
व्हाट्सऐप भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा यूज़ की जाने वाली इस्टेंट मैसेंजिंग ऐप्लीकेशन बन चुकी है। यूजर्स की सहुलियत तथा उनके मनोरंजन के लिए व्हाट्सऐप कोई न कोई नई अपडेट लाती रहती है। लेकिन हमेशा अच्छी खबर देने वाली व्हाट्सऐप ने इस बार अपने ग्राहकों के लिए चेतावनी जारी की है। व्हाट्सऐप ने संदेश दिया है कि इन दिनों इंटरनेट पर व्हाट्सऐप का एक फेक यानि नकली वर्ज़न वायरल हो रहा है जिसे डाउनलोड करने पर यूजर्स बड़े संकट में फंस सकते हैं।
मैलवेयर बाइट्स ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि व्हाट्सऐप का एक नकली वर्ज़न इंटरनेट पर वायरल हो गया है। इस फेक वर्ज़न को ‘व्हाट्सऐप प्लस’ नाम दिया गया है। यूजर्स को व्हाट्सऐप का यह वर्ज़न अधिक एडवांस बताकर इसे उनके स्मार्टफोंस में डाउनलोड कराया जा रहा है। लेकिन यह वर्ज़न यूजर्स के डाटा के लिए बेहद ही खतरनाक है।
व्हाट्सऐप के अनुसार ‘व्हाट्सऐप प्लस’ नाम से वायरल हो रही यह ऐप एक मैलिशियस ऐप यानि यूजर्स के डाटा को नुकसान पहुंचाने वाली ऐप है। इसे फोन में इंस्टाल करते ही यह फोन में मौजूद सभी डाटा और फाइल्स को कंट्रोल करने लगती है। और यूजर की निजी जानकारी व पर्सनल डाटा को भारी नुकसान पहॅुंचाती है।
इस नए वर्ज़न के खतने से बचने के लिए व्हाट्सऐप ने अपने यूजर्स के लिए कड़ी चेतावनी जारी की है। आपको बता दें कि व्हाट्सऐप प्लस नाम की इस ऐप की एपीके फाईल इंटरनेट पर तेजी से फैल रही है और यहीं से यूजर्स इसे अपने फोन में इंस्टाल कर रहे हैं। इस खतरनाक ऐप का लोगो व्हाट्सऐप जैसा है लेकिन इसका रंग गोल्डन है।
कंपनी की ओर से चेतावनी जारी कर दी गई है इस ऐप को अपने फोन में इंस्टाल न करें, और यदि आपने इस फेक ऐप को डाउनलोड कर लिया है तो तुरंत इसे अनइंस्टाल कर इसकी कैशे मैमोरी व अन्य फाइल्स डिलीट कर दें।



















