Android फोन में गलती से डिलीट नोटिफिकेशन कैसे देखें, 24 घंटे तक रहता है पूरा रिकॉर्ड

Join Us icon

अगर आपके स्मार्टफोन पर हर थोड़ी देर में आने वाले नोटिफिकेशन आपको परेशान करते हैं और इसी वजह से आपने ज्यादातर अलर्ट बंद कर रखे हैं, तो Android का एक फीचर आपके लिए काफी काम का साबित हो सकता है। कई बार नोटिफिकेशन कम करने के चक्कर में जरूरी मैसेज, डिलीवरी अपडेट, रिमाइंडर या किसी ऐप का महत्वपूर्ण अलर्ट भी नजरअंदाज हो जाता है। खासकर तब, जब आप बिना पढ़े पूरे नोटिफिकेशन पैनल को साफ कर देते हैं। ऐसी स्थिति में Android का Notification History फीचर एक तरह की ‘सेकंड चांस’ जैसी सुविधा देता है। इसकी मदद से आप पहले हटाए गए नोटिफिकेशन को दोबारा देख सकते हैं यानी नोटिफिकेशन पैनल से किसी अलर्ट को स्वाइप करके हटा देने के बाद भी वह तुरंत पूरी तरह गायब नहीं होता है। Android उसे Notification History में कुछ समय के लिए सुरक्षित रखता है। आइए जानते हैं एंड्रॉयड फोन में डिलीट नोटिफिकेशन कैसे देख सकते हैं?

नोटिफिकेशन डिलीट नहीं होते, बस दूसरी जगह चले जाते हैं

Notification History को आप Android के नोटिफिकेशन के लिए एक तरह का बैकअप सेक्शन समझ सकते हैं। अगर आपने किसी नोटिफिकेशन को गलती से स्वाइप कर दिया, बिना पढ़े पूरा नोटिफिकेशन पैनल क्लियर कर दिया या फोन को लगातार Do Not Disturb मोड पर रखते हैं, तो बाद में इस फीचर की मदद से उन अलर्ट को दोबारा देखा जा सकता है।

मान लीजिए, काम करते समय आपके फोन पर किसी ऑनलाइन शॉपिंग ऑर्डर का डिलीवरी अपडेट आया और आपने उसे तुरंत हटा दिया या WhatsApp का कोई मैसेज आया, लेकिन आपने नोटिफिकेशन देखकर उसे बिना ठीक से पढ़े स्वाइप कर दिया। इसी तरह कोई जरूरी रिमाइंडर भी गलती से हट सकता है। ऐसे मामलों में Notification History आपको यह पता लगाने में मदद करती है कि आपने क्या मिस किया है। इसका सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को मिल सकता है, जो फोन पर आने वाले अलर्ट की संख्या कम रखना चाहते हैं, लेकिन जरूरी नोटिफिकेशन पूरी तरह मिस नहीं करना चाहते हैं।

24 घंटे तक देख सकते हैं पुरानी नोटिफिकेशन

हालांकि इस फीचर को किसी स्थायी नोटिफिकेशन आर्काइव की तरह नहीं समझना चाहिए। Android आमतौर पर Notification History में पिछले 24 घंटे की नोटिफिकेशन हिस्ट्री रखता है यानी बहुत पुरानी नोटिफिकेशन यहां हमेशा के लिए सेव नहीं रहती हैं। अगर आपको किसी नोटिफिकेशन को हटाए हुए 24 घंटे से ज्यादा हो चुके हैं, तो संभव है कि वह Notification History में भी उपलब्ध न हो। इसलिए यह फीचर पुराने अलर्ट का रिकॉर्ड रखने के बजाय हाल ही में मिस हुई नोटिफिकेशन को वापस देखने के लिए ज्यादा उपयोगी है।

