Samsung Galaxy S26 रिव्यू : स्पेशल 26

Join Us icon

हर किसी का पसंद ऐसा फोन नहीं होता है जो परफॉर्मेंस में सबसे दमदार हो, बल्कि कई लोग ऐसा फोन पसंद करते हैं जो स्टाइलिश हो और दिन भर के कामों को आसानी से निबटा लें। यदि आप भी ऐसे ही फोन की तलाश में हैं तो फिर Samsung Galaxy S26 से अच्छा कुछ भी नहीं है। यह एक कॉम्पैक्ट स्टाइलिश फोन है जो परफॉर्मेंस के मामले में भी बेहतर है। इस फोन की सबसे बड़ी खूबी इसका डिजाइन है और इसी से रिव्यू की शुरुआत करते हैं।

डिजाइन

सबसे पहली बात यह है कि जैसे ही Samsung Galaxy S26 को आप देखेंगे उसे अपने हाथों में ले लेंगे। कॉम्पैक्ट डिजाइन और शानदार बिल्ड क्वालिटी आपको वॉव कहने पर मजबूर कर देती है। डिजाइन में यह फोन बेहद ही कॉम्पैक्ट है और आसानी से हथेली में आ जाता है। हालांकि पुराने मॉडल के अपेक्षा यह थोड़ा लंबा और हल्का सा भारी भी हो गया है। Galaxy S26 की लंबाई 146.9mm थी जबकि, नया फोन 149.6mm का हो गया है। हालांकि मोटाई उतनी ही है। यह फोन सिर्फ 7.2mm मोटा और वजन 167 ग्राम है। वजन में लगभग 5 ग्राम की बढ़ोतरी की गई है।

जहां तक बिल्ड क्वालिटी की बात है, तो फोन बिल्कुल प्रीमियम लुक के साथ आया है। कंपनी ने एल्यूमिनियम फ्रेम का उपयोग किया है जो काफी हल्का और मजबूत है। वहीं बैक पैनल ग्लास का है और इसकी क्वालिटी भी शानदार है। बैक पैनल में आपको कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास विक्टस 2 की कोटिंग मिल जाती है।

अच्छी डिजाइन के साथ कंपनी ने ड्यूरेबिलिटी यानी कि टिकाऊपन का भी ख्याल रखा है। यह फोन IP68 की रेटिंग के साथ आता है जहां यह बहुत हद तक धूल व पानी से सुरक्षित रह सकता है। यह फोन 1.5 मीटर पानी में आधा घंटा तक सुरक्षित रह सकता है। वहीं भारतीय वातावरण में जहां धूल काफी ज्यादा है, ऐसे माहौल में भी यह फोन लंबे समय तक साथ निभाने में सक्षम होगा।

कुल मिलाकर डिजाइन के बारे में यही कहूंगा कि काफी शानदार है और स्टाइलिश और कॉम्पैक्ट डिजाइन आपको काफी पसंद आएगा। वहीं 150 ग्राम से कम वजन होने की वजह से आप घंटों इसे हाथ में लेकर घूम सकते हैं, थकावट महसूस नहीं होगी।

डिस्प्ले

डिजाइन के साथ ही फोन का डिस्प्ले भी काफी आकर्षक है। इसमें आपको 6.3 इंच की Dynamic AMOLED 2x डिस्प्ले देखने को मिलेगी। कंपनी ने पंच होल कटआउट का उपयोग किया है जो बंद स्क्रीन में दिखता भी नहीं है। यह फोन 1080×2340 (FHD+) पिक्सल रिजॉल्यूशन के साथ आता है और इसमें भी आपको कोर्निंग गोरिल्ला ग्लास विक्टस 2 का प्रोटेक्शन मिल जाता है। फोन में 2600 निट्स का पीक ब्राइटनेस सपोर्ट है और यह 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट 409 पीपीआई सपोर्ट करता है। इसके साथ ही फोन में HDR और HDR 10+ का सपोर्ट मिल जाता है।

