
भले ही सालों बाद नोकिया ने अपना फोन लॉन्च किया हो लेकिन इसकी लोकप्रियता अब भी कम नहीं हुई है। इसका अनुमान आप इस बात से भी लगा सकते हैं कि कल नोकिया 6 फोन सेल पर गया था और बस कुछ सेकेंड में ही आउट आॅफ स्टॉक हो गया है। खास बात यह कही जा सकती है कि नोकिया के इस फोन की कीमत भी कम नहीं थी। भारतीय रुपये के अनुसार लगभग 17,000 रुपये में यह सेल पर गया था और उपभोक्ताओं ने इसे हाथोहाथ लिया।
आपको बता दूं कि नोकिया 6 चीनी वेबसाइट जेडी डॉट कॉम पर सेल के लिए गया था। फोन के सेल से पहले एचएमडी ग्लोबल ने रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया भी शुरू की थी और इस दौरान एक मिलियन अर्थात 10 लाख से भी ज्यादा लोगों ने रजिस्ट्रेशन किया था। वहीं कल यह फोन सेल के लिए उपलब्ध हुआ तो कुछ ही सेकेंड में सोल्ड आउट हो गया। हालांकि कंपनी ने यह जानकारी नहीं दी कि सेल के लिए कितने यूनिट थे।
नोकिया के फोन को लेकर भारतीय लोगों में भी ऐसा ही उत्साह देखा जा रहा है। अभी से ही लोग फोन के बारे में पूछ रहे हैं। कंपनी ने पहले ही जानकारी दी है कि नोकिया के फोन भारत भी लॉन्च होंगे हालांकि कंपनी ने यह नही बताया कि कब उपलब्ध होंगे।
जहां तक नोकिया 6 की बात है तो इस फोन में 5.5-इंच की फुल एचडी स्क्रीन दी गई है। कंपनी ने 2.5डी कर्व्ड ग्लास का उपयोग किया है जो कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास 3 कोटेड है। फोन को क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 430 चिपसेट पर पेश किया गया है और इसमें 4जीबी और 64जीबी की मैमोरी दी गई है।
फोटोग्राफी के लिए नोकिया 6 में 16-मेगापिक्सल का रियर कैमरा 8-मेगापिक्सल का दिया गया है। डाटा व कनेक्टिविटी की बात करें तो इस फोन में 4जी एलटीई सपोर्ट है। पावर बैकअप के लिए इस फोन में 3,000 एमएएच की बैटरी दी गई है। इसमें ओटीजी सपोर्ट है जहां आप पेन ड्राइव का भी उपयोग कर सकते हैं। इसके साथ ही 4जी वोएलटीई सपोर्ट भी मिलेगा।





















