Elite को कंपनी ने LPDDR5X RAM पर पेश किया है जिसके साथ 12GB मिलती है। हमने इस फोन में एक साथ 18 ऐप्स ओपन की और सभी को बैकग्राउंड में रन होने दिया। इस दौरान ऐप स्वीचिंग फास्ट रही और हमें लैग होने जैसी दिक्कत भी नहीं आई। यानी कहा जा सकता है कि यह नया वीवो फोन स्मूथ मल्टीटास्किंग कर सकता है। वहीं फास्ट डाटा ट्रांसफर और मेमोरी एक्सेस के लिए इनमें UFS 4.1 Storage दी गई है। बताते चलें कि इस फोन के साथ कंपनी 4 जेनरेशन की एंड्रॉयड ओएस अपग्रेड और 6 साल की सिक्योरिटी अपडेट दे रही है।

बेंचमार्क टेस्टटेस्ट स्कोर
एनटूटू18,15,619
गीकबेंच सिंगल-कोर1,973
गीकबेंच मल्टी-कोर4,863
पीसीमार्क परफॉर्मेंस11,808
बर्नआउट टेस्ट51.7%

वीवो वी70 एलिट में कंपनी ने X-axis linear motor भी लगाई है। यह गेमिंग के दौरान 4D vibration देती है जिससे मोबाइल यूजर्स को शानदार गेमिंग एक्सपीरियंस प्राप्त होगा। हैवी परफॉर्मेंस से गेम खेलते वक्त फोन गर्म ना होगा, इसके लिए वी70 एलिट में 4200mm² अल्ट्रा लार्ज वैपर चैंबर कूलिंग सिस्टम दिया गया है जो मोबाइल में हीट कैद नहीं होने देता और उसे तेजी से बाहर निकालता है। हमने इस फोन में बीजीएमआई और सीओडी गेम खेले, गेमप्ले के दौरान कैसा रिस्पांस रहा इसे आप टेबल में देख सकते हैं।

गेमिंग टेस्टBGMICOD
Graphics (अधिकतम)Ultra HDRVery High
FPS (अधिकतम)Extreme+Ultra
औसत फ्रेम रेट39.3fps58.5fps
तापमान में बढ़ोतरी3.6 डिग्री5.7 डिग्री
बैटरी में गिरावट1%6%

मोबाइल की ओवरऑल परफॉर्मेंस हमें औसत लगी। इसे स्लो तो नहीं कहा जाएगा लेकिन 50 हजार रुपये चुकाने के बाद यूजर्स को और बेहतर की उम्मीद रहती है। इन्हीं दिनों इंडिया में iQOO 15R स्मार्टफोन लॉन्च हुआ है। इसका प्राइस Vivo V70 Elite से तकरीबन 5 हजार रुपये कम है और AnTuTu score 30,78,708 आ चुका है। इसी तरह OnePlus 15R भी वी70 एलिट से अधिक 29,57,229 AnTuTu स्कोर पा चुका है। देखा जाए तो परफॉर्मेंस के मामले में वीवो वी70 एलिट इनके सामने हल्का पड़ता और ऊपर से दाम भी ज्यादा है।

कैमरा

V70 Elite के लिए Vivo ने ZEISS के साथ साझेदारी की है। पहले कैमरा हार्डवेयर की ही बात करें तो यह मोबाइल ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एफ/1.88 अपर्चर वाला 50-मेगापिक्सल मेन OIS सेंसर दिया गया है जिसके साथ 50-मेगापिक्सल Night Telephoto कैमरा और 8 मेगापिक्सल Wide-Angle एंगल लेंस भी लगाया है।

फोन का मेन कैमरा सेंसर बड़े 1.6cm सेंसर के साथ आता है जो ज्यादा रोशनी कैप्चर करके, कम रोशनी में भी ज्यादा बेहतर और क्लियर फोन क्लिक कर सकता है। यह 6P लेंस है जो ऑटो फोकस और ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन जैसे फीचर्स से लैस है। टेलीफोटो लेंस के लिए वीवो ने Sony IMX882 सेंसर का इस्तेमाल किया है। यह 3x Optical Zoom के साथ ही 100एक्स तक डिजिटल ज़ूम सपोर्ट करता है। ज़ूम करके क्लिक की गई फोटोज़ में भी टेक्स्ट बिल्कुल साफ ​कैप्चर होता है जिसकी तारीफ बनती है।

फोन का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस 118 डिग्री फिल्ड ऑफ व्यू वाला है जो बड़ा फ्रेम कैप्चर कर सकता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए Vivo V70 Elite 5G फोन 50-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है। इसमें 92° Ultra-Wide फिल्ड ऑफ व्यू दिया गया है जो सिंगल फोटो के साथ ही ग्रुप सेल्फी में भी बड़ा फ्रेम प्रदान कर सकता है।

