
इस तरह की खबरें अक्सर सुनने में आती रहती है कि ई-कॉमर्स शॉपिंग साइट्स पर कुछ सामान ऑर्डर किए जाने पर गलत सामान की डिलीवरी हो गई। ऐसे केस में ज्यादातर गलती डिलीवर करने वाले व्यक्ति या फिर पैक करने वाले व्यक्ति की होती है, जो लालच में महंगा सामान निकाल कर उसी बॉक्स में फालतू चीजें रख देता है। ऐसे केस में जब तक बॉक्स ना खोला जाए तब तक पता नहीं चलता कि अंदर क्या है। लेकिन दिग्गज़ टेक कंपनी Samsung का ऐसा रोचक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है जिसने गलत आईटम डिलीवरी का नया ही उदाहरण पेश कर दिया है। कंपनी ने 31,490 रुपये के Samsung Smart TV की जगह पर कपड़े धोने वाली Washing Machine को डिलीवर कर दिया और उस वाशिंग मशीन के बॉक्स पर टेलीविज़न का बिल चिपका दिया। इस वाकये ने सबको यही सोचने पर मजबूर कर दिया है कि, ‘कोई इतना गलत कैसे हो सकता है भाई!’
यह है मामला
फरीदाबाद निवासी क्षितिज कुंद्रा नाम के एक व्यक्ति से Samsung India का ऑफिशियल वेबसाइट से एक स्मार्ट टेलीविज़न ऑर्डर किया था। यह खरीदारी 29 अप्रैल को की गई थी जिसमें (43″) TE50A Smart HD TV ऑर्डर किया गया था। इस स्मार्टटीवी के लिए ग्राहक ने 31,490 रुपये की पेमेंट भी कर दी थी, जो तमाम ऑफर और डिस्काउंट के बाद टोटल कॉस्ट निकल कर आई थी। कंपनी की ओर से ऑर्डर कंफर्मेशन ईमेल के साथ ही डिलीवरी डेट भी बता दी गई थी, जो 2 मई की थी। बस अब पेमेंट करने के बाद क्षितिज और उसके परिवार को अपने नए Smart TV का इंतजार था।
तय तारीख यानी 2 मई को सामान की डिलीवरी ग्राहक के दरवाजे पर पहुंच गई। समस्त कुंद्रा परिवार इस बात की खुशी में था, कि अब लॉकडाउन वाले दिन नए टीवी के सहारे मनोरजंन के साथ कटेंगे। लेकिन Samsung ने इस परिवार के सपने को वॉशिंग मशीन के साथ धो डाला। क्षितिज कुंद्रा के होश उड़ गए जब उन्होंने देखा कि सैमसंग की ओर से स्मार्टटीवी नहीं बल्कि वॉशिंग मशीन डिलीवर की गई है। उससे भी बड़ी बात यह थी कि उस वॉशिंग मशीन के बॉक्स के उपर सैमसंग स्मार्ट टीवी का बिल चिपकाया हुआ था।
Samsung पर उठे सवाल
1. स्मार्टफोन या किसी अन्य आईटम के बॉक्स में कुछ गलत सामान मिलता है तो माना जा सकता है कि यह डिलीवरी या पैकेजिंग टीम की गलती हो सकती है। क्योंकि ऐसी कंडिशन में बॉक्स के अंदर के सामान को देखा नहीं जा सकता है। लेकिन एक LED TV और एक Washing Machine के बॉक्स में जमीन-आसमान का अंतर होता है। ऐसे में अगर एलईडी टेलीविज़न ऑर्डर करने पर एक वॉशिंग मशीन को डिलीवर किया जाएगा तो इसे साफ कर सैमसंग और डिलीवरी पॉर्टनर मैनेजमेंट की ही गलती माना जाएगा।
2. गलत प्रोडक्ट डिलीवरी वाले इस केस में सिर्फ एक व्यक्ति नहीं बल्कि ऑर्डर शिपमेंट से लेकर होम डिलीवरी तक शामिल हुए सभी व्यक्तियों को गलती का भागीदार माना जा रहा है। हर ऑर्डर पर एक यूनिक इन्वाईस बनता है जो पैकेज की प्रत्येक मूवमेंट पर साथ रहता है। प्रोडक्ट की डिटेल भी ‘बारकोड’ के रूप में शिपमेंट पर चिपकाई जाती है जिसे हरेक मूविंग प्वाईंट पर क्रॉसचेक किया जाता है। हैरानी की बात है कि किसी भी चेकप्वाइंट कोई सवाल नहीं उठा कि वॉशिंग मशीन के बॉक्स पर एलईडी टीवी की डिटेल क्यों मौजूद है। यह भी पढ़ें : 15,000 रुपए से कम कीमत वाले बेस्ट Smart TV, यहां देखें पूरी लिस्ट
3. Samsung LED Smart TV को गुरूग्राम की Savex Technologies द्वारा शिप किया गया था और इसका डिलीवरी पार्टनर Delhivery था। शिपमेंट पर वेयर हाउस से लेकर ग्राहक के घर पहुंचने तक वॉशिंग मशीन के बॉक्स पर टेलीविज़न का बिल चिपका रहा और इसे अप्रूव भी कर दिया गया हो अपने आप में एक बड़ा सवाल बनाता है। इसके साथ ही हर पैकेज का वज़न भी डिलीवरी के दौरान चेक किया जाता है और टीवी तथा वॉशिंग मशीन के वज़न में भी काफी अंतर होता है। लेकिन गलत मैनेजमेंट के चलते इन बिंदुओं को भी नज़रअंदाज कर दिया गया है जो सीधे यूजर्स की परेशानी का कारण बना है।
उलझन बनी मुसीबत
जिस शख्स के साथ यह वाकया घटा है उसकी परेशानी लगातार बढ़ती ही जा रही है। 30 हजार की मोटी रकम चुकाने के बाद गलत आईटम डिलीवर होने के बाद क्षितिज कुंद्रा ने फोन और मेल के जरिये सैमसंग से अपनी बातचीत जारी रखी है लेकिन दो हफ्ते बीत जाने के बाद भी कंपनी की ओर से कोई समाधान नहीं निकाला गया है। एक तरफ जहां ग्राहक का पैसा फंसा हुआ है वहीं दूसरी ओर यूजर को लगातार मानसिक उत्पीड़न भी झेलना पड़ रहा है।
क्षितिज के अनुसार Samsung ने कहा है कि घर पर डिलीवर हुआ गलत सामान कंपनी द्वारा पहले रिसीव किया जाएगा और उसके बाद कंपनी पैसे रिफंड करेगी। लेकिन दूसरी ओर जब टीवी के नाम पर प्राप्त हुई वॉशिंग मशीन को डिलीवरी वाले उठाने पहुंचे तो उनका जवाब था कि, ‘हमें TV पिक करने के लिए कहा गया है और हम टीवी ही लेकर जाएंगे।’ यानी अभी तक न ही वह वॉशिंग मशीन रिटर्न हुई, न ही सही प्रोडक्ट प्राप्त हुआ है और न ही क्षितिज को उसका पैसा रिफंड मिला है। खैर अब देखना यह है कि Samsung अपने ग्राहकों के प्रति कितना जिम्मेदाराना रवैया अपनाती है और कस्टमर सैटिस्फैक्शन के लिए क्या कदम उठाती है।























