realme 16 Pro लॉन्ग टर्म रिव्यू: 60 दिन फोन यूज़ करने के बाद का एक्सपीरियंस

Join Us icon

रियलमी ने साल 2026 की शुरुआत में अपनी नंबर सीरीज को भारतीय बाजार में पेश किया था। सीरीज के तहत realme 16 Pro और realme 16 Pro+ 5G फोन लॉन्च हुए थे। रियलमी 16 प्रो प्लस की सेल शुरू होते ही हमने इसका रिव्यू पब्लिश किया था जिसे आप (यहां क्लिक) कर पढ़ सकते हैं। लेकिन रियलमी 16 प्रो के लिए हमारी योजना थी कि इसको 2 महीने तक इस्तेमाल किया जाए और फिर परखा जाए कि लगातार यूज़ के बाद इसके रिस्पांस और परफॉर्मेंस में कितना बदलाव आता है।

परफॉर्मेंस

रियलमी 16 प्रो आउट ऑफ द बॉक्स RMX5120_16.0.1.314 सॉफ्टवेयर वर्ज़न पर आया था। दो महीने के इस्तेमाल के दौरान कंपनी इस मॉडल पर कोई अन्य अपडेट नहीं आई थी और पूरे वक्त हमने इसी वर्ज़न पर काम किया है। इस दौरान फोन में एंड्रॉयड 16 ओएस बेस्ड realme UI 7.0 के साथ जनवरी 2026 का ही सिक्योरिट पैच अपडेटेड रहा। रोजमर्रा के इस्तेमाल में फोन काफी स्मूथ चलता रहा और हमें लैग जैसी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा। हॉं, कभी-कभी जब बैटरी 10% से कम हुई तो एनिमेशन और ट्रांजिशन कुछ स्लो जरूर महसूस हुई, इसे इग्नोर नहीं किया जा सकता है।

ऐसी स्थिति में जब हमने फोन चार्ज पर लगाया तो यह समस्या दूर हो गई। कहा जा सकता है कि यहां मोबाइल में दी गई Bypass Charging तकनीक का योगदान रहा। कम पावर की स्थिति में बैटरी पर एक्स्ट्रा लोड नहीं पड़ा और फोन हीट नहीं हुआ, इसका सीधा फायदा फोन चिपसेट को मिला जिसने फुल क्लॉक स्पीड पर रन करते हुए परफॉर्मेंस को बनाए रखने में मदद की।

गौरतलब है कि रियलमी 16 प्रो 5जी फोन MediaTek Dimensity 7300 Max पर लाया गया है। यह 4नैनोमीटर पर बना ऑक्टा-कोर प्रोसेसर है जो 2.0गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.5गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। फोन प्रोसेसर को सपोर्ट करने के लिए स्मार्टफोन में GT Boost मोड दिया गया है जो हैवी प्रोसेसिंग की सिचुएशन में काम आता है। वहीं फोन में ग्राफिक्स परफॉर्मेंस के लिए Mali-G615 GPU लगाया गया है। फोन प्रोसेसर पर हमने कुछ टेस्ट किए जिन्हें आप नीचे लगी टेबल में देख सकते हैं।

बेंचमार्क टेस्टरिजल्ट
एनटूटू9,83,589
सिंगल-कोर गीकबेंच1,003
मल्टी-कोर गीकबेंच2.869
पीसीमार्क परफॉर्मेंस14,845
बर्नआउट टेस्ट60.6%

डेली यूज़ में व्हाट्सऐप पर चैटिंग, इंस्टाग्राम स्क्रॉलिंग और नॉर्मल ऐप्स को रन करने में कोई परेशानी नहीं होती है। तकरीबन एक हफ्ते तक हमने इस फोन में किसी भी ऐप्स को क्लोज नहीं किया और सभी को बैकग्राउंड में एक्टिव ही रखा। इस सिचुएशन में मल्टीटास्किंग बिना रूकावट चलती रही और ऐप स्विचिंग में भी प्रॉब्लम नहीं आई। लेकिन वहीं जब बैकग्राउंड में BGMI को भी रन किया तो कभी कभार फ्रेम रेट धीमी महसूस हुई और इस दौरान फोन भी गर्म हुआ।