वीवो वी70 एलिट से खींची गई फोटोज़ में कलर काफी वाइब्रेंट आते हैं और फोटोज़ सैचुरेटेड दिखती है। इसी कलर बूस्टिंग की वजह से फोटो पहली ही लुक में अटरेक्टिव दिखती हैं जिन्हें बिना एडिटिंग के डायरेक्ट सोशल मीडिया पर शेयर किया जा सकता है। हमें फोटोज़ में कॉन्ट्रास्ट अच्छा लगा और कलर टोन की बैलेंस्ड थी। हॉं, अगर आप उन लोगों में से हैं जो नैचुरल लुक वाली फोटो पसंद करते हैं तो ‘वो वाली फील’ यहां कम लगेगी।

पोर्ट्रेट फोटोज़ में कैमरा द्वारा डाला गया बोका इफेक्ट बड़ी सटीकता से काम करता है। कह सकते हैं कि किसी प्रोफेशनल कैमरा वाला डेप्थ इफेक्ट मिलता है। बताते चलें कि वी70 एलिट 5जी फोन में 4K 60fps Video रिकॉर्ड की जा सकती है। नाइट फोटोग्राफी में भी Vivo V70 Elite सही काम करता है। यह लाइट फ्लेयर को कंट्रोल करता है जिससे हर तरह की रोशनी को बखूबी कैप्चर किया जा सकता है। लो लाइट सिचुऐशन में खींची गई फोटोज़ में नॉइज़ कम मिलता है जिससे फ्रेम में ​साफ डिटेल्स मिलती है।

वीवो वी70 एलिट 5जी फोन का कैमरा कई एआई फीचर्स से लैस है। इसमें मौजूद AI Audio Noise Eraser फीचर से वीडियो में आने वाले अनचाहे शोर को कम किया जा सकता है। AI Floral Blessing और AI Magic Landscape जैसे फीचर्स से सीन में सुदंरता डाली जा सकती है। वहीं सबसे स्पेशल AI Holi Portrait फीचर है जो खासतौर पर इंडियन ग्राहकों के लिए बना है। इस फीचर से नॉर्मल फोटो को ही होली वाली लुक में बदला जा सकता है।

बैटरी

पावर बैकअप के लिए वीवो वी70 एलिट 5जी फोन में तगड़ी 6500mAh Battery लगाई गई है। कॉम्पैक्ट फोन में बड़ी बैटरी लगाने के लिए वीवो की तारीफ तो बनती है। ब्रांड ने इसे BlueVolt बैटरी का नाम दिया है जिसे लंबे बैकअप के लिए ऑप्टिमाइज़्ड किया गया है। 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में इसका PCMark Battery Benchmark स्कोर 18 घंटे, 19 मिनट का आया है। वहीं रियल लाइफ यूज़ में भी एक बार फुल चार्ज करने के बाद इसने एक पूरा दिन आराम से निकाल दिया और इस दौरान हमने वीवो वी70 एलिट का प्राइमरी फोन की तरह ही इस्तेमाल किया। यानी व्हाट्सऐप, जीमेल, इंस्टाग्राम, यूट्यूब, कॉलिग और एंड्रॉयड ऑटो का लगातार यूज़ होने पर भी फोन रात तक चालू रहा।

यह नया वीवो 5जी फोन Bypass Charging तकनीक से लैस है जो हैवी परफॉर्मेंस या गेमिंग के दौरान करंट को बैटरी की बजाय सीधे मदरबोर्ड को सप्लाई कर देती है। इससे बैटरी पर एक्स्ट्रा लोड नहीं पड़ता है और फोन हीट नहीं होता है। वहीं Vivo V70 Elite 5G फोन को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 90W फास्ट चार्जिंग तकनीक दी गई है। 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में इसने फोन को 20% से 100% फुल चार्ज करने में 43 मिनट का समय लिया। फोन बैटरी की क्षमता को परखने के लिए हमने इसपर कुछ टेस्ट भी किए जिनकी रिजल्ट आप नीचे देख सकते हैं।

टेस्टरिजल्ट
पीसीमार्क बैटरी बेंचमार्क18 घंटे, 19 मिनट
यूट्यूब बैटरी ड्रॉप (60 मिनट)4%
सीओडी गेम बैटरी ड्रॉप (30 मिनट)1%
बीजीएमआई गेम बैटरी ड्रॉप (30 मिनट)6%

OriginOS 6

Vivo V70 Elite कंपनी की ‘वी’ सीरीज में लॉन्च हुआ पहला ऐसा स्मार्टफोन हो जो ओरिजन ओएस 6 पर लाया गया है। यह कई एडवांस और एआई फीचर के साथ आता है। इसमें AI Smart Assistant मिलता है, जो कॉल समरी, मैसेज हाइलाइट और जरूरी जानकारी को जल्दी ढूंढने में मदद करता है। AI Transcript फीचर की मदद से आप वॉइस रिकॉर्डिंग को टेक्स्ट में बदल सकते हैं। AI Note Assist नोट्स को ऑटोमैटिक तरीके से अरेंज किया जा सकता है। वहीं Circle Search जैसे फीचर से स्क्रीन पर दिख रही किसी भी चीज को सिंगल टैप में ही गूगल पर ढूंढा जा सकता है।

