
Samsung को लेकर खबर है कि कंपनी दो नए स्मार्टफोंस Samsung Galaxy A02 और Samsung Galaxy M02 पर काम कर रही है। ये दोनों ही मोबाइल विभिन्न सर्टिफिकेशन्स पर भी सामने आ चुके हैं। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि ये दोनों एक ही फोन होंगे जो अलग-अलग बाजारों में गैलेक्सी ए02 और गैलेक्सी एम02 नाम के साथ लॉच हो सकते हैं। बहरहाल एक ताजा सर्टिफिकेशन्स में Samsung Galaxy A02 की एक नई डिटेल सामने आई है जिसमें बताया गया है कि यह फोन 5,000एमएएच बैटरी के साथ लॉन्च होगा।
Samsung Galaxy A02 को दरअसल लेटिन अमेरिका की CPQD वेबसाइट पर लिस्ट किया गया है। इस वेबसाइट पर यह फोन SM-A025M/DS मॉडल नंबर के साथ लिस्ट हुआ है। इस लिस्टिंग में बताया गया है कि गैलेक्सी ए02 में HQ-50S मॉडल नंबर वाली बैटरी दी जाएगी। गौरतलब है कि यह बैटरी मॉडल TUV Rheinland पर लिस्ट हो चुका है जहां इसकी कैपेसिटी 5,000एमएएच बताई गई है। इस लिहाज से यह माना जा रहा है कि सैमसंग गैलेक्सी ए02 स्मार्टफोन भी 5,000एमएएच बैटरी के साथ ही बाजार में कदम रखेगा।
यह हो सकती है स्पेसिफिकेशन्स
Samsung Galaxy A02 स्मार्टफोन पिछले दिनों चीनी बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर भी देखा गया था। इस लिस्टिंग में खुलासा हुआ था कि गैलेक्सी ए02 को एंडरॉयड 10 ओएस पर लॉन्च किया जाएगा जो वनयूआई के साथ काम करेगा। इसी तरह प्रोसेसिंग के लिए फोन में क्वॉलकॉम स्नैपड्रैगन 450 चिपसेट दिए जाने का खुलासा हुआ था। गीकबेंच के अनुसार सैमसंग गैलेक्सी ए02 को 2 जीबी रैम मैमोरी पर लॉन्च किया जाएगा और ग्राफिक्स के लिए यह फोन एड्रेनो 506 जीपीयू सपोर्ट करेगा। यह भी पढ़ें : Oppo के इन फोन्स की कीमतों में हुई भारी कटौती, यहां देखें पूरी लिस्ट
लीक के मुताबिक सैमसंग गैलेक्सी ए02 में 5.7 इंच की एचडी+ डिसप्ले देखने को मिलेगी। फोटोग्राफी के लिए फोन के बैक पैनल पर डुअल रियर कैमरा दिया जाएगा जिसमें 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर और 2 मेगापिक्सल के डेफ्थ सेंसर मौजूद हो सकता है। इसी तरह सेल्फी के लिए इस फोन में 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया जा सकता है। इसी तरह पावर बैकअप के लिए Samsung Galaxy A02 में 5,000एमएएच की बैटरी दी जा सकती है। उम्मीद है कि यह फोन लो बजट में लॉन्च होगा जिसकी कीमत 10,000 रुपये से कम होगी।
Samsung Galaxy A12
गैलेक्सी ए सीरीज़ का एक और पिछले दिनों लीक में सामने आया है जो Samsung Galaxy A12 नाम के साथ लॉन्च होगा। लीक के अनुसार इस फोन को एलसीडी डिसप्ले पैनल पर लॉन्च किया जाएगा। रिपोर्ट के अनुसार Samsung Galaxy A12 ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करेगा। कैमरा प्लेसमेंट की डिटेल तो सामने नहीं आई है लेकिन रिपोर्ट के बताया गया था कि फोन के बैक पैनल पर मौजूद सेंसर्स में 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया जाएगा। इसके साथ ही यह फोन 5 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और 2 मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर सपोर्ट करेगा। रिपोर्ट के अनुसार सिक्योरिटी के लिए फिंगरप्रिंट सेंसर भी फोन के बैक पैनल पर ही दिया जाएगा।

गीकबेंच पर यह फोन एंडरॉयड 10 ओएस और मीडियाटेक हीलियो पी35 चिपसेट के साथ लिस्ट हो चुका है जहां फोन में 3 जीबी रैम मैमोरी दिए जाने की जानकारी मिली थी। सैमसंग गैलेक्सी ए12 को लेकर बताया है कि इससे पहला वर्ज़न गैलेक्सी ए11 जहां सिर्फ 32 जीबी इंटरनल स्टोरेज के साथ मार्केट में लॉन्च हुआ था वहीं गैलेक्सी ए12 में 32 जीबी इंटरनल मैमोरी और 64 जीबी इंटरनल मैमोरी वाले दो स्टोरेज वेरिएंट दिए जा सकते हैं। सैमसंग के इस आगामी फोन में 4,000एमएएच से अधिक की बैटरी दिए जाने की बात कही गई है तथा यह फोन black, white, red और blue कलर के साथ टेक मार्केट में लॉन्च किया जा सकता है।





















