Xiaomi 15 Ultra हैंड्स-ऑन इमेज लॉन्च से पहले लीक, कैमरा मॉड्यूल में हो सकता है बदलाव

Xiaomi 15 Ultra अगले महीने चीन और ग्लोबल मार्केट में लॉन्च होने वाला है। यह शाओमी 15 सीरीज के तहत पिछले साल अक्टूबर में पेश किए गए स्टैंडर्ड और प्रो मॉडल के बाद सबसे प्रीमियम मॉडल होगा। इस आगामी फ्लैगशिप से जुड़ी प्रमुख जानकारी पहले भी सामने आ चुकी है। वहीं, अब एक्स प्लेटफार्म पर टिपस्टर ने शाओमी 15 अल्ट्रा की लाइव हैंड्स-ऑन तस्वीर शेयर की है। जिससे स्मार्टफोन के डिजाइन के बारे में डिटेल्स मिली हैं। यह इमेज पहले लीक हुए रेंडर्स से भी मेल खाती है।
Xiaomi 15 Ultra की हैंड्स-ऑन इमेज (लीक)
- लीक हुई हैंड्स-ऑन इमेज के अनुसार, Xiaomi 15 Ultra में अपने पिछले मॉडल की तरह ही बड़ा गोलाकार कैमरा आइलैंड होगा।
- इसे ब्लैक कलर ऑप्शन में टेक्सचर्ड बैक पैनल के साथ देखा जा सकता है। पिछले लीक में डिवाइस को वाइट शेड में भी दिखाया गया था।
- आने वाले इस फोन में सबसे बड़ा बदलाव कैमरा मॉड्यूल पर सेंसर की व्यवस्था में है।
- Leica ब्रांडिंग को ऊपर बाईं ओर क्षैतिज रूप से रखा गया है। इसके अलावा इसमें एक पेरिस्कोप लेंस भी है।
- उनके नीचे की पंक्ति में एक दूसरे के बगल में तीन सेंसर हैं। इनमें 1 इंच का बड़ा प्राइमरी सेंसर, एक अल्ट्रा-वाइड-एंगल यूनिट और एक टेलीफोटो लेंस शामिल है।
- कैमरा मॉड्यूल का फ्रेम भी रेड कलर से उभारा हुआ लगता है ताकि यह Xiaomi 14 Ultra की तरह रियर पैनल के साथ मिक्स न हो।
- डुअल एलईडी फ्लैश यूनिट कैमरा आइलैंड के टॉप पर स्थित है।
- लीकर ने कहा कि Xiaomi 15 Ultra 1 इंच के प्राइमरी कैमरे और 200MP पेरिस्कोप लेंस वाला एकमात्र इमेजिंग फ्लैगशिप होगा।
अफवाहों के मुताबिक, शाओमी 15 अल्ट्रा में स्नैपड्रैगन 8 एलीट प्रोसेसर और 6,000mAh की बैटरी होने की संभावना है। इसमें 90W वायर्ड और 50W वायरलेस चार्जिंग का सपोर्ट मिलने की उम्मीद है। डिवाइस में सैटेलाइट कनेक्टिविटी होगी और यह शाओमी का पहला अल्ट्रा फोन होगा जिसमें eSIM कनेक्टिविटी होगी। शाओमी 15 अल्ट्रा से जुड़े लीक और अफवाहें तेजी से सामने आ रही हैं, जिससे उम्मीद है कि ब्रांड जल्द ही आधिकारिक जानकारी शेयर करना शुरू कर सकता है।
Xiaomi 15 Ultra के भी भारत में आने की उम्मीद है क्योंकि इसे पूर्व में BIS पर लिस्ट किया गया है। इसके पूर्व मॉडल को पिछले साल मार्च में 99,900 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया था।