एक जरूरी बात: फीचर ऑन करने के बाद ही रिकॉर्ड बनेगा

Notification History इस्तेमाल करने से पहले एक बात समझना बेहद जरूरी है। Android इस फीचर को पहले से मिली नोटिफिकेशन के लिए इस्तेमाल नहीं करता है यानी अगर आपने इसे शाम 3 बजे ऑन किया है, तो सुबह 10 बजे आई नोटिफिकेशन का रिकॉर्ड आपको नहीं मिलेगा।

फीचर ऑन करने के बाद आने वाली नोटिफिकेशन ही हिस्ट्री में दिखाई देंगी। इसलिए पहली बार इसे एक्टिवेट करने के तुरंत बाद अगर Notification History खाली दिखाई दे, तो परेशान होने की जरूरत नहीं है। जैसे-जैसे आपके फोन पर नए अलर्ट आएंगे, उनका रिकॉर्ड यहां बनना शुरू हो जाएगा।

Android में Notification History कैसे ऑन करें

Notification History को एक्टिवेट करने की प्रक्रिया काफी आसान है। हालांकि अलग-अलग कंपनियों के फोन में Settings का नाम या मेन्यू थोड़ा अलग हो सकता है। Samsung, Google Pixel, Motorola, OnePlus और दूसरे Android फोन में विकल्प की जगह अलग हो सकती है। आमतौर पर इसे ऑन करने के लिए सबसे पहले अपने फोन में Settings ऐप ओपन करें। इसके बाद Notifications सेक्शन में जाएं।

यहां आपको Manage या मोर सेटिंग्स इससे मिलता-जुलता विकल्प दिखाई दे सकता है। अब Notification History पर टैप करें। इसके बाद Notification History के सामने दिए गए टॉगल को ऑन कर दें।

बस इतना करते ही Android आगे आने वाली नोटिफिकेशन का रिकॉर्ड रखना शुरू कर देगा। अगर आपके फोन में मेन्यू थोड़ा अलग दिखाई देता है, तो Settings में Notification History सर्च करना भी आसान तरीका हो सकता है।

Notification History में नोटिफिकेशन कैसे देखें?

फीचर एक्टिवेट करने के बाद जब आपके फोन पर कुछ नोटिफिकेशन आएंगी और आप उन्हें हटा देंगे, तो उन्हें देखने के लिए दोबारा Settings में जाएं।

Notifications सेक्शन ओपन करें और Notification History पर टैप करें। यहां आपको हाल की नोटिफिकेशन दिखाई देंगी। Android इन्हें ऐप के हिसाब से व्यवस्थित करता है, जिससे पूरी लिस्ट को समझना आसान रहता है।

उदाहरण के लिए, अगर आप यह देखना चाहते हैं कि WhatsApp से कौन-सी नोटिफिकेशन आई थीं, तो WhatsApp वाले सेक्शन को खोल सकते हैं। इसी तरह Gmail, Messages, Instagram या दूसरे ऐप की नोटिफिकेशन को भी अलग-अलग देखा जा सकता है।

ऐप के नाम के सामने दिए गए एरो पर टैप करके संबंधित नोटिफिकेशन को विस्तार से देखा जा सकता है। काम पूरा होने के बाद उसी एरो पर दोबारा टैप करके सेक्शन को बंद किया जा सकता है।

यह तरीका खासतौर पर तब उपयोगी है, जब पूरे दिन में दर्जनों या सैकड़ों नोटिफिकेशन आती हैं और आपको केवल किसी एक ऐप की मिस हुई नोटिफिकेशन देखनी हो।

फीचर बताएगा कि फोन कितना परेशान कर रहा है

Notification History का एक दिलचस्प फायदा यह भी है कि यह आपको अपने नोटिफिकेशन व्यवहार को समझने में मदद कर सकता है।

कई बार हमें लगता है कि फोन पर बहुत ज्यादा जरूरी अलर्ट आते हैं, लेकिन Notification History देखने पर पता चलता है कि बड़ी संख्या में नोटिफिकेशन किसी काम की नहीं थीं। Shopping apps के ऑफर, सोशल मीडिया अपडेट, गेमिंग अलर्ट, प्रमोशनल मैसेज और दूसरी गैर-जरूरी सूचनाएं पूरे दिन फोन को व्यस्त रख सकती हैं।

