
शाओमी ने बीते दिनों मिडरेंज सेगमेंट में कई स्मार्टफोन्स लॉन्च किए हैं। इसके अलावा हाल ही में कंपनी ने भारतीय बाजार में अपने Mi 10i स्मार्टफोन को 108MP कैमरा के साथ पेश किया। वहीं, अब खबर सामने आ रही है कि कंपनी Redmi Note 10 सीरीज लाने को तैयार है। दरअसल, Redmi Note 10 Pro को मॉडल नंबर M2101K6G के साथ FCC वेबसाइट पर स्पॉट किया गया है जो इस बात का संकेत देता है कि फोन जल्द बाजार में एंट्री करेगा। लिस्टिंग को सबसे पहले टेक वेबसाइट MySmartPrice ने देखा था।
इंडिया में होगा लॉन्च
इसके अतिरिक्त स्मार्टफोन को भारत सरकार की एजेंसी C-DOT की CEIR IMEI वेबसाइट पर भी देखा गया है जो यह दर्शाता है कि Redmi Note 10 Pro इंडिया में भी लॉन्च होने वाला है। दुर्भाग्यवश Redmi Note 10 Pro के बारे में फिलहाल ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है।
FCC लिस्टिंग
एफसीसी लिस्टिंग में सामने आया है कि रेडमी नोट 10 प्रो एंडरॉयड 11 ऑपरेटिंग सिस्टम MIUI 12 पर कार्य करेगा। इसके अलावा फोन के तीन वेरिएंट-6GB + 64GB, 6GB + 128GB, और 8GB + 128GB होंगे। इसके अलावा सामने आया है कि Redmi Note 10 Pro डुअल-बैंड, वाई-फाई, एफएम रेडियो, ब्लूटूथ और 4जी एलटीई कनेक्टिविटी के साथ आएगा। इस बात की उम्मीद की जा रही है कि फोन के 5G मॉडल पर भी काम हो रहा है।
स्पेसिफिकेशन्स
कुछ समय पहले लीक में बताया गया था कि Redmi Note 10 में मीडियाटेक चिपसेट मिल सकता है और इसमें 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा दिया जाएगा। डिवाइस में रियर पैनल पर क्वॉड कैमरा सेटअप हो सकता है। इसके अलावा पावरफुल प्रो मॉडल में स्नैपड्रैगन 750G और 108 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा सेंसर हो सकता है। लीक्स की मानें तो दोनों ही स्मार्टफोन्स पावरफुल कैमरा परफॉर्मेंस के साथ आएंगे।
Mi 10i
Xiaomi ने मंगलवार को देश में बहु-प्रतीक्षित Mi 10i स्मार्टफोन लॉन्च कर दिया। Mi 10i के 6 जीबी रैम व 64 जीबी स्टोरेज वेरियंट की कीमत 20,999 रुपये है। वहीं 6 जीबी रैम व 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट 21,999 रुपये और 8 जीबी रैम व 128 जीबी स्टोरेज वेरियंट 23,999 रुपये में आता है।





















