
टेक कंपनी इनफिनिक्स ने पिछले महीने ही भारतीय बाजार में अपना सस्ता स्मार्टफोन Infinix Smart 3 Plus लॉन्च किया था। आर्कषक लुक और शानदार स्पेसिफिकेशन्स से लैस इस स्मार्टफोन को इनफिनिक्स द्वारा 6,999 रुपये की कीमत पर लॉन्च किया गया है जो शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट पर सेल के लिए उपलब्ध है। वहीं अब खबर आ रही है कि Infinix जल्द ही इंडिया में एक और नया स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। Infinix के इस आगामी स्मार्टफोन को लेकर शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट पर प्रोडक्ट पेज भी बना दिया गया है।
Infinix कंपनी की ओर से हालांकि अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन कंपनी का यह आगामी स्मार्टफोन शॉपिंग साइट फ्लिपकार्ट पर लिस्ट हो गया है। फ्लिपकार्ट पर Infinix का प्रोडक्ट पेज बनाया गया है जहां फोन लॉन्च की जानकारी दी गई है। फ्लिपकार्ट की इस लिस्टिंग में यह सामने आ गया है कि Infinix का यह आगामी स्मार्टफोन सेल्फी सेंट्रिक फोन होगा और इसे 32 मेगापिक्सल के सेल्फी कैमरे के साथ लॉन्च किया जाएगा।

फ्लिपकार्ट पर भी Infinix के आगामी स्मार्टफोन के नाम की जानकारी नहीं दी गई है। लेकिन दूसरी ओर द मोबाइल इंडियन वेबसाइट ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि Infinix द्वारा लाया जाने वाला यह फोन 21 मई को इंडिया में लॉन्च किया जाएगा। कहा जा रहा है कि Infinix का यह फोन हाल ही में अफ्रीका में लॉन्च हुआ Hot S4 हो सकता है। रिपोर्ट में बताया गया है कि कंपनी की ओर से इस आगामी स्मार्टफोन को 10,000 रुपये से कम के बजट में ही उतारा जाएगा।
Infinix Hot S4
फोन की स्पेसिफिकेशन्स की बात करें तो यह स्मार्टफोन 19:9 आस्पेक्ट रेशियो पर पेश किया गया है जो 720 x 1520 पिक्सल रेज्ल्यूशन वाली 6.26-इंच की एचडी+ वॉटरड्रॉप डिसप्ले सपोर्ट करता है। कंपनी की ओर से इस फोन को अंर्तराष्ट्रीय बाजार में XOS Cheetah 5.0 आधारित एंडरॉयड 9 पाई पर पेश किया गया है जो 2.0गीगाहर्ट्ज़ क्लॉक स्पीड वाले आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक हेलीयो पी22 चिपसेट पर रन करता है। यह भी पढ़ें : Samsung Galaxy A7 और Galaxy A9 की कीमतें फिर हुई कम, 3,000 रुपये तक सस्ते मिल रहे हैं फोन
कंपनी की ओर से Infinix Hot S4 को अफ्रीका में दो वेरिएंट्स में लॉन्च किया गया है। फोन का एक वेरिएंट जहां 3जीबी रैम के साथ 32जीबी की इंटरनल स्टोरेज सपोर्ट करता है वहीं दूसरे वेरिएंट में 6जीबी रैम मैमोरी के साथ 64जीबी की मैमोरी दी गई है। इन दोनों ही वेरिएंट्स की स्टोरेज को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिये 256जीबी तक बढ़ाया जा सकता है। ग्राफिक्स के लिए यह फोन PowerVR GE8320 GPU सपोर्ट करता है। यह भी पढ़ें : 5,999 रुपये में 15 मई से बिकेगा 13MP डुअल कैमरे और 4,000mAh बैटरी वाला Realme C2
फोटोग्राफी सेग्मेंट की बात करें तो Infinix Hot S4 ट्रिपल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। फोन के बैक पैनल पर डुअल टोन क्वॉड एलईडी फ्लैश के साथ 13-मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर दिया गया है। इसके साथ ही यह फोन 8-मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस और 2-मेगापिक्सल का डेफ्थ आफ फिल्ड सेंसर सपोर्ट करता है। सेल्फी के लिए Infinix Hot S4 में 32-मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है।

