91मोबाइल्स की टेस्टिंग में रियलमी 16 प्रो ने 9,83,589 AnTuTu Score अचीव किया है। दरअसल इसे बहुत ज्यादा प्रभावशाली नहीं कहा जाएगा। इसी प्राइस रेंज में मौजूद तकरीबन 9 महीने पुराना OnePlus Nord 5 स्मार्टफोन प्रोसेसिंग के मामले में realme 16 Pro को काफी पीछे छोड़ देता है। वहीं सिर्फ 5.99एमएम ​स्लीम डिजाइन वाले Motorola Edge 70 ने भी 14 लाख का एनटूटू स्कोर पाकर खुद को रियलमी 16 प्रो हावी बताया है। साफ शब्दों में कहे तो अगर आप हैवी गेमिंग और परफॉर्मेंस के लिए यह रियलमी फोन खरीदना चाहते हैं तो दूसरे विकल्प चुनना ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है।

हार्डवेयर के साथ ही सॉफ्टवेयर का भी जिक्र करें तो रियलमी 16 प्रो में यूजर्स को कई AI features मिलेंगे। realme UI 7.0 इसका इंटरफेस क्लिन है और चलाने में स्मूथ और एडवांस लगता है। Flux Theme इसे अटरेक्टिव बनाती है जिसमें फिंगरप्रिंट एनिमेशन, आइकन, विजेट्स और लॉकस्क्रीन इत्यादि को कस्टमाइज़ किया जा सकता है। AI Notify Brief, AI Framing Master, AI Eraser और AI Smart Loop जैसे फीचर्स डेली यूज़ में काम आ सकते हैं। बताते चलें कि कंपनी इस फोन पर 3 जेनरेशन की ओएस अपग्रेड और 4 साल की सिक्योरिटी अपडेट दे रही है।

डिजाइन

रियलमी 16 प्रो को मार्केट में Master Gold, Orchid Purple और Pebble Grey कलर में लाया गया है। हमने इसका पर्पल कलर मॉडल यूज किया जो वाकई में अटरेक्टिव लग रहा है। फोन का बैक पैनल मैट ​फिनिश वाला जो प्रीमियम फील देता है। यहां realme की ब्रांडिंग सिल्वर कलर में दी गई है। वहीं पैनल के उपरी ओर राउंड ऐज वाले स्क्वायर शेप में कैमरा मॉड्यूल फिट किया गया है। कैमरा सेटअप में दो लेंस हॉरिजॉन्टल प्लेस्ड हैं, एक लेंस और फ्लैश इनके ठीक नीचे दी गई है।

फोन का कैमरा बंप रियर पैनल से हल्का ऊपर उठा हुआ है। पर्सनली यह मुझे कुछ ज्यादा लगा, बैक कवर लगाने के बाद कुछ हद तक कवर तो हो जाता है लेकिन इससे फोन ​की थिकनेस पर असर पड़ता है। रियलमी ने इस फोन की मोटाई 7.75mm बताई है लेकिन यह कैमरा बंप को हटाकर है। गौर करने पर पता चलता है कि realme 16 Pro के कैमरा बंप की मोटाई इस फोन के वॉल्यूम बटन और Type-C पिन से भी अधिक है! खैर यह मोबाइल यूजर्स के टेस्ट पर निर्भर करता है, यकिनन यह बहुतों को पंसद भी आएगा।

realme 16 Pro 5G फोन मैटल फ्रेम पर बना है। इसे IP66 + IP68 + IP69 + IP69K रेटिंग के साथ लाया गया है जो धूल व पानी से बचाने के साथ ही कई तरह की लिक्विड प्रोटेक्शन भी देती है। यह हाई प्रैशर पानी की मार भी झेल सकता है और 80 डिग्री टेम्परेचर वाले गर्म पानी में भी सुरक्षित रह सकता है। यानी कहा जा सकता है कि रियलमी 16 प्रो देखने में शानदार और बिल्ड क्वॉलिटी में दमदार है। मोबाइन “आई कैची” है जो अटरेक्टिव लुक देता है।

डिस्प्ले

realme 16 Pro 5G फोन को 1272 × 2722 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.78-इंच की फुलएचडी+ स्क्रीन पर बनाया गया है। यह पंच-होल स्टाइल वाली डिस्प्ले AMOLED पैनल पर बनी है जो 144Hz रिफ्रेश रेट, 240Hz टच सैंपलिंग रेट, 450PPI और 6500nits ​पीक ब्राइटनेस सपोर्ट करती है। फोन में Cinematic और Vivid जैसे स्क्रीन कलर मोड भी दिए गए हैं जिन्हें यूजर अपनी मर्जी के मुताबिक चुन सकते हैं। हमने फोन को विविड मोड पर बना और इसका रिजल्ट शानदार था।

