
रियलमी ने इंडिया में अपनी नई नंबर सीरीज को पेश करते हुए realme 16 Pro+ 5G फोन लॉन्च कर दिया है। यह मोबाइल 39,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर आया है जो इस सेगमेंट में पहले से मौजूद OPPO K13 Turbo, Vivo V60 और Samsung Galaxy A56 जैसे डिवाइस से लड़ेगा। क्या इस नए रियलमी फोन के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स इसके प्राइस को उचित ठहराते हैं? इस फोन की काबिलियत को परखने के लिए हमने तकरीबन हफ्तेभर रियलमी 16 प्रो प्लस का इस्तेमाल किया और बारीकियों को समझा। इन दौरान हमारा यूजर एक्सपीरियंस कैसा रहा है, यह सारा ब्यौरा आप यहां realme 16 Pro+ रिव्यू के तौर पर पढ़ सकते हैं।
| realme 16 Pro Plus | स्पेसिफिकेशन्स |
| स्क्रीन | 6.8″ 4D Curve+ AMOLED |
| प्रोसेसर | Qualcomm Snapdragon 7 Gen 4 |
| रैम | 12GB LPDDR5X |
| स्टोरेज | 512GB UFS 3.1 |
| बैक कैमरा | 200MP + 50MP + 8MP |
| फ्रंट कैमरा | 50MP Selfie |
| बैटरी | 7000mAh Titan Battery |
| चार्जिंग | 80W Ultra Charge |
डिस्प्ले
रियलमी 16 प्रो+ 5जी फोन को 2800 x 1280 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.8-इंच की 1.5K डिस्प्ले पर लॉन्च किया गया है। यह AMOLED पैनल पर बनी कर्व डिजाइन वाली स्क्रीन है और इसीलिए कंपनी ने इसको HyperGlow 4D Curve+ Display का नाम दिया है। ये कर्व वाकई में मोबाइल की लुक को बढ़ाते हैं और स्क्रीन कंटेंट का व्यूइंग एक्सपीरियंस शानदार करते हैं।
फोन स्क्रीन 144Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है और मोबाइल यूज़ करने के दौरान इसका अहसास भी बखूबी होता है। रियलमी 16 प्रो+ में स्मूथ स्क्रॉलिंग मिलती है स्क्रीन टच रिस्पांस भी काफी फास्ट है। यह हाई रिफ्रेश रेट गेमिंग में भी काम आती है जो गेमप्ले को स्मूथ और रिस्पॉन्सिव बनाती है। वहीं इस रियलमी फोन को कंपनी ने 6500nits पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट दिया है।
आउटडोर लोकेशन और तेज धूप फोन चलाते वक्त यह ब्राइटनेस सपोर्ट काफी मददगार साबित हुआ। सिर्फ फोटोज़ या वीडियोज़ ही नहीं बल्कि टेक्स्ट इत्यादि भी बिल्कुल साफ और क्लीयर नज़र आए। फोन डिस्प्ले ब्राइट होने के साथ ही कॉन्ट्रास्ट और कलरफुल भी है। इंस्टाग्राम रील्स चलानी हो या यूट्यूब पर वीडियोज़ देखनी हो, realme 16 Pro+ की स्क्रीन शानदार एक्सपीरियंस प्रदान कर सकती है। बताते चलें कि इसपर 240Hz टच सैंपलिंग रेट, 5000000:1 कॉन्ट्रास्ट रेश्यो, 1.07बिलियन कलर्स और 100% DCI-P3 कलर सेचुरेशन सपोर्ट मौजूद है।
परफॉर्मेंस
