
91मोबाइल्स ने कुछ दिनों पहले ही अपनी एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में बताया था कि Vivo का सब-ब्रांड iQOO अब कंपनी से अलग हो रहा है और एक इंडिपेंडेंट ब्रांड के रूप में काम करेगा। वहीं आज कंपनी की ओर से इस बात को आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया है। iQOO ने ऑफिशियल कर दिया है कि अब यह ब्रांड Vivo से अलग होकर काम करेगा। iQOO ब्रांड के तहत लॉन्च होने वाले स्मार्टफोंस अब वीवो ने नहीं रहेंगे और कंपनी बेहद जल्द इंडिया में अपना पहला स्मार्टफोन उतार देगी। खास बात यह भी है कि iQOO अपने बैनर का पहला स्मार्टफोन इंडिया में लॉन्च करेगी और यह मोबाइल इंडियन मार्केट के जरिये ही ग्लोबल मंच पर दस्तक देगा।
फरवरी से होगी iQOO की नई शुरूआत
iQOO ने बताया है कि कंपनी अगले महीने यानि फरवरी में भारत में एक बड़े ईवेंट का आयोजन करेगी और इस ईवेंट के मंच से दुनिया के सामने आईक्यू ब्रांड का पहला स्मार्टफोन लॉन्च किया जाएगा। कंपनी ने बताया है कि फरवरी में आयोजित होने वाला ईवेंट ब्रांड का ग्लोबल ईवेंट होगा और भारतीय बाजार के जरिये ही iQOO का स्मार्टफोन टेक जगत में दस्तक देगा। यह फोन सबसे पहले भारत में लॉन्च किया जाएगा और उसके बाद विश्व के अन्य बाजारों में एंट्री लेगा।

फ्लैगशिप सेग्मेंट में होगी एंट्री
iQOO ने अभी अपने ब्रांड के तहत लॉन्च होने वाले स्मार्टफोन के नाम का खुलासा तो नहीं किया है लेकिन कंपनी ने इतना जरूर बता दिया है कि इस आगामी स्मार्टफोन के जरिये आईक्यू फ्लैगशिप सेग्मेंट का टारगेट रखेगी। iQOO ने बता दिया है कि ब्रांड का यह आगामी स्मार्टफोन क्वॉलकॉम के सबसे पावरफुल चिपसेट स्नैपड्रैगन 865 पर लॉन्च किया जाएगा। वहीं ब्रांड का आने वाला डिवाईस 5G कनेक्टिविटी के साथ बाजार में दस्तक देगा। गौरतलब है कि यदि iQOO फरवरी महीने की शुरूआत में ही अपना यह नया फोन लॉन्च कर देती है तो आईक्यू इंडिया का पहला ब्रांड होगा जो देश में स्नैपड्रैगन 865 चिपसेट वाला 5जी फोन लॉन्च करेगा।
बड़ी बैटरी के साथ ही होगा पावरफुल गेमिंग परफॉर्मेंस
iQOO के अनुसार कंपनी अपने स्मार्टफोंस को मोबाइल गेमिंग के लिहाज से बनाएगी। ब्रांड के फोन में एक ओर जहां पावरफुल प्रोसेसर होगा वहीं गेमिंग के शौकिन यूजर्स के लिए यह कंपनी फोन में खास गेमिंग फीचर्स व मोड भी शामिल करेगी। इसके साथ ही iQOO का कहना है कि ब्रांड के स्मार्टफोंस इंडिया में बेस्ट बैटरी टेक्नोलॉजी के साथ आएंगे। ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि iQOO स्मार्टफोंस में जहां बड़ी एमएएच वाली बैटरी दी जा सकती है वहीं कंपनी अपने आगामी स्मार्टफोंस को फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस कर बाजार में उतार सकती है।

ऑनलाईन व ऑफलाईन दोनों प्लेटफॉर्म होंगे टारगेट
iQOO ने साफ किया है कि कंपनी इंडिया के ऑनलाईन व ऑफलाईन दोनों प्लेटफॉर्म पर अपने स्मार्टफोंस उपलब्ध कराएगी। हालांकि हो सकती है कि फोन लॉन्च के तुरंत बाद iQOO स्मार्टफोन सिर्फ ऑनलाईन शॉपिंग साइट्स पर ही सेल के लिए उपलब्ध हो तथा कंपनी थोड़े समय बाद ऑफलाईन रिटेल स्टोर्स पर अपने फोंस को बेचे। वहीं iQOO के मुताबिक स्मार्टफोंस की सेल के साथ ही कंपनी उनकी सर्विस इत्यादि के लिए iQOO अपने अलग से सर्विस सेंटर बनाएगी। यानि iQOO स्मार्टफोंस के लिए यूजर्स को Vivo के सर्विस सेंटर पर निर्भर नहीं रहना होगा।
गौरतलब है कि iQOO के स्मार्टफोंस ‘मेक इन इंडिया’ होंगे तथा कंपनी बेंगलुरू से अपना बिजनेस और मैन्युफेक्चरिंग ऑपरेट करेगी। बता दें कि iQOO India के डायरेक्ट मार्केटिंग गगन अरोड़ा होंगे। आईक्यू ने हालांकि अभी यह साफ नहीं किया है कि कंपनी फरवरी में कितने स्मार्टफोंस लॉन्च करेगी और उनका नाम क्या होगा। लेकिन चर्चा है कि आने वाले दिनों में iQOO 3 और iQOO 3 Neo नाम से स्मार्टफोन लॉन्च किए जा सकते हैं।





