अगर आप फोन में कंटेंट देखते रहते हैं तो रियलमी 16 प्रो की डिस्प्ले आपके इस शौक को आदत में बदल सकती है। दरअसल फोन स्क्रीन बेहद ही शानदार और वायब्रेंट है। हर तरह के कलर्स को एन्हांस करके पेश करती है जिसमें ब्राइटनेस और कॉन्ट्रास्ट परफेक्टली ब्लेंड होते हैं। इस फोन का स्क्रीन रेश्यो 93.57% का है जिसमें बेहद ही नैरो बेज़ल्स दिए गए हैं, और इसके चलते फुलव्यू और ज्यादा इमर्सिव एक्सपीरियंस प्राप्त होता है।

हाई ब्राइटनेस के चलते आउटडोर में भी स्क्रीन विजिबिलिटी बनी रहती है। कंटेंट और टेक्स्ट दोनों को रीड करने में कोई समस्या नहीं होती है। 144हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट स्क्रॉलिंग और टच स्मूथ बनाता है। हालांकि फोन में ऐप्स के अनुसार रिफ्रेश रेट का सपोर्ट मिलता है, सभी ऐप्स 144Hz पर नहीं चलती है। कुल मिलाकर रियलमी 16 प्रो 5जी फोन की डिस्प्ले बेहतरीन एक्सपीरियंस देती है, आपको हाई रेजोल्यूशन वीडियोज़ देखने में मजा आएगा।

बैटरी

अगर आप ऐसा फोन चाहते हैं जिसे दिन में सिर्फ एक बार ही चार्ज करने की जरूरत पड़े, तो realme 16 Pro आपके काम आ सकता है। एक बाद बैटरी फुल करने के बाद यह आराम से पूरा दिन निकाल लेता है। सुबह उठकर चार्ज लगाओ और रात घर आने तक यह काम कर लेता है। यह रियलमी फोन 7000mAh battery सपोर्ट करता है। हमारी टेस्टिंग में इसका PCMark battery बेंचमार्क स्कोर 14 घंटे 18 मिनट का रहा।

चैटिंग, स्क्रॉलिंग और म्यूजिक के साथ फोन लंबा बैटरी बैकअप देने में सक्षम है। कंपनी इसे 6 साल की बैटरी हेल्थ के दावे के साथ लेकर आई है। यानी 60 महीनों बाद भी बैटरी हेल्थ 80% से अधिक रह सकती है। वहीं हैवी प्रोसेसिंग या गेमिंग के दौरान फोन बैटरी को एक्स्ट्रा लोड से बचाने के लिए इसमें बायपास चार्जिंग टेक्नोलॉजी दी गई है। फोन चार्ज करने पर यह करंट को बैटरी की बजाय सीधे फोन मदरबोर्ड को ट्रांसफर कर देती है जिससे बैटरी हीट होने से बचती है।

realme-16-pro-india-launched-price-200mp-camera-7000mah-dimensity-7300-max

realme 16 Pro स्मार्टफोन को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 80W Ultra Charge टेक्नोलॉजी दी गई है। हमारी टेस्टिंग के दौरान इसने 49 मिनट में ही फोन को 20% से 100% फुल चार्ज कर दिया था। वहीं साथ ही यह रियलमी फोन रिवर्स चार्जिंग टेक्नोलॉजी भी सपोर्ट करता है जिसके चलते इस मोबाइल से आप अन्य डिवाइस को चार्ज कर सकते हैं। यानी रियलमी 16 प्रो पावर बैंक का काम भी कर सकता है।

कैमरा

realme 16 Pro का कैमरा इस मोबाइल की सबसे बड़ी यूएसपी में से एक है। फोन में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है जिसमें एफ/1.8 अपर्चर वाले 200 मेगापिक्सल OIS सेंसर के सा​थ एफ/2.2 अपर्चर और 112° एफओवी वाला 8 मेगापिक्सल अल्ट्रा वाइड एंगल लेंस मौजूद है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए रियलमी 16 प्रो 5जी फोन एफ/2.4 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा सपोर्ट करता है।

इस फोन को रियलमी ने LumaColor एल्गोरिदम के साथ पेश किया है जो जो फोटो के कलर को शार्प और वाइब्रेंट बनता है। वहीं साथ ही ह्यू और सेचुरेशन को बैलेंस्ड तरीके से पेश करता है। फोन में Vibe Master Mode दिया गया है जिसकी मदद से 1x से 4x तक ज़ूम लेवल पर फोटो खींची जा सकती है और अलग-अलग पोर्ट्रेट टोन के साथ रिजल्ट पाया जा सकता है।