realme 16 Pro+ 5G फोन को क्वालकॉम के Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर पर लॉन्च किया गया है। यह 4नैनोमीटर आर्किटेक्चर पर बना मोबाइल सीपीयू है जिसमें 1.8GHz क्लॉक स्पीड वाले एफिशिंयसी कोर, 2.4GHz स्पीड वाले परफॉर्मेंस कोर और 2.8GHz की हाई क्लॉक स्पीड पर रन करने वाला प्राइम कोर शामिल है। इस्तेमाल के दौरान हमें फोन प्रोसेसिंग से शिकायत नहीं हुई।
इस चिपसेट पर हमने कई अलग-अलग तरह के बेंचमार्क रन किए और हार्डवेयर क्षमता को परखने के कोशिश की। किस बेंचमार्क में रियलमी 16 प्रो प्लस और स्नेपड्रैगन 7 जेन 4 प्रोेसेसर ने कैसा परफॉर्म किया यह आप नीचे लगी टेबल में देख सकते हैं।
| बेंचमार्क टेस्ट | रिजल्ट |
| एनटूटू | 1434981 |
| सिंगल-कोर गीकबेंच | 1352 |
| मल्टी-कोर गीकबेंच | 4058 |
| पीसीमार्क परफॉर्मेंस | 15570 |
| एआई बेंचमार्क | 5195 |
| बर्नआउट टेस्ट | 58.9% |
मोबाइल चिपसेट की क्षमता को बढ़ाने के लिए रियलमी 16 प्रो+ में LPDDR5X RAM लगाई गई है। रैम और प्रोसेसर के बीच का तालमेल यूजर को बेहतरीन परफॉर्मेंस प्रदान करता है। हमने एक साथ कई ऐप्स को खोला जिनमें यूट्यूब वीडियो, बीजीएमआई और रियलमी रेसिंग 3 गेम भी शामिल थे। लेकिन यहां सभी ऐप्स सही काम कर रही थी और हमें ऐप स्वीचिंग भी फास्ट मिली।
मोबाइल गेमिंग के दौरान फोन को हीट होने से रोकने के लिए इसमें AirFlow VC Cooling सिस्टम लगाया गया है। यह फोन प्रोसेसर की गर्मी को बड़ी तेजी से डिवाइस से बाहर निकाल देता है जिससे मोबाइल ठंडा बना रहता है। मल्टीटास्किंग के दौरान बीजीएमआई और रियल रेसिंग 3 एक साथ बैकग्राउंड में प्ले हो रहे थे और ऐप स्वीच करने पर भी दोनों गेम सही चल रहे थे। हॉं, डिवाइस हल्का गर्म तो हुआ लेकिन इसे बहुत ज्यादा बुरा तो बिल्कुल नहीं कहा जाएगा।
91मोबाइल्स की टेस्टिंग टीम ने realme 16 Pro+ में तीन डिफरेंट गेम्स रन किए और तीनों को ही आधा घंटा यानी 30-30 मिनट तक खेला। गेम प्ले के दौरान फोन हैंग होने या लैग होने जैसी समस्या नहीं आई। गेमिंग के दौरान जो डाटा रिकॉर्ड हुआ उसे आप आगे टेबल में देख सकते हैं।
| मोबाइल गेम | ऐवरेज फ्रेम रेट | फोन टेम्परेचर में बढ़ोतरी | बैटरी ड्रॉप |
| BGMI | 39.2FPS | 5.8 डिग्री | 6 प्रतिशत |
| Call of Duty | 59.6FPS | 5.2 डिग्री | 7 प्रतिशत |
| Real Racing 3 | 56.1FPS | 5.1 डिग्री | 6 प्रतिशत |
कैमरा
रियलमी 16 प्रो प्लस 5जी फोन फोटोग्राफी के लिए ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। टेक्निकल स्पेक्स की बात करें तो इसके बैक पैनल पर एफ/1.8 अपर्चर वाला 200 मेगापिक्सल Samsung HP5 सेंसर दिया गया है जो एफ/2.8 अपर्चर और 10× डिजिटल ज़ूम वाले 50 मेगापिक्सल 3.5× Telephoto Portrait लेंस और 115.5° एफओवी वाले 8 मेगापिक्सल वाइड एंगल+मैक्रो लेंस के साथ मिलकर काम करता है।
