
LG ने इसी महीने अंर्तराष्ट्रीय बाजार में अपनी ‘K series’ को बढ़ाते हुए नया फोन K20 लॉन्च किया था जो फिलहाल यूरोप व यूके में सेल के लिए उपलब्ध है। एलजी अब इस सीरीज़ में विस्तार करने वाली है। कंपनी ने बताया है कि 6 सितंबर से बर्लिन में आयोजित होने वाले IFA 2019 ईवेंट में LG भी हिस्सा लेगी और इस मंच से K series के दो नए स्मार्टफोन LG K50S और LG K40S टेक मार्केट में उतारेगी। LG ने लॉन्च से पहले ही इन दोनों स्मार्टफोंस के स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी देते हुए जता दिया है कि कंपनी अब K series के तहत प्रीमियम प्राइज़ पर दमदार डिवाईस पेश करने वाली है।
LG K50S
सबसे पहले LG K50S की बात करें तो यह स्मार्टफोन 19.5:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया जाएगा जो 6.5-इंच की एचडी+ फुलविज़न वॉटरड्रॉप डिसप्ले सपोर्ट करेगा। एलजी का यह नया फोन एंडरॉयड 9.0 पाई आधारित होगा तथा 2.0गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टा-कोर प्रोसेसर पर काम करेगा। फोन के चिपसेट कौन-सा दिया जाएगा इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
LG K50S में 3जीबी रैम के साथ 32जीबी की इंटरनल स्टोरेज दी जाएगी जिसे माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 2टीबी तक बढ़ाया जा सकेगा। हालांकि फोन को एक से ज्यादा वेरिएंट में लॉन्च किए जाने की भी उम्मीद है। LG ने बताया है कि के50एस ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करेगा। फोन के बैक पैनल पर 13-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर मौजूद होगा जिसके साथ 2-मेगापिक्सल का डेफ्थ सेंसर और 5-मेगापिक्सल का सुपर वाइड एंगल लेंस दिया जाएगा। यह भी पढ़ें : Realme अगले हफ्ते ला सकता है नया स्मार्टफोन, कंपनी ने किया टीज
सेल्फी व वीडियो कॉलिंग के लिए LG K50S 13-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करेगा। एलजी ने बताया है कि LG K50S में फिंगरप्रिंट सेंसर और गूगल असिस्टेंट बटन के साथ ही 4जी एलटीई सपोर्ट मौजूद रहेगा। फोन की मजबूती के लिए कंपनी ने इसे MIL-STD 810G सर्टिफाइड किया है। वहीं पावर बैकअप के लिए LG K50S में 4,000एमएएच की बैटरी देखने को मिलेगी। LG अपने नए फोन को ओरोरा ब्लैक और मोरोक्को ब्लू कलर में लॉन्च करेगी।
LG K40S
यह स्मार्टफोन LG K50S का ही छोटा वर्ज़न होगा जो 19.5:9 आस्पेक्ट रेशियो के साथ 6.1-इंच की एचडी+ फुलविज़न वॉटरड्रॉप डिसप्ले सपोर्ट करेगा। इस फोन में भी एंडरॉयड 9.0 पाई ओएस के साथ 2.0गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाला आक्टा-कोर प्रोसेसर देखने को मिलेगा। कंपनी की ओर से LG K40S को 2जीबी रैम व 3जीबी रैम वेरिएंट में पेश किया जाएगा जो अलग अलग बाजारों में 32जीबी इंटरनल स्टोरेज व 2टीबी तक के माइक्रोएसडी कार्ड सपोर्ट के साथ लॉन्च होगे।
LG K40S में डुअल रियर कैमरा देखने को मिलेगा जिसमें 13-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर और 5-मेगापिक्सल का सुपर वाइड एंगल लेंस दिया जाएगा। इसी तरह सेल्फी के लिए यह फोन 13-मेगापिक्सल का ही फ्रंट कैमरा सपोर्ट करेगा। LG K40S में पावर बैकअप के लिए 3,500एमएएच की बैटरी दी जाएगी। इस फोन में भी फिंगरप्रिंट सेंसर व गूगल असिस्टेंट बटन के साथ MIL-STD 810G मिलिट्री ग्रेड दी गई है और बाजार में LG K40S ओरोरा ब्लैक और मोरोक्को ब्लू कलर में दस्तक देगा।





















