
हर भारतीय की पहली पहचान बन चुके आधार कार्ड को लेकर भी अभी भी कई तरह के नुक्स सामनें आते रहते हैं। आधार कार्ड बैंक, अस्पतालों के साथ ही देश के सरकारी विभागों में भी नागरिक की पहचान के लिए सबसे पहले पूछा जाता है। लेकिन अब यूआईडीएआई यानि भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण की ओर से आधार कार्ड में एक बड़ा बदलाव किया गया है जो हर भारतीय के लिए जानना जरूरी है।
दरअसल यूआईडीएआई ने ई-आधार के लिए एक नये क्यूआर कोड की शुरूआत की है। इस क्यूआर कोड में आधार धारक की निजी जननांकीय जानकारी के साथ-साथ अब उस व्यक्ति की फोटो भी होगी। अर्थात् क्यूआर कोड स्कैन करने से पहले ही व्यक्ति की तस्वीर देखकर उसका सत्यापन किया जा सकेगा। आधार कार्ड पर मौजूद क्यूआर कोड में अब तक जहां सिर्फ धारक से जुड़ी जानकारी होती थी वहीं अब नये कोड में उसकी फोटो भी दिखाई देगी।

प्राधिकरण की ओर से यह बदलाव डिजीटल तरीके से आधार वेबसाइट से डाउनलोड किये जाने वाले ई-आधार पर ही किया गया है। किसी सामान्य आधार कार्ड में जहां 12 अंको का एक खास नंबर दिया जाता है वहीं ई-आधार में उन 12 डिजीट की जगह पर उनका इलेक्ट्रानिक संस्करण क्यूआर कोड के रूप में दिया जाता है। इस क्यूआर कोड में छिपी सूचनाओं व जानकारियों को सिर्फ बारकोड रिडर मशीन के जरिये ही पढ़ा जा सकता है।
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण के अनुसार ई-आधार के जरिये बैंक जैसे संस्थान किसी भी व्यक्ति की निजी जानकारी व उसका आधार कार्ड का सत्यापन आॅफलाइन भी कर पाएंगे। पहले जहां बैंकों में क्यूआर कोड को स्कैन करना पड़ता था वहीं अब व्यक्ति का चेहरा मिलाकर भी प्रोसेस आगे बढ़ाया जा सकेगा।


