अगर आप यह मोबाइल सिर्फ कैमरा के लिए खरीदने की सोच रहे हैं तो, ‘खरीद लीजिए’! realme 16 Pro+ का कैमरा आपको निराश नहीं करेगा। फोन से खींचे गए वाइड एंगल शॉट्स सही कैप्चर हुए हैं। वहीं सबसे बड़ी बात है कि ज़ूम करके क्लिक की गई फोटोज़ में भी क्वालिटी से समझौता नहीं करना पड़ता है। नीचे लगी फोटो गैलरी में आप देख सकते हैं कि ज़ूम करने के बाद भी ऑब्जेक्ट पर लिखा गया टेक्स्ट ब्लर या फेड नहीं होता है बल्कि शार्प ही नज़र आता है।
रियलमी 16 प्रो प्लस में कंपनी ने LumaColor एल्गोरिदम का इस्तेमाल किया है जो ह्यू और सेचुरेशन को बैलेंस्ड तरीके से पेश करता है। फोटोज़ में कलर शार्प, वाइब्रेंट और चमकदार नज़र आते हैं। इस फोन में हमें चार प्री-सेट Portrait मोड्स मिले जिनमें 1x, 2x, 3.5x, 7x और 10x शामिल थे। ये यूज़फुल तो हैं ही, वहीं साथ ही इनके चलते फोटोग्राफी भी फास्ट हुई। सब्जेक्ट को तेजी से फोकस करके कैप्चर करने में वाकई में मदद मिली। ये डेली लाइफ में बड़ा फायदेमंद साबित होगा।
realme 16 Pro+ 5G की डे-लाइट यानी दिन में खींची गई फोटोज़ तो शानदार रही, वहीं साथ ही फोन की नाइट फोटोग्राफी ने भी हमको चौंकाया। सबसे बड़ी बात कि जब हमने लाइट्स से भरी बिल्डिंग की फोटो खींची, तब भी ग्लेयर्स काफी ज्यादा कंट्रोल्ड रही। वहीं रात में क्लिक की गई फोटोज़ में टेक्स्ट भी क्लियर नजर आए। पिक्सल पिक्सल काफी ज्यादा शार्प रहे जिनकी तारीफ भी बनती है। AI Edit Genie फीचर्स के साथ यह मोबाइल सोशल मीडिया रेडी फोटोग्राफ प्रदान करता है। यह न सिर्फ फोटो में फिल्टर्स और ब्यूटी लाता है बल्कि पूरी पिक्चर को ही नई थीम में तब्दिल कर सकता है।
अगर आप सेल्फी के शौकिन हैं जो इस रियलमी फोन में 50 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। यह OmniVision OV50D सेंसर है जो एफ/2.4 अपर्चर पर काम करता है। फोन से खींची गई फोटो क्लियर और शार्प रही। हमें एक अच्छी बात यह लगी कि सेल्फी फोटोग्राफ में इस फोन ने फालतू के एक्स्ट्रा ब्यूटी फिल्टर नहीं लगाए थे। इसके चलते नेचुरल सेल्फी आई। फ्रंट कैमरा से जब पोर्ट्रेट फोटो खींची गई तो कुछ जगह यह सब्जेक्ट और बैकग्राउंड को ठीक से भांप नहीं पाया और ऐज डिटेक्शन में गड़बड़ी नजर आई।
बैटरी
रियलमी 16 प्रो प्लस ने भी बड़ी बैटरी वाले मौजूद ट्रेंड को ज्वाइंन किया है। यह मोबाइल तगड़ी 7,000एमएएच बैटरी के साथ आया है जो इसे लंबा पावर बैकअप प्रदान करती है। हमारी टेस्टिंग में इसका PCMark battery बेंचमार्क स्कोर 19 घंटे का रहा। अगर टेस्ट रिजल्ट को साइड कर दें, तो भी यह गेमिंग और म्यूजिक को मिलाकर यह मोबाइल एक पूरा दिन आराम से निकाल सकता है। हमें यह स्मार्टफोन बार-बार चार्ज करने की जरूरत नहीं पड़ी। वहीं सबसे अच्छी बात यह रही कि जब बैटरी 25% से कम आ गई, तब भी इसने कॉलिंग, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम स्क्रॉलिंग व बैंकग्राउंड म्यूजिक के साथ 3 घंटे से भी ज्यादा समय का साथ निभाया।
