
Metaverse या वर्चुअल दुनिया का क्रेज बढ़ता ही जा रहा है। Metaverse में कई सिंगर अपने इवेंट्स कर रहे हैं। वहीं, लोग तो अब शादी तक वर्चुअल दुनिया में कर रहे हैं। इसी को देखते हुए एक्सपी एंड डी, जू मीडिया और नोएसिस ने मिलकर पिछले हफ्ते टेक बाजार में मेटावर्स पर ब्रांडों के लिए अपनी अगली पीढ़ी के प्लेटफॉर्म xp&dland को लॉन्च किया। दरअसल, xp&dland ब्रांडों के लिए web3.0 को सक्षम करेगा और ग्रप और कंपनियों को वास्तविक या वेब2.0 दुनिया से मेटावर्स तक पहुंचाने में मदद करेगा। इस तकनीक को फिलहाल इतनी पहचान नहीं मिल पा रही है। लेकिन, यह तय है कि आने वाले समय में यही दुनिया का भविष्य होगा, जिससे ऑफिस मे मीटिंग और इवेंट को बिना जाए अडेंट किया जा सकेगा। आइए आगे जानते हैं कि इस तकनीक में क्या खास होगा।
कैसे करेगा काम
xp&dland प्लेटफ़ॉर्म ब्रांड के लिए O2O2M (ऑफ़लाइन ⇋ ऑनलाइन ⇋ मेटावर्स) कन्जूमर अनुभव बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। यह मंच प्रौद्योगिकी (नोएसिस टेक) को एक सामान्य समर्थक के रूप में उपयोग कर रहा है, सामुदायिक रणनीतियों (जू मीडिया) का निर्माण कर रहा है और उपभोक्ताओं (एक्सपी एंड डी) के लिए साझा और सामाजिक अनुभवों को सक्षम कर रहा है।
2024 तक होगा इतने अरब डॉलर का बाजार
एक्सपी एंड डीलैंड के सह-संस्थापक सुकृत सिंह का कहना है कि मेटावर्स को अगला बड़ा प्रौद्योगिकी मंच कहा जाता है और 2024 तक 800 अरब डॉलर का बाजार बनने की उम्मीद है। इसमें तीन दुनियाओं की टक्कर देखने की उम्मीद है – वेब 2.0 (या मोबाइल और सोशल इंटरनेट जैसा कि हम आज अनुभव करते हैं), वेब 3.0 (5G द्वारा संचालित, उन्नत कंप्यूटिंग और ब्लॉकचेन), और लाइव सामाजिक और साझा अनुभव शामिल हैं।
20 गुना बढ़ जाएगा डाटा का इस्तेमाल
आने वाला दौर मेटावर्स (Metaverse) का है और इसके चलते वर्ष 2032 तक दुनिया भर में डेटा का इस्तेमाल 20 गुना तक बढ़ सकता है। कुछ समय पहले क्रेडिट सुइस की एक रिपोर्ट में बताया गया था। हालांकि क्रेडिट सुइस का यह भी कहना है कि अभी मेटावर्स का भारतीय टेलीकॉम कंपनियों के रेवेन्यू पर असर का आकलन करना जल्दी होगी।
लेटेस्ट वीडियो
जानें आखिर क्या है मेटावर्स
मेटावर्स एक ऐसी तकनीक है, जिसमें ऑग्मेंटेड रियलिटी, वर्चुअल रियलिटी और वीडियो टूल का एक साथ इस्तेमाल किया जाता है। यह एक डिजिटल स्पेस है, जिसमें लोग एक दूसरे के साथ डिजिटली कनेक्ट होते हैं। यूजर इसमें इंटरनेट के जरिये अपने जैसा दिखने वाला अवतार शादी में भेज सकता है और इसे कंट्रोल भी कर सकता है।




