वीवो वी70 एलिट में मिलने वाला OriginOS 6 यूज़फुल होने के साथ ही विजुअली अटरेक्टिव फीचर्स भी देता है। इसमें Flip Card स्टाइल ऐप इंटरफेस मिलता है। इससे होम स्क्रीन ज्यादा इंटरैक्टिव व मॉडर्न लगती है और कई फोटोज़ को मर्ज कर मोशन ​वॉलपेपर वाली लुक दी जा सकती है। यह फीचर मुझे पर्सनली काफी सही लगा। वहीं कस्टमाइज्ड Lock Screen Clock स्टाइल में घड़ी का डिजाइन, फॉन्ट और लेआउट बदल सकते हैं। Always-On Display (AOD) के साथ भी कई एनिमेटेड और आर्टिस्टिक क्लॉक थीम मिलती हैं, जिससे लॉक स्क्रीन काफी प्रीमियम दिखती है।

Origin Island फीचर सिंपल पंच-होल को iPhone Dynamic island स्क्रीन वाली लुक देता है। इसमें नोटिफिकेशन और बैकग्राउंड एक्टिविटी को छोटे डायनामिक पॉप-अप के रूप में देखा जा सकता है। कॉल, चार्जिंग, टाइमर या म्यूजिक कंट्रोल सहित ब्लिंकिट जैसी ऐप्स पर लाइव ट्रैकिंग देती है। ये सब स्क्रीन पर मिनी विंडो की तरह नजर आते हैं और बार-बार ऐप खोलने की जरूरत नहीं पड़ती। Atomic Widgets, Smart Sidebar, Large Folder और Ultra Game Mode जैसे फीचर इसे और ज्यादा स्मार्ट बनाते हैं। कुल मिलाकर OriginOS Vivo V70 Elite को यूज़ करने का अहसास एडवांस कर देता है।

निष्कर्ष

Vivo V series अपने कैमरा के लिए पहचानी जाती है। नए वी70 एलिट में कंपनी ने इस लैगेसी को ​कंटिन्यू किया है। फोन का कैमरा वाकई में कमाल है जो हर तरह के माहौल में बेहतरीन फोटो क्लिक करता है। अगर आप सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं तो Vivo V70 Elite आपके काफी काम आएगा। इसकी फोटो और वीडियो शानदार हैं, वहीं एआई का इस्तेमाल रिजल्ट को और बेहतर बनाता है। कैमरा के अलावा वी70 एलिट का डिजाइन इम्प्रेस करता है और डिस्प्ले कंटेट व्यूइंग एक्सपीरियंस शानदार बनाती है।

फोन की बैटरी से भी यूजर्स को कोई शिकायत नहीं होगी। लेकिन अगर आप सोच रहे हैं कि 50 हजार रुपये खर्च करने के बाद परफॉर्मेंस भी दमदार मिलेगी, तो वीवो वी70 एलिट इस मामले में आपको कुछ निराश कर सकता है। प्रोसेसिंग बुरी तो नहीं है लेकिन इसे औसत दर्जे की ही माना जाएगा। 50,000 से कम में मौजूद OnePlus 15R और लेटेस्ट iQOO 15R स्मार्टफोन Vivo V70 Elite को काफी पीछे छोड़ते हैं। हमारी टेस्टिंग में इन दोनों का AnTuTu स्कोर क्रमश: 29,57,229 और 30,70,708 आ चुका है जो वी70 एलिट के 18,15,619 से काफी अधिक है।

अगर आप हैवी प्रोसेसिंग के लिए Vivo V70 Elite खरीदना चाह रहे हैं तो ऐवरेज परफॉर्मेंस से काम चलाना पड़ेगा। लेकिन वहीं दूसरी ओर इस नए वीवो फोन का कैमरा कमाल है, डिस्प्ले शानदार है और बैटरी लाजवाब है। यह मोबाइल 8GB RAM + 256GB storage के साथ 51,999 रुपये में लॉन्च हुआ है और 12GB RAM + 512GB storage वाले टॉप वेरिएंट का रेट 61,999 रुपये है। बेशक इन दिनों चिप शोर्टेज के चलते फोन महंगे हो रहे हैं लेकिन, वीवो वी70 एलिट का प्राइस निजी तौर पर कुछ ज्यादा महसूस होता है।

कुछ ही ​दिनों पहले Vivo X200T 59,999 रुपये में (12GB+256GB) लॉन्च हुआ है। कहीं न कहीं एक्स200टी ही वीवो वी70 एलिट को टक्कर देता है क्योंकि यह कैमरा के मामले में V70 Elite से कम नहीं है और इसकी परफॉर्मेंस पावर वी70 एलिट पर भारी भी पड़ती है। ऐसे में वी70 एलिट आइकू 15आर और वनप्लस 15आर जैसे प्रतिद्वंदी ब्रांड्स और वीवो के ही एक्स200टी के बीच में पड़ जाता है। यहां यूजर्स पर डिपेंड करता है कि वो किस मोबाइल को चुनना पसंद करेंगे।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here