
इंडिया में हर महीने ढेरों Smartphone लॉन्च होते हैं जिससे नया मोबाइल खरीदने वाले लोगों के पास ऑप्शन्स की भरमार रहती है। लेकिन जब बात आती है Tablet डिवाइस की तो चुनिंदा विकल्प ही नजर आते हैं। इस महीने जनवरी 2026 में रेडमी ने अपना नया टैब REDMI Pad 2 Pro भारतीय बाजार में उतारा है जो 24,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर आया है। मिडरेंज सेगमेंट में आया यह टैब यूजर्स की कितनी जरूरतों को पूरा कर सकता है और इसे चलाने का अनुभव कैसा है? यह सारा ब्यौरा हमने तकरीबन सप्ताहभर रेडमी पैड 2 प्रो का इस्तेमाल करके जाना है और आगे लिखे रिव्यू में शेयर किया है।
डिजाइन
सबसे पहले डिजाइन की बात करें तो REDMI Pad 2 Pro को यूनिबॉडी मैटल डिजाइन पर लाया गया है। टैब का रियर पैनल फ्लैट है जिसके एक हिस्से पर जिगजैग स्ट्रीप्ड लीनियर पैटर्न बनाया गया है। इस पैटर्न पर डिवाइस का कैमरा मॉड्यूल और REDMI की ब्रांडिंग दी गई है। कैमरा सेटअप की ही बात करें तो यहां एक सेंसर और एक फ्लैश रिंग दी गई है और ये दोनों वर्टिकली प्लेस्ड है।
रेडमी पैड 2 प्रो के राइट और लेफ्ट दोनों फ्रेम पर 2-2 स्पीकर ग्रिल दी गई है। राइट फ्रेम पर ऊपरी ओर पावर बटन मौजूद है और लेफ्ट पैनल पर स्पीकर्स के बीच में यूएसबी टाईप-सी पोर्ट और 3.5एमएम हेडफोन जैक लगाया गया है। टैब के ऊपरी फ्रेम पर वॉल्यूम बटन स्थित है और यहीं आपको सिम ट्रे भी मिल जाएगी। देखने में यह टैबलेट सॉलिड लुक प्रदान करता है।
यह रेडमी टैबलेट मार्केट में Graphite Grey और Quick Silver कलर में लाया गया है। हमें क्विक सिल्वर कलर यूज़ करने के लिए मिला था जो देखने में वाकई मैटल लुक देता है। इस टैबलेट का वजन तकरीबन 600 ग्राम है जो कैरी करने में कुछ भारी भी लगता है लेकिन 7.5mm थिकनेस के चलते इसमें बढ़िया ग्रिप बनती है। कुल मिलाकर बड़ी बैटरी और बड़ी स्क्रीन होने के बावजूद इस टैबलेट को लेकर चलने में ऐसा महसूस नहीं होता है कि यह वाकई में ‘बड़ा’ है।
डिस्प्ले
REDMI Pad 2 Pro को 2560 x 1600 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 12.1-इंच की 2.5K स्क्रीन पर लाया गया है जिसका आस्पेक्ट रेश्यो 16:10 का है। इस बड़ी स्क्रीन पर कंटेंट देखने और गेम खेलने में काफी मजा आया। हमने इसमें ओटीटी ऐप्स भी चलाई और YouTube पर वीडियोज़ भी देखी, दोनों का एक्सपीरियंस मजेदार रहा। टैबलेट में मौजूद डॉल्बी विज़न एटमॉस के चलते वीडियो क्वॉलिटी बेहद ही शानदार रही। कलर, कॉन्ट्रास्ट और ब्राइटनेस के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला। जितनी ज्यादा हाई रेजोल्यूशन वीडियो देखेंगे उतनी ही ज्यादा मजा आएगा।
