
Realme ने कुछ ही दिनों पहले भारत में अपनी ‘नारज़ो 9 प्रो’ सीरीज़ को पेश करते हुए दो स्मार्टफोन Realme 9 Pro और Realme 9 Pro Plus लॉन्च किए हैं। रियलमी 9 प्रो जहां 17999 रुपये की शुरूआती कीमत पर वहीं रियलमी 9 प्रो प्लस 24,999 रुपये की शुरूआती कीमत पर उपलब्ध है। इन फोंस को लॉन्च करने के बाद अब रियलमी ने यह घोषणा भी कर दी है कि कंपनी आने वाली 24 फरवरी को इंडिया में अपना एक और स्मार्टफोन लॉन्च करने जा रही है जो Realme Narzo 50 नाम के साथ लॉन्च होगा तथा MediaTek Helio G96 चिपसेट से लैस होगा।
Realme Narzo 50 इंडिया लॉन्च
रियलमी ने प्रैस विज्ञप्ति भेजते हुए बताया है कि कंपनी आने वाली 24 फरवरी को भारत में एक ईवेंट का आयोजन करेगी और इस ईवेंट के मंच से ही कंपनी का आगामी स्मार्टफोन Realme Narzo 50 इंडिया में लॉन्च किया जाएगा। यह एक वर्चुअल ईवेंट होगा जो 24 फरवरी की दोपहर 12 बजकर 30 मिनट पर शुरू होगा। रियलमी नारज़ो 50 के इस ऑनलाईन लॉन्च ईवेंट को कंपनी रियलमी इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के साथ ही कंपनी के सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाईव प्रसारित करेगी।

Realme Narzo 50 की स्पेसिफिकेशन्स
कंपनी यह खुलासा कर चुकी है कि रियलमी नारज़ो 50 स्मार्टफोन मीडियाटेक के हीलियो जी96 चिपसेट पर लॉन्च होगा। वहीं लीक्स की मानें तो यह मोबाइल फोन 6.5 इंच की फुलएचडी डिस्प्ले पर लॉन्च किया जा सकता है जो पंच होल डिजाईन पर बनी होगी। रियलमी के इस फोन में 4,800mAh बैटरी और 33W फास्ट चार्ज के साथ पेश किया जाएगा। Realme Narzo 50 स्मार्टफोन ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप के साथ पेश किया जा सकता है जिसमें 50एमपी प्राइमरी सेंसर के साथ 2MP के दो कैमरा सेंसर -डेप्थ और मैक्रो सेंसर दिए जाएंगे। वहीं फोन में 16एमपी सेल्फ़ी कैमरा दिए जाने की बात भी सामने आई है।
Realme Narzo 50 का प्राइस
Realme Narzo 50 स्मार्टफ़ोन को लेकर लीक में सामने आया है कि यह मोबाइल फोन दो वेरिएंट्स में लॉन्च किया जा सकता है। इनमें 4 जीबी रैम + 64 जीबी स्टोरेज और 6 जीबी रैम + 128 जीबी स्टोरेज शामिल हो सकती है। प्राइस की बात करें तो रियलमी नारज़ो 50 के 4 जीबी रैम वेरिएंट को 15,990 रुपये में तथा 6 जीबी रैम वेरिएंट को 17,999 रुपये की कीमत पर देश में लॉन्च किया जा सकता है। बहरहाल फोन की पुख्ता स्पेसिफिकेशन्स और कीमत के लिए कंपनी की घोषणा का इंतजार करना होगा।




















