लावा ने लॉन्च किया कम रेंज का दो एंडरॉयड फोन ए51 और ए76+

भारतीय मोबाइल फोन निर्माता कंपनी लावा ने आज दो एंडरॉयड स्मार्टफोन को लॉन्च किया है। कंपनी ने लावा ए51 और ए76+ को पेश किया है जिनकी कीमत क्रमश: 4,199 रुपये और 5,999 रुपये है। हालांकि लावा ए51 में 3जी सपोर्ट है जबकि लावा ए76+ 4जी फोन है। हालांकि कंपनी ने इन फोंस के बारे में अधिकारिक जानकारी नहीं दी है लेकिन इन्हें कंपनी की वेबसाइट पर लिस्ट कर दिया गया है। आशा है कि जल्द ही ये फोन भारत में प्रमुख रिटेल स्टोर पर उपलब्ध होंगे।
लावा ए51
लावा ए51 आरंभिक स्तर का 3जी फोन है जिसमें 4.5-इंच का एफडब्ल्यूजीए (800×480 पिक्सल रेजल्यूशन) डिसप्ले दिया गया है। हालांकि कंपनी ने स्क्रीन प्रोटेक्शन के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी है।
बेहतर प्रोसेसिंग के लिए इसमें 1.2गीगाहट्र्ज का क्वाडकोर प्रोसेसर दिया गया है। इसके साथ ही 512 एमबी रैम और 8जीबी की इंटरनल मैमोरी उपलब्ध है। फोन की इंटरनल मैमोरी आप 32जीबी तक एक्सपैंड कर सकते हैं। बजट को देखने हुए रैम मैमोरी थोड़ी कम कही जा सकती है क्योंकि इस बजट में आज 1जीबी रैम वाले फोन उपलब्ध हैं।
फोटोग्राफी की बात करें तो लावा ए51 में 5-मेगापिक्सल का रियर कैमरा और वीजीए फ्रंट कैमरा दिया गया है। दोहरा सिम आधारित इस फोन में आपको वाईफाई के साथ ब्लूटूथ और माइक्रो यूएसबी सपोर्ट मिलेगा।
लावा ए76+
यह फोन 5,000 रुपये से उपर के बजट में उपलब्ध है और यह कंपनी का 4जी फोन है। इसमें 4.5-इंच का (800×480 पिक्सल रेजल्यूशन) एफडब्ल्यूवीजीए डिसप्ले है। इसमें 1.5गीगाहर्ट्ज क्वाडकोर प्रोसेसर है और फोन को 1जीबी रैम की ताकत प्रदान की गई है।
इसकी इंटरनल मैमोरी 8जीबी और आप 32जीबी तक के मैमोरी कार्ड का उपयोग कर सकते हैं। फोटोग्राफी के लिए लावा ए76+ में 5-मेगापिक्सल का मुख्य और 5-मेगापिक्सल का ही फ्रंट कैमरा दिया गया है। वहीं बेहतर पावर बैकअप के लिए 1,850 एमएएच की बैटरी उपलब्ध है।