
आज दुनियाभर में लोग मोबाइल गेमिंग के एडिक्ट हो चुके हैं। हैवी प्रोसेसर और बड़ी स्क्रीन वाले फोन के साथ वे हाई ग्राफिक्स वाले BGMI, Call Of Duty और Genshin Impact जैसे गेम खेलते नजर आते हैं। परंतु आप जानते हैं, मोबाइल गेमिंग की एडिक्शन कहां से शुरू हुई और वह गेम कब, कहां और कैसे आया? नहीं! तो चलिए बताते हैं और आपकी यादों को ताजा करते हैं।
मैं बात कर रहा हूं ऐसे साधारण गेम की, जिसे खेलना बहुत आसान था और वह मोबाइल गेमिंग को अलग दिशा में लेकर गया। उसके बाद ही मोबाइल में गेमिंग की शुरुआत हुई। मैं बात कर रहा हूं विश्व के प्रमुख मोबाइल गेम Snake की। 1997 में इस मशहूर रेट्रो गेम की शुरुआत हुई थी और आज भी यह गेम लोगों के जहन में है। वैसे तो 2007 में ही एंड्रॉयड फोन ने दस्तक दे दी थी, लेकिन 2026 में भी लोगों को यह गेम याद है। इसे अलग-अलग पीढ़ी के लगभग सभी लोगों ने इसे खेला है।
कैसा था Snake गेम
Snake गेम शुरू में एक छोटे से पिक्सेल से शुरू होता था, जो ब्लिंक करता रहता था। छोटे-छोटे डॉट आगे बढ़ते हुए दूसरे डॉट से मिलकर सांप की तरह बनने लगते थे। दूसरे डॉट को सांप का खाना बनाया गया था और सांप जितना खाता रहता, उतना लंबा होता जाता। परंतु खाना खाकर जब यह सांप बहुत लंबा हो जाता था, तो खुद से टकरा जाता था या स्क्रीन के कोनों से टकरा जाता था, तो गेम खत्म हो जाता था। इसमें आपका सांप जितना लंबा होता जाता, उतने ही प्वाइंट मिलते। इसकी क्लासिक साउंड और आसान कंट्रोल की वजह से लोग इसे काफी पसंद करते थे।
उस वक्त फोन में छोटी-सी ब्लैक एंड व्हाइट स्क्रीन हुआ करती थी और उसके हिसाब से यह बिल्कुल ही आदर्श गेम था। सबसे अच्छी बात थी कि इस गेम को आप कीपैड के बटन 2, 8, 4 और 6 के अलावा नेविगेशन पैड से भी खेल सकते थे। ऊपर जाने के लिए 2, नीचे के लिए 8, बाएं के लिए 4 और 6 से सांप दाईं ओर जाता था। इस तरह छोटे से फोन में इसे खेलना काफी आसान था।
कहां से आया इस Snake का आइडिया
नोकिया मोबाइल के लिए Snake गेम का निर्माण स्वीडिश सॉफ्टवेयर इंजीनियर Taneli Armanto ने किया था। वे गेम डेवलपर नहीं थे, फिर भी उनके द्वारा किया गया काम इतिहास में दर्ज हो गया। उन्होंने इस गेम को ब्लैक-एंड-व्हाइट स्क्रीन और कम मेमोरी को ध्यान में रखकर डिजाइन किया था। हालांकि यह गेम बहुत ही पुराने वीडियो गेम Blockade से इंस्पायर्ड था।
इस गेम को Gremlin द्वारा डिजाइन किया गया था, जिसे 1976 में वीडियो गेम के रूप में पेश किया गया था। यह भी एक आर्केड गेम था, जिसमें दो प्लेयर होते थे और उसमें स्नेक डॉट को आगे बढ़ाना होता था। हालांकि यहां एक ऐरो का निशान होता था और उसे देखकर आगे बढ़ना होता था। हर ऐरो के साथ ही डॉट लंबे होते जाते थे। ये डॉट यदि बाहरी दीवार से या दूसरे प्लेयर से टकरा जाएं, तो धमाके के साथ गेम खत्म हो जाता था। मोबाइल गेम स्नेक में भी कुछ ऐसा ही था। वहीं 1991 में आई वीडियो गेम Worm भी कुछ ऐसी ही थी, लेकिन इसके ग्राफिक्स ज्यादा अच्छे थे।
