
ओपो ने आज अपनी ‘ए’ सीरीज में एक और नया मोबाइल फोन जोड़ दिया है। यह स्मार्टफोन पड़ोसी मुल्क बांग्लादेश में उतारा गया है जिसका नाम OPPO A6s Pro है। यह बड़ी बैटरी वाला ओपो मोबाइल है जो 7000mAh Battery के साथ ही 50MP Selfie Camera और Helio G100 Max सपोर्ट करता है। ओपो ए6एस प्रो के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स की फुल डिटेल आप आगे पढ़ सकते हैं।
ओपो ए6ए प्रो स्मार्टफोन को एंड्रॉयड आधारित ColorOS 15 पर लाया गया है। प्रोसेसिंग के लिए इस मोबाइल फोन में MediaTek Helio G100 Max चिपसेट दिया गया है। यह 4नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.0गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.2गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इसमें Mali-G57 MC2 जीपीयू दिया गया है।
OPPO A6s Pro स्मार्टफोन को 6.57-इंच की फुलएचडी+ स्क्रीन पर लॉन्च किया गया है। यह OLED पैनल पर बनी पंच-होल स्क्रीन है जिसपर 120Hz रिफ्रेश रेट, 240Hz टच सैंपलिंग रेट और 1400nits पीक ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलता है। यह ओपो मोबाइल इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर तकनीक से लैस है।
फोटोग्राफी के लिए ओपो एक्स6एस प्रो स्मार्टफोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस 50 मेगापिक्सल मेन सेंसर दिया गया है जो 2 मेगापिक्सल मोनोक्रोम सेंसर के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए OPPO A6s Pro 4G फोन 50 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।
यह ओपो का बड़ी बैटरी वाला फोन है। पावर बैकअप के लिए OPPO A6s Pro 4G स्मार्टफोन में तगड़ी 7000mAh बैटरी दी गई है। वहीं इस बड़ी बैटरी को तेजी से चार्ज करने के लिए ओपो मोबाइल को 80W SuperVOOC फास्ट चार्जिंग तकनीक से लैस किया गया है। कंपनी ने इस स्मार्टफोन को reverse charging टेक्नोलॉजी के साथ मार्केट में उतारा है।
ओपो ए6एस प्रो वॉटरप्रूफ फोन है। कंपनी ने इसे IP69K रेटिंग के साथ पेश किया है जो स्मार्टफोन को धूल और पानी से सुरक्षित रखने के साथ ही कई तरह की लिक्विड प्रोटेक्शन भी देता है। OPPO A6s Pro 4G को बांग्लादेश में BDT 39,990 में लाया गया है जो 8जीबी रैम + 256जीबी का प्राइस है। यह कीमत इंडियन करंसी अनुसार 29 हजार रुपये के करीब है।














