realme Buds T500 Pro रिव्यू: 3 हजार से कम में वैल्यू-फॉर-मनी TWS

Join Us icon

Earbuds आज के समय में स्मार्टफोन यूजर्स द्वारा सबसे ज्यादा इस्तेमाल की जाने वाली एक्सेसरीज बन चुकी है। खासकर ऐसे लोग जो पब्लिक ट्रांसपोर्ट में ट्रेवल करते हैं, उनके सफर का साथी ईयरबड ही होता है। कानों में ईयरबड्स लगाकर गाने सुनते हुए, रील्स स्क्रॉल करते हुए या मूवीज़ देखते हुए बहुत से लोग आपके आस-पास दिख जाएंगे। कम कीमत पर बेस्ट क्वॉलिटी का दावा करते हुए realme ने हाल ही में Buds T500 Pro इंडिया में लॉन्च किया है जिसका प्राइस 2,799 रुपये है। क्या इन्हें चुना जाना चाहिए? इसी सवाल का जवाब जानने के लिए हमने तकरीबन 2 सप्ताह रियलमी बड्स टी500 प्रो का इस्तेमाल किया। हमारा एक्सपीरियंस यहां ​ईयरबड्स रिव्यू के तौर पर पेश किया है जिसे आप आगे पढ़ सकते हैं।

लुक और डिजाइन

realme Buds T500 Pro को रेक्टेंगल शेप वाले ईयरबड्स केस में लाया गया है। कंपनी ने इसे Candy Box का नाम दिया है। बड्स टी500 प्रो को Lemon Cola, Orange Mint और Chocolate नाम के तीन कलर्स में लाया गया है। पसर्नल हमें लेमन कोला कलर ज्यादा पसंद आया। इयरबड्स केस के साथ ही कंपनी एक लान्यार्ड भी दे रही है जिसे इस कैंडी बॉक्स के साथ बांधा जा सकता है। यह लान्यार्ड स्टाइलिश तो बनाता है ही, वहीं साथ ही यूजफुल भी बहुत है।

बताते चलें कि लेमन कोला कलर के साथ येलो, चॉकलेट कलर के साथ ब्लू और ऑरेंज मिंट कलर के साथ ऑरेंज लान्यार्ड मिलेगा। इस लान्यार्ड में छोटा सा रियलमी मस्कट का बड भी दिया गया है जो इसकी लुक बढ़ाता है। अगर आप ट्रैवल कर रहे हैं तो ईयरबड्स केस को जेब में डालने की जरूरत नहीं, इसे बैग से बांधा जा सकता है जो कुछ आराम देगा। वहीं सबसे अच्छी बात कि यह परमानेंट बैग से बंधा रहेगा तो ईयरबड्स कहीं भूल जाने या छूट जाने की टेंशन भी खत्म।

रियलमी बड्स टी500 प्रो के Candy Box की बात करें तो यह काफी कॉम्पैक्ट है। इसे कुछ ऐसे डिजाइन किया गया है कि यह अपने आप या गलती से उँगली लगने पर भी ओपन नहीं होगा। यानी ईयरबड्स बाहर निकल गिरने का डर नहीं है, मैग्नेटिक पावर स्ट्रांग है। यह वीगन लेदर फिनिश वाला है और अंदर से ग्लासी है जो देखने में प्रीमियम फील देता है। सामने की ओर realme की ब्रांडिंग दी गई है और इसके थोड़ी नीचे लाइट लगी है। केस के बैक साइड पर यूएसबी टाइप-सी पोर्ट दिया गया है।

ईयरबड्स की बात करें तो इन्हें स्टेम डिजाइन पर लाया गया है। अक्सर देखा जाता है कि राइट और लेफ्ट कान वाले ईयरबड्स पर R और L लिखा जाता है। realme Buds T500 Pro पर ऐसा नहीं है। यानी रियलमी ने स्मार्ट सोचा है और फालतू की भेड़चाल से खुद को अलग रखा है। स्टेम पर उपरी ओर टच सेंसर लगा है और लोवर टिप पर माइक है। ये ग्लॉसी और शाइनी फिनिश वाले हैं जो प्रीमियम लगते हैं। वहीं ईयरबड्स के साथ सिलिकॉन टिप्स दिए गए हैं जो फिटिंग के मामले कंफर्टेबल हैं। ये रियलमी ईयरबड्स IP55 रेटिंग के साथ आए हैं जो पानी की बौछारों से डैमेज नहीं होंगे।

