CMF Watch 3 Pro रिव्यू : आपका फिटनेस ट्रेनर

Join Us icon

नथिंग का सब-ब्रांड सीएमएफ अब भारत में अपनी अलग पहचान बना चुका है। कम समय में कंपनी ने मोबाइल यूजर्स के बीच अच्छी पकड़ बनाई है। सबसे अच्छी बात यह कही जा सकती है कि कंपनी ने सिर्फ स्मार्टफोन ही नहीं, बल्कि कम बजट में स्टाइलिश एक्सेसरीज भी लॉन्च की हैं, जिन्हें लोग काफी पसंद कर रहे हैं। हाल ही में हमने सीएमएफ के हेडफोन का रिव्यू किया था, वहीं अब कंपनी की नई स्मार्टवॉच हमारे पास आई है, जो कई फीचर्स से लैस है। कंपनी ने इसी महीने CMF Watch 3 Pro को लॉन्च किया है, जिसे कम बजट में एक शानदार डिवाइस माना जा रहा है। यह वॉच हमारे पास भी रिव्यू के लिए आई और लगभग 7 दिनों तक उपयोग करने के बाद यह रिव्यू आपके सामने है।

सबसे पहले बात करते हैं इस वॉच के डिस्प्ले की। CMF Watch 3 Pro को कंपनी ने 1.43 इंच की डिस्प्ले के साथ पेश किया है, जो 466 x 466 पिक्सल रेजोल्यूशन सपोर्ट करती है। अच्छी बात यह है कि इसमें AMOLED पैनल दिया गया है, जो 60Hz स्क्रीन रिफ्रेश रेट सपोर्ट करता है। इसके साथ ही इसमें 670 निट्स की मैक्स ब्राइटनेस मिलती है, जिसे इस प्राइस रेंज में अच्छा कहा जा सकता है।

cmf-watch-3-pro-review-in-hindi

डिस्प्ले के स्पेसिफिकेशन देखकर ही समझ आ जाता है कि यह अच्छी स्क्रीन है। सच कहूं तो प्राइस के हिसाब से हमें इसमें कोई बड़ी कमी नहीं लगी। वहीं इसका टच रिस्पॉन्स भी अच्छा है। लगभग एक सप्ताह के उपयोग के दौरान मिस-टच बहुत कम देखने को मिला और इंडोर व आउटडोर दोनों परिस्थितियों में यह बेहतर व्यू देने में सक्षम रही।

हालांकि अच्छी स्क्रीन के साथ इसकी बिल्ड क्वालिटी भी हमें पसंद आई। यह 47mm की वॉच है और कंपनी ने इसके ऊपरी फ्रेम में एल्यूमिनियम का उपयोग किया है, जबकि पीछे का पैनल प्लास्टिक का है। इसमें रबर स्ट्रैप दिया गया है, जिसे आप किसी भी 22mm स्ट्रैप से बदल सकते हैं। रही बात वजन की, तो यह सिर्फ 52 ग्राम की है, जो हाथ में अच्छा अहसास कराती है। हां, इसे थोड़ा मोटा जरूर कहा जा सकता है। CMF Watch 3 Pro की मोटाई 14.4mm है, जो अपने प्रतियोगियों के मुकाबले थोड़ी ज्यादा लगती है।

वैसे यह वॉच भारतीय बाजार में तीन रंगों में उपलब्ध है, लेकिन हमारे पास डार्क ग्रे मॉडल आया था। कुल मिलाकर क्वालिटी के मामले में यह डिवाइस अच्छा लगा, हालांकि साइज थोड़ा बड़ा महसूस हुआ।

CMF Watch 2 Pro को कंपनी ने पिछले साल लॉन्च किया था और उस वक्त यह पहला वॉच था जिसका डायल आप बदल सकते थे। पंरतु CMF Watch 3 Pro में इस फीचर को हटा दिया गया है। आब आप डायल चेंज नहीं कर सकते।