यह टैबलेट 120Hz रिफ्रेश रेट और 360Hz टच सैंपलिंग सपोर्ट करता है। इसमें एक ओर जहां स्क्रॉलिंग स्मूथ रही वहीं दूसरी ओर बड़ी स्क्रीन के किसी भी कोने पर फिंगरटच से नेविगेशन किया जा सकता है, यह इसे यूजर फ्रैंडली बनाता है। टैबलेट में 600nits ब्राइटनेस मिलती है जो इंडोर के लिए तो परफेक्ट है ही, वहीं आउटडोर में भी ठीकठाक काम कर लेती है। इसमें LCD पैनल पर इस्तेमाल किया है जिसपर ऐप आइकन्स और टेक्स्ट ज्यादा हमें पंची नहीं फिल हुए और सॉफ्ट नजर आए।
टैबलेट स्क्रीन को TÜV Rheinland से लो ब्लू लाइट और फ्लिकर फ्री सर्टिफिकेशन प्राप्त है। यह Hydro Touch डिस्प्ले है जिसके चलते स्क्रीन पर पानी गिरने के बाद भी इसका टच सही काम करता है। सच कहें तो हमने इसपर पानी गिराकर चेक तो नहीं किया लेकिन माना जा सकता है कि पसीने भरे या गीले हाथों से कोई रूकावट नहीं आएगी।
बैटरी
बड़ी स्क्रीन के साथ ही REDMI Pad 2 Pro में कंपनी ने बैटरी भी बड़ी लगाई है। यह टैबलेट 12,000mAh battery पर लॉन्च किया गया है जो पिछले वर्जन रेडमी पैड प्रो में दी गई 10,000एमएएच बैटरी से काफी अधिक है। 91मोबाइल्स की टेस्टिंग में जब इसमें PC Mark Battery बेंचमार्क रन किया तो ऐप क्रैश हो गई जिसके चलते सटीक स्कोर बताना मुश्किल है। हमने जब टैबलेट का इस्तेमाल करना शुरू किया था तब इसकी बैटरी 78% थी। अब रिव्यू लिखते वक्त यह 5 दिनों के बाद 26% तक ही आई है। इस दौरान यह टैबलेट हमेशा स्टेंडबॉय मोड पर रहा है और डेली तकरीबन 2.5 से 3 घंटे इसमें ऑनलाइन वीडियो चली हैं। टेस्ट के दौरान हमने इसमें स्क्रीन ब्राइटनेस और वॉल्यूम को 50% पर सेट करक जब 30 मिनट तक YouTube video चलाई तो बैटरी 3% ही गिरी।
टैबलेट की बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 33W फास्ट चार्जिंग तकनीक दी गई है। टेस्टिंग के दौरान इसने डिवाइस को 20 प्रतिशत से 100 प्रतिशत फुल चार्ज करने में मिनट का समय लिया। मजे की बात है कि यह 33वॉट का फास्ट चार्जर ग्राहकों को बॉक्स में ही मिल जाएगा। REDMI Pad 2 Pro की एक बड़ी खूबी इसमें दी गई 27W reverse चार्जिंग भी है। इसके जरिये किसी भी मोबाइल फोन, इयरबड्स या स्मार्टवॉच को चार्ज किया जा सकता है। यानी यह टैबलेट किसी पावरबैंक का काम भी कर सकता है।
परफॉर्मेंस
REDMI Pad 2 Pro को एंड्रॉयड आधारित HyperOS 2 पर लाया गया है। प्रोसेसिंग के लिए इस टैबलेट में क्वालकॉम का 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना Snapdragon 7s Gen 4 ऑक्टा-कोर दिया गया है जो 1.8गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.7गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इसमें Adreno 810 GPU मौजूद है। प्रोसेसर की क्षमता को परखने के लिए हमने इसमें कुछ बेंचमार्क रन किए जिनका स्कोर आप नीचे लगी टेबल में देख सकते हैं।