साउंड क्वालिटी

पहले ​टेक्निकल स्पेक्स की बात करें तो रियलमी बड्स टी500 प्रो को 12.4mm टाइटेनियम-प्लेटेड डायनामिक ड्राइवर के साथ लाया गया है। इसे LHDC (लो-लेटेंसी हाई-डिफेनेशन) कोडेक का सपोर्ट प्राप्त है जो खास तौर पर वायरलेस तरीके से हाई-रेजोल्यूशन ऑडियो एक्सपीरियंस देने के लिए पहचाना जाता है। यह सिस्टम 24-bit/96kHz डाटा ट्रांसमिशन रेट प्रदान करता है जिसके चलते साउंड ज्यादा कंप्रेस नहीं होता है और अधिक बेहतर और डिटेल्ड ऑडियो ट्रांसमिशन देता है।

रियल लाइफ एक्सपीरियंस की बात करें तो realme Buds T500 Pro की साउंड क्वालिटी हमें शानदार लगी। यह बैलेंस्ड साउंड देता है और फुल वॉल्यूम करने के बाद भी ‘लाउड’ वाली फील नहीं आती है, जोकि अच्छी बात है। वहीं फुल वॉल्यूम में भी साउंड डिस्टॉर्शन भी नहीं होता है। वोकल्स और इंस्ट्रूमेंट्स क्लीन सुनाई देते हैं। अगर आप तेज धमक वाले गानें सुनते हैं तो इन रियलमी ईयरबड्स में हाई बेस प्राप्त होता है। वहीं यदि नॉइज़ कैंसलेशन ऑन कर दी जाए तो बेस क्वालिटी और भी बेहतर हो जाती है।

नॉइज़ कैंसलेशन की ही बात करें तो Active Noise Cancellation रियलमी बड्स टी500 प्रो का एक्सपीरियंस शानदार बनाती है। ये रियलमी ईयरबड्स 50dB ANC सपोर्ट करते हैं। वहीं कंपनी का दावा है कि यह डिवाइस 5000Hz Ultra-Wide Bandwidth तक की आवाजों को ब्लॉक कर सकता है। इन ईयरबड्स का एक्टिव नॉइज़ कैंसलेशन हमें वाकई में दमदार लगा। सड़क पर और मैट्रो में इसे ऑन करने पर बाहरी ट्रैफिक का शोर वाकई में खत्म हो जाता है और सिर्फ म्यूजिक ही सुनाई देता है।

यह तेज शोर को तो रोकता ही है, वहीं साथ ही जब हमने ऑफिस में बैठकर इसका इस्तेमाल किया तो इसने दूसरे लोगों की बातें और कीबोर्ड की खटपट वाली आवाज को भी बंद कर दिया। यूजर्स को इसमें Noise Cancellation, Transparency और Off जैसे तीन मोड मिलेंगे। प्राइस सेगमेंट के हिसाब से realme Buds T500 Pro की ANC हमें काफी इफेक्टिव लगी।

अगर आप अपनी पसंद का इक्वलाइज़र सेट करना चाहते हैं तो इसके लिए Realme Link ऐप को फोन में डाउनलोड कर Buds T500 Pro को इससे कनेक्ट कर सकते हैं। इसमें Pop, Rock और Gaming जैसे प्री-कंफीग्र्ड ईक्यू सेटिंग्स मिलती है। वहीं साथ ही 6-बैंड कस्टम EQ सपोर्ट मौजूद है जिनसे यूजर्स अपनी पसंद के अनुसार ऑडियो ट्यूनिंग कर सकते हैं। रियलमी लिंक ऐप ANC मोड कंट्रोल, बैटरी स्टेटस और टच कंट्रोल्स जैसी चीजों को मैनेज किया जा सकता है।

कॉलिंग एक्सपीरियंस

realme Buds T500 Pro को कंपनी ने 6-mic सिस्टम पर पेश किया है। हर कान के ईयरबड्स पर 3-3 माइक लगे हैं। इनमें फीड-फारवर्ड माइक (FF), फीडबैक माइक (FB) और टॉक माइक शामिल हैं। ईयरबड्स का माइक्रोफोन AI बेस्ड ENC भी सपोर्ट करता है जो बाहरी आवाजों को रोकने में मदद करता है। मैट्रो में सफर करते वक्त कॉल पर बात करने के दौरान वॉइस काफी हद तक क्लियर रहती है। हालांकि कॉल करने वाले को बैकग्राउंड शोर भी सुनाई देता है लेकिन यह मेन कॉलर की आवाज के पीछे दब जाता है। इसे क्रिस्टल-क्लियर तो नहीं कहा जाएगा लेकिन कॉल क्वालिटी पर भरोसा किया जा सकता है।

