
ASUS ने आज टेक मंच पर अपनी फ्लैगशिप के तहत ROG Phone 2 स्मार्टफोन पेश कर दिया है। ROG यानि Republic of Gamers। इसी से साफ हो जाता है कि यह फोन एक गेमिंग स्मार्टफोन के रूप में लॉन्च किया गया है जो हाईएंड स्पेसिफिकेशन्स से लैस है। ASUS द्वारा लॉन्च यह लेटेस्ट डिवाईस आज चीनी बाजार में उतारा गया है जो आने वाले दिनों में ग्लोबल मार्केट में दस्तक देगा। कंपनी ने हालांकि अभी फोन की कीमत से पर्दा नहीं उठाया है लेकिन पावरफुल स्पेसिफिकेशन्स ही ASUS ROG Phone 2 की सबसे बड़ी यूएसपी है। आईये नज़र डालते हैं ROG Phone 2 की ताकत पर।
स्नैपड्रैगन 855+
फोन की स्पेसिफिकेशन्स की शुरूआत इसके प्रोसेसर से करें तो ROG Phone 2 दुनिया के टॉप स्मार्टफोंस में शुमार हो गया है जो क्वालकॉम के स्नैपड्रैगन 855 प्लस चिपसेट से लैस है। स्नैपड्रैगन 855 प्लस क्वालकॉम का सबसे नया और सबसे अधिक पावरफुल फोन है। यह चिपसेट 4 कोरयो गोल्ड कोर और 4 कोरयो सिल्वर कोर से मिलकर बना है जो जीपीयू प्रोसेसिंग को 15 प्रतिशत तक अधिक बूस्ट करने में सक्षम है। वहीं फोन में 675मेगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड पर काम करते वाला एड्रेनो 640 जीपीयू मौजूद है।

डिसप्ले
ASUS ROG Phone 2 में 2340 x 1080 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.6-इंच की बड़ी फुल एचडी+ एमोलेड डिसप्ले दी गई है। इस डिसप्ले की पिक्सल डेनसिटी 391पीपीआई की है जो 120हर्ट्ज़ रिफ्रेशरेट पर विजुअल प्रदान करती है। वहीं साथ ही ROG Phone 2 का डिसप्ले पैनल 10बिट एचडीआर सपोर्ट करता है।
रैम व स्टोरेज
इस पावरफुल गेमिंग फोन में प्रोसेसिंग और भी स्मूथ बनाने के लिए कंपनी ने ASUS ROG Phone 2 में 12जीबी की दमदार रैम मैमोरी दी है। चीन में 12जीबी रैम के साथ यह फोन 256जीबी इंटरनल मैमोरी और 512जीबी इंटरनल मैमोरी के दो स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च किया गया है।

फोटोग्राफी
ASUS ROG Phone 2 डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर डुअल एलईडी फ्लैश के साथ 48-मेगापिक्सल का सोनी आईएमएक्स586 सेंसर दिया गया है। जिसके साथ 13-मेगापिक्सल का सेकेंडरी वाइड-एंगल सेंसर मौजूद है। इसी तरह सेल्फी के लिए यह फोन एफ/2.2 अपर्चर वाला 24-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
बैटरी
ROG Phone 2 में पावर बैकअप के लिए ASUS द्वारा 6,000एमएएच की दमदार बैटरी दी गई है। फोन की बैटरी 30वॉट ROG HyperCharge सपोर्ट करती है जिसे 3A केबल से चार्ज किया जा सकेगा। आपको बता दें कि इस फोन की बैटरी को क्विक चार्ज 4.0 तकनीक से भी चार्ज किया जा सकेगा।





