स्क्रीन के आसपास काफी मोटे बेजल दिए गए हैं, जिन पर कंपनी का लोगो मौजूद है और इसकी वजह से वॉच थोड़ी ज्यादा बड़ी दिखाई देती है। वहीं इसका ऊपरी फेस मेटल का है और काफी शार्प है। ऐसे में हल्की चोट लगने का डर बना रहता है। हालांकि एक अच्छी बात यह है कि कंपनी ने Watch 3 Pro का एक और मॉडल भी पेश किया है, जिसका डिजाइन ज्यादा राउंडेड है और वह देखने में बेहतर लगता है।

इन कमियों के बावजूद इसकी एक बड़ी खूबी यह है कि यह वॉच IP68 सर्टिफिकेशन के साथ आती है, जो इसे धूल और पानी से काफी हद तक सुरक्षित रखती है। कंपनी के अनुसार यह 1 मीटर पानी में आधे घंटे तक सुरक्षित रह सकती है। यानी इसे पहनकर नहाने में कोई समस्या नहीं होगी।

CMF Watch 3 Pro के फीचर्स की बात करें तो कंपनी ने इसे Real-Time Operating System (RTOS) पर पेश किया है, जो कंपनी का खुद का कस्टम ओएस है। इसमें टचस्क्रीन सपोर्ट तो मिलता ही है, लेकिन सबसे मजेदार इसका क्राउन बटन लगा। यानी इसमें एक फिजिकल क्राउन दिया गया है, जिसे घुमाकर आप आसानी से ऐप्स और स्पोर्ट्स एक्टिविटी को स्क्रॉल कर सकते हैं। वास्तव में इस क्राउन का उपयोग काफी मजेदार लगा, क्योंकि स्क्रॉल करते समय यह अच्छा वाइब्रेशन फीडबैक देता है।

cmf-watch-3-pro-review-in-hindi

स्पोर्ट्स एक्टिविटी के लिए इसमें आउटडोर रनिंग, सॉकर, स्कीइंग, बास्केटबॉल सहित 130 से ज्यादा स्पोर्ट्स मोड दिए गए हैं। वैसे तो लगभग सभी स्मार्टवॉच में ऐसे फीचर्स मिलते हैं, लेकिन यहां उनका प्रदर्शन अच्छा लगा। इसके अलावा इसमें हार्ट रेट मॉनिटर भी उपलब्ध है। हमने रनिंग, वॉकिंग और दूसरी एक्टिविटी के दौरान इसे टेस्ट किया, जहां यह सही तरीके से काम कर रहा था।

रिव्यू के दौरान हमने हार्ट रेट मॉनिटर का उपयोग किया और इसका रिजल्ट ठीक-ठाक लगा। इसे बहुत पीछे नहीं कहा जा सकता। इसके अलावा इसमें ब्लड ऑक्सीजन मॉनिटर और हाई स्ट्रेस मॉनिटर भी दिया गया है। इन्हें ऑन करके आप हाई स्ट्रेस और लो ब्लड ऑक्सीजन का अलर्ट पा सकते हैं।

cmf-watch-3-pro-review-in-hindi

वॉच में इस बार कस्टम रनिंग कोच भी दिया गया है, जो रनिंग के दौरान आपको गाइड करता है और बताता है कि आपने कितनी दूरी तय की है। यह रनिंग से पहले वार्मअप और वॉकिंग के बारे में भी सुझाव देता है। कम से कम 8 दिनों के लिए 12 मिनट का ट्रेनिंग सेशन उपलब्ध है। यह कोच AI का उपयोग करके आपके लिए खास वर्कआउट प्लान तैयार करता है, जिससे आपकी रनिंग परफॉर्मेंस बेहतर हो सके।

इन सबके साथ CMF Watch 3 Pro में जेस्चर कंट्रोल भी मिलता है, जहां रिस्ट रोटेट और आर्म शेक का उपयोग कर आप इनकमिंग कॉल, म्यूजिक कंट्रोल और ऐप लॉन्च जैसे फीचर्स इस्तेमाल कर सकते हैं।

cmf-watch-3-pro-review-in-hindi

जहां तक वॉच फेस की बात है, तो इस मामले में यह स्मार्टवॉच काफी आगे है। डिफॉल्ट रूप से इसमें 7 वॉच फेस मिलते हैं, लेकिन फोन ऐप के जरिए आप 120 से ज्यादा वॉच फेस डाउनलोड कर सकते हैं। AMOLED डिस्प्ले पर हाई-क्वालिटी ग्राफिक्स वाले ये वॉच फेस काफी अच्छा अनुभव देते हैं। सबसे अच्छी बात यह लगी कि सभी वॉच फेस फ्री में उपलब्ध हैं।

