
वैसे तो 5 सितंबर भारत में हमेशा से ही ऐतिहासिक दिन रहा है इस दिन को हम शिक्षक दिवस के रूप में मनाते हैं। भारत के पहले उपराष्ट्रपति सर्वपल्ली डॉक्टर राधाकृष्ण का जन्म हुआ था। पंरतु वर्ष 2016 में इस दिन कुछ ऐसा भी हुआ जिसे पूरा देश कभी नहीं भूलना चाहेगा। खास कर भारतीय मोबाइल जगत। 2016 का 5 सितंबर भारतीय मोबाइल जगत के लिए एतिहासिक दिन साबित हुआ जब मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस जियो ने भारतीय मोबाइल जगत में पदार्पण किया। महज 12 महीने में न सिर्फ कंपनी ने कई उपलब्धियों को छुआ बल्कि पूरे मोबाइल जगत की दशा और दिशा बदलकर रख दी। जियो के आने से सबसे ज्यादा राहत मोबाइल उपभोक्ता को मिली है। न सिर्फ कॉलिंग दर में बेतहाशा कमी हुई बल्कि डाटा शुल्क भी विश्व में सबसे कम हो गया। आगे हमने रिलायंस जियो द्वारा 12 महीने में हासिल की गई ऐसे ही 12 उपलब्धियों का जिक्र किया है।
1. फ्री लाइफ टाइम कॉलिंग
रिलांयस जियो सर्विस लॉन्च करने के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी ने जानकारी दी थी कि जियो नेटवर्क पर लाइफटाइम कॉलिंग फ्री है और आपको कॉलिंग के लिए कभी पैसे नहीं चुकाने हैं। इस तरह की सर्विस आज तक किसी आॅपरेटर ने नहीं दी है।
देखें रिलायंस जियोफोन की पहली झलक वीडियो में
2. फ्री रोमिंग
फ्री रोमिंग की बात बहुत पहले से हो रही थी लेकिन जियो ने आते ही सभी तरह के लोकल और नेशनल रोमिंग को फ्री कर दिया जो कि अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है।
3. पहली ओनली 4जी नेटवर्क
रिलायंस जियो भारत की पहली मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनी है जो सिर्फ 4जी सेवा प्रदान कर रही है। कंपनी 2जी और 3जी सेवा प्रदान नहीं करती। इतना ही नहीं कंपनी का दावा है कि जियो नेटवर्क 5जी रेडी है और कंपनी जल्द ही 5जी सर्विस शुरू कर सकती है।
जानें वेबसाइट, मोबाइल, स्टोर और एसएमएस से कैसे प्रीबुक करें अपना जियोफोन
4. वोएलटीई कॉलिंग
वैसे तो भारत में सबसे पहले एयरटेल ने 4जी सर्विस की शुरुआत की थी और बाद में वोडाफोन सहित दूसरे आॅपरेटर्स भी आए लेकिन जियो ने भारत में पहली बार वोएलटीई सर्विस शुरू की जिससे आप मोबाइल नेटवर्क पर हाई डेफिनेशन कॉल कर सकें।
5. फ्री 4जी फोन
एक समय के लिए आप फ्री कॉलिंग, फ्री डाटा के बारे में फिर भी सोच सकते हैं लेकिन फ्री में फोन अपने आप में एक अनोखा इतिहास है। इस तरह की कोशिश अब तक कहीं देखने को नहीं मिली है और इस तरह का साहसिक कदम उठाना आसान नहीं था। यह जियो की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धि में से एक है।
6. विश्व में डाटा यूज में नंबर एक
जब तक जियो की सर्विस भारत में नहीं आई थी तब तक देश डाटा उपयोग के मामले में विश्व में 150वें स्थान पर था। लेकिन 5 सितंबर 2016 को कंपनी ने कदम रखा और महज़ 90 दिनों के डाटा उपयोग में विश्व का नंबर एक देश बन गया। पहले भारत में सिर्फ 20 करोड़ जीबी डाटा खपत होती थी लेकिन आज 120 करोड़ जीबी से ज्यादा डाटा का खपत है।
7. 170 दिन में 10 करोड़ यूजर
कंपनी ने सबसे तेजी से यूजर जोड़ने के मामले में सभी कीर्तिमान को ध्वस्त कर दिया है। महज 170 दिनों से भी कम के समय में 10 करोड़ यूजर जोड़ कर इतिहास रच दिया।
8. 10 करोड़ ऐप डाउनलोड
रिलायंस जियो की उपलब्धि सिर्फ कॉलिंग और डाटा तक ही नहीं रही बल्कि कपंनी ने ऐप्स में भी अपना परचम लहराया है। माई जियो ऐप भारत की पहली ऐप बनी जो 10 करोड़ से ज्यादा डाउनलोड हुई है। अब तक किसी भी आॅपरेटर की ऐप सर्विस 10 करोड़ से ज्यादा डाउनलोड नहीं हुई है।
9. फ्री कॉलर ट्यून
भले ही आपको सुनने में यह छोटी बात लगे लेकिन फ्री कॉल आॅर फ्री डाटा के बाद जियो की कॉलर ट्यून सर्विस को भी आप कम नहीं आंक सकते। जहां आज दूसरी कंपनियां इसके लिए 40 रुपये तक हर माह चार्ज कर रही है। वहीं जियो में आप फ्री में हर मिनट भी कॉलर ट्यून बदलें तो भी शुल्क नहीं है।
10. हर सेकेंड 7 यूजर
आपको यह जानकार हैरानी होगी कि अपने लॉन्च से लेकर फरवरी 2017 तक रिलायंस जियो हर सेकेंड 7 यूजर जोड़ रही थी। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है। विश्व में अब तक किसी आॅपरेटर ने इतनी तेजी से यूजर नहीं जोड़े हैं।
11. 90 फीसदी से ज्यादा इंटरनेट डॉन्गल मार्केट पर कब्जा
आपको यह जानकार हैरानी होगी कि महज एक साल में रिलायंस जियो ने भारत में 91 फीसदी से ज्यादा डॉन्गल मार्केट पर कब्जा जमा लिया जबकि एयरटेल, टाटा, वोडाफोन और आइडिया जैसे आॅपरेटर्स कई सालों से इस क्षेत्र में थे।
12. छह माह तक सभी सेवाएं बिल्कुल मुफ्त
हालांकि जियो की सबसे बड़ी उपलब्धि की बात करें तो यह कि अपने लॉन्च से लेकर छह माह तक कंपनी ने सभी तरह की सेवाएं मुफ्त दी हैं। ऐसी कोशिश अब तक नहीं देखने को मिली थी।






