| बेंचमार्क टेस्ट | बेंचमार्क स्कोर |
| सिंगल-कोर गीकबेंच | 1251 |
| मल्टी-कोर गीकबेंच | 3348 |
| पीसीमार्क परफॉर्मेंस | 14243 |
| एआई बेंचमार्क | 2188 |
| बर्नआउट टेस्ट | 71.4% |
टैबलेट परफॉर्मेंस को अधिक बेहतर और स्मूथ करने के लिए रेडमी ने इसमें LPDDR4X RAM + UFS 2.2 Storage लगाई है। डेली यूज के दौरान हमें इसकी परफॉर्मेंस से कोई खास शिकायत नहीं हुई। मल्टीटास्किंग बहुत स्मूथ तो नहीं थी लेकिन लैग भी नहीं कर रही थी। इसका कारण हाइपरओएस की ट्रांजिशन थीम भी माना जा सकता है जो ऐप ओपन और स्वीचिंग को अपने अंदाज में कर रही थी। टैब में मल्टी विंडो और फ्लोटिंग विंडो का ऑप्शन भी मौजूद है जो यूज को आसान और फायदेमंद बनाता है।
वहीं गेमिंग के दौरान रेडमी पैड प्रो 2 की परफॉर्मेंस सही रही। हमारी टीम ने इस टैबलेट में BGMI और Call of Duty गेम को आधा-आधा घंटा खेला। गेमिंग सेशन के दौरान टैब ने कैसी परफॉर्मेंस दी इसका रिजल्ट आप नीचे लगी टेबल में देख सकते हैं। वहीं गेम खेलने के दौरान हमें भी ऐवरेज एक्सपीरियंस प्राप्त हुआ था।
| मोबाइल गेम | ग्राफिक्स सेटिंग (अधिकतम) | फ्रेम रेट (अधिकतम) | फ्रेम रेट (औसत) | बैटरी ड्रॉप | टेम्परेचर वृद्धि |
| COD:M | Very High | Ultra | 57.9fps | 5% | 3.0डिग्री |
| BGMI | Ultra HDR | Extreme | 36.1fps | 8% | 0.9डिग्री |
कैमरा
फोटोग्राफी के लिए REDMI Pad 2 Pro के बैक और फ्रंट दोनों ओर 8-मेगापिक्सल का कैमरा सेंसर दिया गया है। रियर कैमरा का रिजल्ट डिसेंट था। यूजर्स को इसमें फोटो और वीडियो के साथ ही पोर्ट्रेट, प्रो और डॉक्यूमेंट मोड भी मिलता है। इस टैबलेट में 6.0x तक का डिजिटल ज़ूम दिया गया है। हालांकि ज़ूम करने पर क्वालिटी कुछ खराब हो जा रही थी। बैक कैमरा से हम 60fps पर 1080p वीडियो रिकॉर्ड कर पा रहे थे।
लेकिन एक बात ने हमें हैरान किया कि हर तरह के मोड में, यहां तक की मैक्सिमम ज़ूम करने के बाद भी खींची गई फोटोज़ में फ्रेम में कैप्चर हुए टेक्स्ट की क्वालिटी काफी सही सही रही है। यह हर रंग के टेक्स्ट को काफी सही तरीके से कैप्चर करता है। वहीं रेडमी टैब के रियर कैमरा में मिल रहे ब्यूटीफाई और फिल्टर्स जैसे विकल्प भी फोटो क्वालिटी को सुधारने में मदद करते हैं।
रेडमी पैड 2 प्रो के फ्रंट कैमरा की क्वालिटी भी काफी सही है। यह खुद से ही स्कीन टोन को स्मूथ और क्लियर करके कैप्चर करता है। कंपनी ने सेल्फी सेंसर में भी HDR सपोर्ट दिया है जो काम आएगा। इस टैब से वाइड फ्रेम सेल्फी तो खींची जा ही सकती है, वहीं साथ ही ऑनलाइन मीटिंग या कॉन्फ्रेंस के दौरान भी यह बढिया काम करता है। टैबलेट में ऐसा फ्रंट कैमरा रिजल्ट मिलना वाकई में तारीफ के काबिल कहा जाएगा।
