
OPPO ने पिछले महीने ही भारतीय बाजार में अपनी ‘रेनो 7’ सीरीज़ को पेश किया है। सीरीज़ के तहत Oppo Reno 7 5G और Oppo Reno7 Pro 5G Phone लॉन्च हुए थे जिनका प्राइस क्रमश: 28,999 रुपये और 39,999 रुपये है। वहीं आज ग्लोबल मंच पर इस सीरीज़ में एक और नया डिवाईस जोड़ते हुए ओपो ने OPPO Reno7 Z 5G भी लॉन्च कर दिया है। यह ओपो मोबाइल फोन Snapdragon 695, 64MP triple camera और 33W fast charging तकनीक से लैस होकर आया है।
OPPO Reno7 Z 5G
ओपो रेनो7 ज़ेड 5जी के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह मोबाइल फोन 6.43 इंच की फुलएचडी+ डिसप्ले पर लॉन्च हुआ है। फोन की स्क्रीन एमोलेड पैनल पर बनी है जो 60हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट और 180हर्ट्ज़ टच सेंपलिंग रेट सपोर्ट करती है। फोन डिसप्ले पंच-होल डिजाईन पर बनी है जिसका स्क्रीन-टू-बॉडी रेशियो 90.8 प्रतिशत का है। यह ओपो फोन 409पीपीआई और 600निट्स ब्राइटनेस भी सपोर्ट करता है।
OPPO Reno7 Z 5G फोन को एंडरॉयड 11 पर लॉन्च किया गया है जो कलरओएस 12 के साथ मिलकर काम करता है। वहीं प्रोसेसिंग के लिए इस फोन में कुल आठ कोर पर काम करने वाला प्रोसेसर तथा क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 695 चिपसेट दिया गया है। यह ओपो मोबाइल LPDDR4x RAM और UFS 2.2 storage तकनीक पर काम करता है तथा थाईलैंड में इसे 8 जीबी रैम मैमोरी व 128 जीबी इंटरनल स्टोरेज पर लॉन्च किया गया है।
फोटोग्राफी के लिए ओपो रेनो7 ज़ेड 5जी फोन ट्रिपल रियर कैमर सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर एलईडी फ्लैश से लैस 64 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है। इसके साथ रियर कैमरा सेटअप में 2 मेगापिक्सल का मोनोक्रोम लेंस और 2 मेगापिक्सल का ही मैक्रो लेंस मौजूद है। इसी तरह सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए यह ओपो फोन 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
OPPO Reno7 Z 5G डुअल सिम फोन है जो एनएफसी, 3.5एमएम जैक व अन्य बेसिक कनेक्टिविटी फीचर्स के साथ ही सिक्योरिटी के लिए जहां इन डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर सपोर्ट करता है वहीं पावर बैकअप के लिए इस फोन में 4,500एमएएच की बड़ी बैटरी दी गई है। फोन को तेजी से चार्ज करने के लिए इसे 33वॉट फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस किया गया है। इस ओपो मोबाइल का डायमेंशन 159.85 x 73.17 x 7.49/7.55एमएम और वजन सिर्फ 173ग्राम है।













