
शाओमी रेडमी नोट 4 यूजर के लिए बहुत बड़ी खबर है। कंपनी ने घोषणा कर दी है कि जल्द ही रेडमी नोट को एंडरॉयड आॅपरेटिंग सिस्टम 7.0 नुगट पर अपडेट किया जाएगा। हाल में ही एक रिपोर्ट में इस बात का खुलासा किया गया था कि यह फोन भारत में सबसे ज्यादा बिकने वाला फोन बन गया है। वहीं अपडेट से भी यूजर को काफी खुशी मिलेगी।
जानें कैसे करें पुराने एंडरॉयड फोन में लेटेस्ट एंडरॉयड ओएस नुगट के फीचर्स का उपयोग
स्मार्टफोन कंपनी शाओमी ने इसी माह अपने 14 स्मार्टफोन्स पर एंडरॉयड नुगट जारी किया था। शाओमी ने अपनी इस लिस्ट से रेडमी 4, रेडमी 4ए और रेडमी नोट 4 को बाहर रखा था, जिससे भारतीय यूजर्स काफी निराश थे लेकिन इंडियन शाओमी लवर्स की इस निराशा को दूर करते हुए शाओमी ने घोषणा कर दी है कि जल्द ही शाओमी रेडमी नोट 4 एंडरॉयड के लेटेस्ट नुगट वर्ज़न से लैस हो जाएगा।

गैज़ेट्स 360 के अनुसार शाओमी इंडिया ने इस बात की पुष्टि कर दी है कि अब जल्द ही भारत में रेडमी नोट 4 को एंडरॉयड नुगट पर पेश किया जाएगा। हालांकि अभी कुछ डिवाईसेज़ के बीटा वर्ज़न में यह अपडेट शुरू हो चुका है जो जल्द ही रेडमी नोट 4 के सभी मॉडल्स पर रोल आउट कर दिया जाएगा। आपको बता दें कि भारत ऐसा पहला देश है जहां रेडमी नोट 4 को नुगट अपडेट दिया जा रहा है। विश्व के अन्य बाजारों को अभी इस अपडेट के लिए इंतजार करना होगा।

शाओमी रेडमी नोट 4 की बात करें तो इसमें 5.5-इंच की फुलएचडी डिस्प्ले दी गई है तथा यह फोन स्नैपड्रैगन 625 प्रोसेसर पर रन करता है। फोटोग्राफी के लिए इसमें 13-मेगापिक्सल के रियर व 5-मेगापिक्सल के फ्रंट कैमरे के साथ 4,100 एमएएच की बैटरी दी गई है। रेडमी नोट 4 2जीबी रैम व 32जीबी मैमोरी, 3 जीबी तथा 32जीबी मैमोरी और 4 जीबी रैम के साथ 64जीबी मैमोरी वाले वेरिएंट में उपलब्ध है जिनकी कीमत क्रमश: 9,999 रुपये, 10,999 रुपये तथा 12,999 रुपये है।
नोकिया 2 की इमेज हुई लीक, स्पेसिफिकेशन्स का भी हुआ खुलासा
शाओमी रेडमी नोट 4 से पहले शाओमी की ओर से मी मैक्स, मी 5, मी 5एस, मी 5एस प्लस, मी 4सी, मी 4एस, मी नोट, मी मिक्स और रेडमी नोट 4एक्स में एंडरॉयड 7.0 अपडेट दी गई है। तथा इसी तरह एंडरॉयड 7.1 से अपडेट होने वाले स्मार्टफोन्स में मी6, मी मैक्स 2, मी 5सी और रेडमी 4एक्स शामिल है।





