काम के फीचर्स
REDMI Pad 2 Pro में कुछ ऐसे फीचर्स भी मौजूद हैं जो डेली लाइफ यूज के दौरान काफी काम आएंगे। इस टैबलेट में Dolby Atmos क्वॉड स्पीकर्स लगाए गए हैं जो बेहतरीन और लाउड साउंड देने की क्षमता रखते हैं। इन्हें 300% वॉल्यूम पर सुना जा सकता है। इसमें Dual 5G SIM सपोर्ट दिया गया है जिसके चलते टैबलेट में सिम लगाई जा सकती है। यह हाइब्रिड स्लॉट है, सिम के साथ मेमोरी कार्ड भी लगाया जा सकता है। Circle To Search और Gemini AI जैसे फीचर्स भी यूजर्स के काम आएंगे।
कनेक्टिविटी के लिए रेडमी पैड 2 प्रो में Wi-Fi 6 और Bluetooth 5.4 मौजूद हैं। यह टैबलेट के साथ Redmi Smart Pen और Pad 2 Pro Keyboard का सपोर्ट भी दिया गया है जिन्हें अलग से खरीदना होगा। दोनों का रेट ₹3,999 है। रिव्यू के लिए हमने तो दोनों का इस्तेमाल किया लेकिन यहां यूजर पर निर्भर करता है कि वह इन्हें खरीदना चाहेंगे या नहीं। वैसे इन दोनों एक्सेसरीज के बिना भी REDMI Pad 2 Pro के इस्तेमाल में कोई प्रॉब्लम नहीं आएगी।
निष्कर्ष
REDMI Pad 2 Pro Wi-Fi मॉडल को 8GB RAM + 128GB Storage पर लाया गया है जिसकी कीमत 24,999 रुपये है। वहीं REDMI Pad 2 Pro 5G मॉडल 8GB RAM के साथ 128GB और 256GB स्टोरेज सपोर्ट करता है। इन दोनों वेरिएंट्स को क्रमश: 27,999 रुपये और 29,999 रुपये में लॉन्च किया गया है। अगर आपको बड़ी स्क्रीन वाला टैबलेट चाहिए तो रेडमी पैड 2 प्रो को चुना जा सकता है। लार्ज डिस्प्ले के साथ ही इसकी ताकतवर बैटरी टैबलेट की बड़ी खूबी है।
रिवर्स चार्जिंग टेक्नोलॉजी टैबलेट के यूज़ को एडवांस बनाती है। अमूमन टैबलेट के कैमरा से संतुष्टि नहीं होती है लेकिन रेडमी पैड 2 प्रो का कैमरा निराशा नहीं करेगा। यह टैब HyperOS 2 पर काम करता है जो 5 जेनरेशन की एंड्रॉयड ओएस अपडेट और 7 साल की सिक्योरिटी अपडेट के साथ लाया गया है। ऐसे कई फ्लैगशिप फोन हैं जिनमें इतनी लंबी अपडेट नहीं दी जाती है। इस मामले में REDMI Pad 2 Pro को बेहतर कहा जाएगा।
इस टैबलेट का डिजाइन बहुत ज्यादा आर्कषक तो नहीं कहा जाएगा लेकिन बुरा भी नहीं है। स्क्रीन सही है और कंटेंट देखने में मजा आएगा। कुल मिलाकर डिस्प्ले और बैटरी के क्षेत्र में रेडमी पैड 2 प्रो में बढिया काम किया है। प्रोसेसर औसत है और कैमरा ऐवरेज से कुछ बेहतर। 25 से 30 हजार की रेंज में REDMI Pad 2 Pro को खरीदना घाटे का सौदा साबित नहीं होगा। वहीं इस रेंज में रेडमी पैड 2 प्रो के अलावा लेटेस्ट OPPO Pad 5, OnePlus Pad Go 2 और Lenovo Idea Tab Plus मार्केट में मौजूद कुछ ऐसे ऑप्शन्स हैं जिन्हें कंसीडर किया जा सकता है।


