नॉर्मल डे-लाइट फोटोग्राफी का रिजल्ट हमें सही लगा। यह नेचुरल फोटो कैप्चर करता है। कलर्स को बहुत ज्यादा शार्प और एन्हांस ना करते हुए, रिजल्ट को काफी हद तक वास्तविकता के करीब रखता है। फोन का कैमरा जबरदस्ती का कॉन्ट्रास्ट और कलर भरने की कोशिश नहीं करता है जिसकी तारीफ बनती है। फोटोज़ को प्राकृतिक और सॉफ्ट कहा जाएगा। हाईलाइट और शैडो दोनों बैलेंस्ड हैं। सबसे अच्छी बात हमें यह लगी कि फोन का कैमरा परछाई वाले एरिया को एक्स्ट्रा डार्क नहीं करता है।

वैसे अगर आप उन लोगों में से हैं जो एक क्लिक के बाद ही सोशल मीडिया पर फोटोज़ डालते हैं, तो यहां आपको एक्स्ट्रा एडिटिंग की जरूरत पड़ेेगी। इस फोन की फोटोज़ को नेचुरल तो कहा जाएगा, लेकिन सोशल मीडिया रेडी नहीं।

वहीं दूसरी ओर धूप की फोटोज़ में हमें कई जगह रिजल्ट ओवर एक्सपोज़्ड लगा। पोर्ट्रेट मोड में खींची गई फोटो भी हमें पसंद आई। यह मोबाइल एक लिमिट तक ही बोका इफे​क्ट डालता है। कुछ अन्य फोंस की तरह बैकग्राउंड इस हद तक ब्लर नहीं करता है कि पीछे का सीन ​समझ ही ना आए! ऑब्जेक्ट पर मेन फोकस रहता है और बाकी स्पेस को हल्का धुंधला करता है। फोरग्राउंड और बैकग्राउंड के बीच का अंतर realme 16 Pro बखूबी समझता है और ऐज को बड़ी बारीकी से परखता है।

वहीं लो-लाइट सिचुएशन भी फोटोज़ सॉफ्ट रहती है। नाइट मोड के साथ खींची गई पिक्चर में ज्यादा रोशनी या फ्लेयर कंट्रोल में रहती है और लाइट डिस्टॉर्शन नहीं होता है। नाइट फोटोग्राफी में यह फोन कलर्स को बखूबी कैप्चर करता है और साथ ही टेक्स्ट विजिबिलिटी भी बनी रहती है। वहीं हमें सबसे अच्छी बात यह लगी कि फोटोज़ को ज़ूम करने पर भी क्वालिटी बरकरार रहती है। इसके लिए realme की तारीफ तो बनती है।

रियलमी 16 प्रो का 50एमपी सेल्फी सेंसर भी सही काम करता है। इसमें नॉर्मल मोड, पोर्ट्रेट मोड, हाई रेजोल्यूशन मोड और नाइट मोड में फोटो खींची जा सकती है। सभी मोड्स में हमें कैमरा रिजल्ट से ​​शिकायत नहीं मिली। Retouch फीचर के साथ क्लिक से पहले ही सेल्फी को बेहतर बनाया जा सकता है। हॉं, नाइट मोड में बिना फ्लैश के खींची गई सेल्फी आपको निराश कर सकती है। इसे अलावा realme 16 Pro का Selfie camera आपको पसंद आएगा।

​वर्डिक्ट

कम शब्दों में सीधी बात करें तो realme 16 Pro 5G उन लोगों के लिए नहीं है जो मोबाइल गेमिंग का शौक रखते हैं। अगर आप दिन का अधिकांश वक्त फोन में गेम खेलने में बिताते हैं तो इस रियलमी फोन को स्किप करना चाहिए। वहीं अगर आप उन लोगों में से हैं जो फोन फोटोग्राफी का शौक रखते हैं तो, इसे बिना झिझक खरीद सकते हैं। फोन का कैमरा इसकी असली पावर है। वहीं मोबाइल डिस्प्ले जैसे ‘सोने पर सुहागा’। बड़ी बैटरी का कॉम्बिनेशन इसे हर तबके के​ लिए बेहतर फोन बनाता है। रियमली 16 प्रो की शुरुआती कीमत 34,999 रुपये है। अगर रेट 30 हजार रुपये तक होता तो इसे सेगमेंट में बेस्ट का टैग मिल सकता था। लेकिन प्राइस को देखते हुए मार्केट में मौजूद अन्य विकल्प इस रियलमी फोन पर भारी पड़ सकते हैं।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here