कनेक्टिविटी

रियलमी बड्स टी500 प्रो को Bluetooth 6.1 के साथ लाया गया है जिसे SBC, AAC और LHDC Codecs प्राप्त हैं। कंपनी का दावा है कि यह 10 मीटर तक की दूरी से डिवाइस से कनेक्ट रह सकता है। वहीं realme Buds T500 Pro में 45ms लो-लेटेंसी मिलती है। लो-लेटेंसी के चलते गेम खेलते समय ऑडियो और वीडियो के बीच काफी कम डिले महसूस होता है। ब्रांड का कहना है कि यह साथ 3 डिवाइस से कनेक्ट रह सकता है और बिना रूकावट तेजी से स्वीच हो सकता है।

realme Buds T500 Pro में पेयरिंग आसानी से हो जाती है और इसे किसी भी डिवाइस के साथ आसानी से कनेक्ट किया जा सकता है। अपने फोन और लैपटॉप के बाद जब हमने इसे थर्ड डिवाइस के साथ कनेक्ट करना चाहा तो बड्स टी500 प्रो विजिबिलिटी में प्रॉब्लम आई है। रिसेट करने के बाद ही यह थर्ड डिवाइस के साथ कनेक्ट हुआ। ब्लूटूथ रेंज तो सही है लेकिन इस्तेमाल के दौरान मल्टी डिवाइस कनेक्टिविटी के कई बार दिक्कतें आई।

बैटरी बैकअप

realme Buds T500 Pro के केस को कंपनी ने 530mAh बैटरी से लैस किया है और ईयरबड्स स्टेम में 62mAh बैटरी लगाई गई है। कंपनी का दावा है कि फुल चार्ज करने के बाद रियलमी बड्स टी500 प्रो पर 56 घंटे तक का बैकअप पाया जा सकता है। हमने इसे एक बार फुल चार्ज किया और हर दिन लगभग 4-5 घंटे तक इनका इस्तेमाल किया। आज रिव्यू लिखते वक्त दो हफ्ते से भी ज्यादा समय बीत चुका है और ये अभी तक काम कर रहे हैं। यानी कहा जा सकता है कि रियलमी बड्स टी500 प्रो का बैटरी बैकअप बढिया है। ईयरबड्स को किसी भी यूएसबी टाईप सी चार्जर से चार्ज किया जा सकता है।

AI Translator

रियलमी बड्स टी500 प्रो को कंपनी ने कुछ AI फीचर्स से भी लैस किया है। इनमें AI Translator और Face-to-Face Translation जैसे विकल्प शामिल हैं। हालांकि इस फीचर्स का इस्तेमाल करने के लिए मोबाइल में realme Link App होनी जरूरी और फोन में एक्टिव इंटरनेट कनेक्शन भी होना चाहिए। यह फीचर करीब 30 से अधिक भाषाओं को सपोर्ट करता है जिसका फायदा दो लोगों की बातचीत लाइव ट्रांसलेट करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।

realme Buds T500 Pro रिव्यू वर्डिक्ट

सीधे शब्दों में कहें तो अगर आप 3000 रुपये से कम का ईयरबड्स खरीदना चाहते हैं तो realme Buds T500 Pro आपके काम आ सकते हैं। डिजाइन कॉम्पैक्ट है और लान्यार्ड इसे कहीं भी कैरी करने में आसान बनाता है। साउंड क्वालिटी में हमें यह शानदार लगा। गाने, गेम या मूवी, सभी का मजेदार एक्सपीरियंस मिलता है। इस रियलमी ईयरबड्स का ऑडियो दमदार है। वीं ANC इसे प्रभावशाली बनाती है। बैटरी बैकअप से भी ग्राहकों को कोई शिकायत नहीं होने वाली है। यूज़ के दौरान हमें कनेक्टिविटी की कुछ समस्या देखने को मिली, लेकिन उम्मीद कर सकते हैं कि अपडेट्स के बाद दूर हो जाएगी। 2,799 रुपये में realme Buds T500 Pro को वैल्यू-फॉर-मनी TWS कहा जा सकता है।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here