गौरतलब है कि यह Titan Battery है जिसे कंपनी 5 साल की बैटरी हेल्थ के दावे के साथ पेश कर रही है। यानी यह लंबे समय तक साथ निभाएगी और 5 साल बाद भी 80% से ज्यादा की हेल्थ कैपेसिटी कायम रख पाएगी। इस बैटरी हेल्थ को मेंटेन करने के लिए रियलमी 16 प्रो+ में Bypass Charing तकनीक भी दी गई है। हैवी प्रोसेसिंग या गेमिंग के दौरान फोन चार्ज करने पर यह पावर यानी करंट को बैटरी की बजाय सीधे फोन मदरबोर्ड को ट्रांसफर कर देती है। इससे बैटरी पर एक्स्ट्रा लोड नहीं पड़ता है और फोन हीटिंग की प्रॉब्लम भी नहीं आती है।
फोन की तगड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 80W Ultra Charge टेक्नोलॉजी दी गई है। टेस्टिंग के दौरान इसने फोन को 20% से 100% फुल चार्ज करने में 47 मिनट का समय लिया। यानी आप सुबह उठकर इसे चार्ज पर लगाएं और नहा-धोकर, रेडी होकर जब घर से बाहर निकलेंगे यह फुल चार्ज हो जाएगा। कुल मिलाकर realme 16 Pro+ की बैटरी को फोन की बड़ी यूएसपी माना जा सकता है।
निष्कर्ष
इस मोबाइल में कंपनी ने Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर लगाया है। यही चिपसेट पिछले जेनरेशन के realme 15 Pro में दिया था और यही वजह कहीं न कहीं रियलमी फैंस को निराश भी कर सकती है। अगर प्रोसेसर की नई जेनरेशन ला दी जाती तो शायद कीमत के साथ भी आसानी से अडजेस्ट कर लिया जाता है। लेकिन वहीं दूसरी ओर मोबाइल में दी गई LPDDR5X RAM इसके बेहतर और फास्ट होने का अहसास कर देती है।
जैसा कि हमने पहले ही बताया अगर आप फोन फोटोग्राफी का शौक रखते हैं तो realme 16 Pro Plus आपको पसंद आएगा। इस मोबाइल का कैमरा ही हमें इसकी सबसे बड़ी ताकत लगा। रियर कैमरा वाकई में कमाल का रिजल्ट देता है और इसकी नाइट फोटोग्राफी भी कमाल है। इसी तरह फोन की सेल्फी भी निराश नहीं करती है। कुल मिलाकर फोन का कैमरा अपना भरपूर दम दिखाता है। इन दिनों बड़ी बैटरी फोंस का ट्रेंड चल रहा है। कहने को तो रियलमी 16 प्रो+ में 7000एमएएच बैटरी लगी है लेकिन इसे बहुत ज्यादा हाइप नहीं माना जाएगा। फोन में दी गई 6500nits ब्राइटनेस वाली 4D Curve+ स्क्रीन इसे अन्यों से बेहतर बनाने की क्षमता रखती है।
realme 16 Pro+ 40 हजार का फोन है। मौजूदा वक्त में पूरी दुनिया में रैम चिप की शॉर्टेज चल रही है और इसी वजह फोन महंगे रेट पर लॉन्च हो रहे हैं और पहले लॉन्च हो चुके मोबाइल्स के प्राइस भी बढ़ाए जा रहे हैं। रियलमी 16 प्रो+ के प्राइस को लेकर भी कंपनी ने यही कारण बताया है। इस कीमत को लेकर कई मत हैं, कुछ लोग जहां इसे महंगा मान रहे हैं तो कईयों ने मार्केट के हालात कि हिसाब से इसे सही भी ठहराया है। यह यूजर्स की भी निजी राय पर निर्भर करता है उन्हें रियलमी 16 प्रो+ महंगा लगेगा या नहीं।



