ऐसी स्थिति में Notification History देखकर आप यह तय कर सकते हैं कि किन ऐप्स के नोटिफिकेशन बंद करने चाहिए और किन्हें चालू रखना जरूरी है।

यानी यह फीचर केवल हटाई गई नोटिफिकेशन वापस देखने का तरीका नहीं है, बल्कि फोन को थोड़ा ज्यादा शांत और व्यवस्थित बनाने में भी मदद कर सकता है।

लेकिन यहां एक छोटा प्राइवेसी रिस्क भी है

Notification History सुविधाजनक जरूर है, लेकिन इसके साथ एक छोटा-सा प्राइवेसी पहलू भी जुड़ा है। कुछ नोटिफिकेशन में मैसेज का प्रीव्यू या दूसरी संवेदनशील जानकारी दिखाई दे सकती है। उदाहरण के लिए WhatsApp या Messages के नोटिफिकेशन में मैसेज का कुछ हिस्सा दिखाई दे सकता है।

अगर किसी दूसरे व्यक्ति को आपका फोन अनलॉक करके इस्तेमाल करने का मौका मिल जाता है, तो वह Notification History खोलकर पुराने नोटिफिकेशन प्रीव्यू देख सकता है।

इसलिए इस फीचर का इस्तेमाल करते समय फोन में मजबूत स्क्रीन लॉक रखना जरूरी है। PIN, पासवर्ड, फिंगरप्रिंट या उपलब्ध सुरक्षित बायोमेट्रिक लॉक का इस्तेमाल करना बेहतर रहेगा।

नोटिफिकेशन हिस्ट्री बंद करेंगे तो क्या होगा?

अगर आपको लगता है कि यह फीचर आपके लिए उपयोगी नहीं है या आप नोटिफिकेशन का रिकॉर्ड रखना पसंद नहीं करते है, तो इसे कभी भी बंद किया जा सकता है।

इसके लिए फिर से Settings > Notifications > Notification History में जाएं और Notification History का टॉगल बंद कर दें।

ध्यान रखें कि हिस्ट्री को बंद करने पर पहले से मौजूद नोटिफिकेशन हिस्ट्री भी साफ हो सकती है। अगर आप बाद में इस फीचर को दोबारा ऑन करते हैं, तो Android उस समय से नई नोटिफिकेशन का रिकॉर्ड बनाना शुरू करेगा। पुरानी हिस्ट्री वापस नहीं आएगी।

क्या आपको Notification History ऑन रखना चाहिए?

अगर आप बार-बार नोटिफिकेशन क्लियर कर देते हैं और बाद में सोचते हैं कि कहीं कोई जरूरी मैसेज तो मिस नहीं हो गया, तो Notification History आपके लिए काफी उपयोगी फीचर हो सकता है। खासकर उन लोगों के लिए जो सोशल मीडिया और दूसरे गैर-जरूरी अलर्ट कम करके फोन को शांत रखना चाहते हैं, लेकिन जरूरी सूचनाओं से पूरी तरह कटना नहीं चाहते हैं।

वहीं, अगर आपके फोन पर संवेदनशील नोटिफिकेशन आते हैं और आप उनका कोई अतिरिक्त रिकॉर्ड रखना पसंद नहीं करते हैं, तो इसे ऑन करना जरूरी नहीं है।

मेरे हिसाब से Notification History का सबसे बड़ा फायदा यही है कि यह नोटिफिकेशन और डिजिटल डिस्ट्रैक्शन के बीच एक अच्छा संतुलन बनाता है। आप गैर-जरूरी अलर्ट को तुरंत हटाकर फोन को शांत रख सकते हैं और जरूरत पड़ने पर बाद में एक जगह जाकर देख सकते हैं कि उस दौरान क्या-क्या आया था। इस तरह हर नोटिफिकेशन को तुरंत देखने की मजबूरी भी कम होती है और जरूरी जानकारी पूरी तरह खोने का डर भी नहीं रहता है।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here