
Motorola को लेकर कल ही खबर सामने आई थी कि Lenovo अधिकृत यह कंपनी आने वाली 22 अप्रैल को टेक मंच पर अपना शक्ति प्रदर्शन करने वाली है। खबर है कि इस दिन कंपनी अपनी मोटो ऐज़ सीरीज़ को पेश करेगी और Motorola Edge तथा Motorola Edge+ स्मार्टफोन लॉन्च किए जाएंगे। चर्चा है कि ये दोनों ही डिवाईस कंपनी द्वारा 5G कनेक्टिविटी के साथ स्मार्टफोन मार्केट में उतारे जाएंगे। वहीं अब फोन लॉन्च से पहले ही मोटोरोला ऐज़ की स्पेसिफिकेशन्स इंटरनेट पर लीक हो गई है जिसमें फोन के जुड़ी कई अहम जानकारी मिली है।
Motorola Edge को दरअसल चीनी बेंचमार्किंग साइट गीकबेंच पर लिस्ट किया गया है। गीकबेंच की यह लिस्टिंग कल यानि 14 अप्रैल की है और यह फोन को Motorola Edge कोडनेम के साथ ही दिखाया गया है। कोडनेम के सामने आने पर फोन के नाम पर संदेह नहीं रह जाता है। इस लिस्टिंग में फोन की कई स्पेसिफिकेशन्स का खुलासा हुआ है। गीकबेंच पर मोटोरोला ऐज़ को एंडरॉयड के सबसे लेटेस्ट ओएस एंडरॉयड 10 से लैस बताया गया है।
Motorola Edge
गीकबेंच पर Motorola Edge को 6 जीबी रैम मैमोरी से लैस दिखाया गया है। हालांकि इस बात को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है कि मोटोरोला अपने फोन को एक से अधिक वेरिएंट्स में लॉन्च करेगी। गीकबेंच पर इस फोन में 1.8गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाला आक्टाकोर प्रोसेसर दिए जाने की बात कही गई है। वहीं रिपोर्ट के अनुसार इस फोन में क्वॉलकॉम का स्नैपड्रैगन 765जी चिपसेट देखने को मिलेगा।
गौरतलब है कि स्नैपड्रैगन 765जी एक 5जी चिपसेट है जो डुअल मोड 5जी (SA/NSA) सपोर्ट करता है। इस चिपसेट से साफ हो जाता है कि मोटोरोला ऐज़ भी कंपनी का 5जी फोन होगा और मिड बजट में बाजार में उतारा जाएगा। बेंचमार्क स्कोर की बात करें तो Motorola Edge को गीकबेंच पर सिंगलअकोर में 505 तथा मल्टी-कोर में 1410 स्कोर प्राप्त हुआ है। वहीं Motorola Edge+ के बारें में भी बता दें कि इस फोन को क्वॉलकॉम के स्नैपड्रैगन 865 चिपसेट पर लॉन्च किए जाने की चर्चा है।
Motorola Edge+
मोटोरोला ऐज़ प्लस की बात करें तो फोन में 108 मेगापिक्सल प्राइमरी कैमरा हो सकता है। कुछ समय पहले सामने आए रेंडर्स के अनुसार फोन में डुअल ऑप्टिकल इमेज स्टेबलाइजेशन का सपोर्ट और लेज़र ऑटोफोकस के साथ डुअल एलईडी फ्लैश भी हो सकती है। इसके अलावा रेंडर्स से फोन में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप होने की पुष्टि हुई थी। फोन के फ्रंट पैनल पर कर्व्ड डुअल-एज डिसप्ले के साथ होल-पंच दिया जाएगा। साथ ही इसमें इन-डिसप्ले फिंगरप्रिंट सेंसर देखने को मिल सकता है। Motorola Edge+ में 8 जीबी और 12 जीबी रैम के ऑप्शन हो सकते हैं। तथा पवार बैकअप के लिए 5,170 एमएएच की बैटरी देखने को मिल सकती है।
ऐसे देखें लॉन्च ईवेंट
Motorola 22 अप्रैल को अपने फ्लैगशिप डिवाइस लॉन्च करेगी। इस लॉन्चिंग के लिए कंपनी ई-इवेंट का आयोजन करेगी। गौरतलब है कि कंपनी MWC 2020 में अपने फ्लैगशिप फोन को कथित तौर पर लॉन्च करने वाली थी। लेकिन, कोरोना संक्रमण के कारण MWC 2020 को रद्द करना पड़ा था। अब 22 अप्रैल को आयोजित होने वाला यह इवेंट इंडिया के समय अनुसार रात के 9 बजकर 30 मिनट पर होगा। जिसे मोटोरोला की आधिकारित वेबसाइट के साथ ही सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर देखा जा सकेगा।






