नोकिया के स्नेक मोबाइल गेम का आइडिया भी इन्हीं गेम से आया था, लेकिन इस बार चुनौती थोड़ी ज्यादा थी। क्योंकि न सिर्फ गेम को एक बेहद छोटी स्क्रीन पर रन करना था, बल्कि उसमें मेमोरी भी कम थी। इसके साथ ही गेम को एक ऐसे डिवाइस में चलाना था, जो मुख्य रूप से कम्युनिकेशन के लिए उपयोग होता था। परंतु Armanto ने यह काम कर दिखाया और इतिहास में दर्ज हो गए। इसकी वजह से उन्हें 2005 में Mobile Entertainment Forum की तरफ से विशेष अवॉर्ड दिया गया।
उस वक्त उन्हें तीन गेम का टास्क दिया गया था जिसमें स्नेक के साथ लॉजिक और मेमोरी नाम के दो गेम शामिल थे। परंतु लोगों ने स्नेक को हाथों-हाथ लिया और इस गेम ने नोकिया फोन की पॉपुलैरिटी को और बढ़ा दिया।
किस फोन से शुरू हुई स्नेक की कहानी और कहां हुआ अंत
1997 में Nokia ने 6110 मोबाइल फोन को ग्लोबली लॉन्च किया था। यह पहला फोन था, जिसमें Snake गेम प्री-इंस्टॉल होकर आया था। यह गेम इतना पॉपुलर हुआ कि इसके बाद नोकिया के सभी फोन में यह उपलब्ध होने लगा।
बस एक साल बाद ही, 1998 में Nokia 7110 को पेश किया गया, जहां लोकल टू-प्लेयर वर्जन पेश किया गया। इस वर्जन में दो खिलाड़ी अपने फोन को इंफ्रारेड के माध्यम से कनेक्ट कर एक साथ स्नेक गेम खेल सकते थे।
वहीं एक साल बाद फिर से इसका एक अपग्रेड वर्जन पेश किया गया। कंपनी ने 1999 में Nokia 3310 को पेश किया और उस फोन में बोनस और भूलभुलैया जैसे सेगमेंट जोड़े गए। इस फोन ने लोकप्रियता की सारी हदें पार कर उस वक्त विश्व का सबसे ज्यादा बिकने वाला फोन बन गया। फोन की लोकप्रियता को बढ़ाने में इसके दूसरे फीचर्स के साथ स्नेक गेम का बड़ा योगदान था।
हालांकि नोकिया फोन के पतन के साथ ही स्नेक गेम भी खोता चला गया और फिर यादों में ही रह गया। परंतु जब नोकिया फोन की कमान एचएमडी के हाथों में चली गई, तो कंपनी ने फिर से 2017 में Nokia 3310 का नया वर्जन पेश किया और उस फोन के साथ भी गेम का अपडेटेड वर्जन Snake Xenzia को पेश किया गया। बेहतर विजुअल और शानदार कंट्रोल के साथ यह गेम चर्चा में रहा। परंतु अब एक बार फिर से इंटरनेट के पोस्ट, पुराने वीडियो और आर्टिकल तक सिमट कर रह गया है।
परंतु आज भले ही PUBG Mobile, Free Fire, Genshin Impact और Call of Duty जैसे गेम को लोग पसंद कर रहे हैं, लेकिन मोबाइल गेमिंग की शुरुआत और लत की बात आती है, तो स्नेक का ही जिक्र होता है।

