cmf-watch-3-pro-review-in-hindi

CMF Watch 3 Pro में ब्लूटूथ कॉलिंग फीचर भी दिया गया है। हालांकि इसमें सिम या eSIM सपोर्ट नहीं मिलता, लेकिन ब्लूटूथ के जरिए यह फोन से कनेक्ट होकर कॉल रिसीव और डिस्कनेक्ट करने की सुविधा देता है। इसमें डायल पैड भी दिया गया है, जिससे आप सीधे नंबर डायल कर सकते हैं। वहीं फ्रिक्वेंटली डायल किए गए नंबर सेव करने का विकल्प भी मिलता है।

कंपनी ने वॉच को माइक्रोफोन और स्पीकर से लैस किया है। ऐसे में आप वॉच से सीधे बातचीत कर सकते हैं। हालांकि स्पीकर बहुत तेज नहीं है, लेकिन सामान्य बातचीत के लिए पर्याप्त है।

cmf-watch-3-pro-review-in-hindi

वॉच में डिजिटल असिस्टेंट और नेटिव वॉइस रिकॉर्डर भी दिया गया है, जहां किसी जानकारी को तुरंत रिकॉर्ड कर उसे ट्रांसक्राइब किया जा सकता है।

कुल मिलाकर फीचर्स के मामले में यह स्मार्टवॉच काफी अच्छी लगी। वहीं इसका बैटरी बैकअप भी बेहतर है। इसमें 350mAh की बैटरी दी गई है। कंपनी ने 13 दिनों के बैकअप का दावा किया है, हालांकि हमें इतना बैकअप नहीं मिला। लेकिन यह आसानी से 8–9 दिन चल गई, जो अच्छा कहा जा सकता है। वहीं इसे फुल चार्ज होने में लगभग 90 मिनट का समय लगा।

निष्कर्ष
CMF Watch 3 Pro के उपयोग में काफी अच्छा है। सबसे अच्छी बात कही जा सकती है कि इसमें दिए गए फीचर्स अच्छे से काम करते हैं। उपयोग के दौरान हमें ज्यादा बड़ी समस्या देखने को नहीं मिली। इसकी कनेक्टिविटी अच्छी है और यह लगातार कनेक्शन बनाए रखती है। एक्टिविटी ट्रैकिंग भी सही तरीके से काम कर रही थी। हां, स्टेप्स काउंट में थोड़ा अंतर देखने को मिला। वास्तविक स्टेप्स की तुलना में इसमें 5–10 प्रतिशत तक का फर्क हो सकता है। हार्ट रेट और ऑक्सीजन मॉनिटर भी ठीक-ठाक काम कर रहे थे, हालांकि इन्हें मेडिकल डिवाइस नहीं कहा जा सकता।

cmf-watch-3-pro-review-in-hindi

डिजाइन अच्छा है, लेकिन इसे थोड़ा बड़ा कहा जा सकता है। बैटरी बैकअप काफी अच्छा है और कॉलिंग व मैसेजिंग के दौरान भी कोई समस्या नहीं मिली।

हमें सबसे ज्यादा दिक्कत इसके GPS में लगी। इस वॉच में इनबिल्ट GPS दिया गया है, लेकिन इसे एक्टिव होने में थोड़ा ज्यादा समय लगता है। वहीं कई बार यह कनेक्शन भी छोड़ देता था। हमने रनिंग के दौरान इसे टेस्ट किया, लेकिन यह हर बार सही तरीके से रिकॉर्ड नहीं कर पाया।

इन सब खूबियों और खामियों को देखने के बाद बात आती है कि CMF Watch 3 Pro खरीदारी के लायक है या नहीं, तो आपको बता दूं कि इस वॉच की शुरुआती कीमत 6,999 रुपयेे है। इस स्मार्टवॉच के फीचर्स को देखते हुए कहा जाएगा कि यह एक अच्छा विकल्प है। हां! अंत में एक बार फिर से यही कहूंगा कि डिजाइन और बेहतर किया जा सकता था।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here