डिस्प्ले बहुत ही शानदार है और बेजल बेहद पतले हैं। ऐसे में सामने से स्क्रीन के अलावा कुछ नहीं दिखाई देता है। चिन आदि भी काफी छोटे हैं। हां! आप कह सकते हैं कि इस प्राइस रेंज या इससे कम के प्राइस में भी कई फोन उपलब्ध हैं जिनमें पीक ब्राइटनेस 4000 निट्स से ज्यादा का है लेकिन फिर भी डिस्प्ले के मामले में यह कहीं कम नहीं ठहरता है। घर के अंदर और बाहर यहां तक कि तेज धूप में भी आप स्पष्ट व्यू पा सकते हैं। वहीं इसमें अडाप्टिव रिफ्रेश रेट सपोर्ट है जहां कंटेंट के अनुसार यह 1-120 तक जा सकता है।

फोन का डिस्प्ले काफी अच्छा है और कलर काफी चटक। सबसे वीडियो देखने या मूवी स्ट्रीम करने में काफी बेहतर व्यू देता है। वहीं कॉम्पैक्ट स्क्रीन की वजह से एक हाथ से फोन का उपयोग आसान हो जाता है।

परफॉर्मेंस

इस बार प्रोसेसर के मामले में थोड़ा बदलाव है। Samsung Galaxy S26 Ultra को जहां क्वालकॉम प्रोसेसर के साथ पेश किया गया है, वहीं Galaxy S26 और Galaxy S26+ एक्सीनोस 2600 प्रोसेसर के साथ उपलब्ध हैं। हालांकि यह प्रोसेसर 2 nm फैब्रिकेशन पर तैयार है, जो कि काफी शानदार कहा जा सकता है। वहीं चिपसेट के आर्किटेक्चर की बात करें तो इसमें डेका कोर यानी कि 10 कोर के साथ उपलब्ध है, जहां मेन प्रोसेसर 3.8GHz का सिंगल यूनिट है, जो Arm C1-Ultra आर्किटेक्चर आधारित है। इसके अलावा 3.25GHz का ट्राई कोर और 2.75GHz का हेक्सा कोर प्रोसेसर उपलब्ध है। ग्राफिक्स के लिए एक्सक्लिप्स 960 जीपीयू उपलब्ध है। सबसे अच्छी बात कही जा सकती है कि इस बार कंपनी ने सभी मॉडल में 12GB की रैम दी है। 8GB मॉडल नहीं पेश किया गया है। इसके साथ ही फोन में आपको 256GB की स्टोरेज मिल जाती है। कंपनी ने रैम को LPDDR5X और स्टोरेज को UFS 4.0 तकनीक से लैस किया है। कुल मिलाकर कहें तो स्पेसिफिकेशन में कोई कमी नहीं है।

वहीं हमने फोन को काफी अच्छे से उपयोग किया, जहां रोजाना उपयोग के दौरान इसमें किसी भी तरह के हैंग या लैग नहीं देखने को मिले। वहीं हमने इसमें हैवी ग्राफिक्स वाले गेम और फोन को ढेर सारे बेंचमार्क पर भी अच्छे से टेस्ट किया, जिसमें रिजल्ट भी अच्छे मिले। ऐसा नहीं था कि यह फोन सबसे बेस्ट कर रहा था, लेकिन बहुत पीछे भी नहीं था।

हमने इस फोन को Antutu बेंचमार्क पर टेस्ट किया, जहां Samsung Galaxy S26 ने 31,13,347 तक के स्कोर को टच किया। हालांकि इस सेगमेंट में मीडियाटेक डायमेंसिटी 9500 चिपसेट वाले फोन 36 लाख के आसपास स्कोर कर रहे थे, जबकि क्वालकॉम स्नैपड्रैगन 8 एलीट जेन 5 वाले फोन ने तो 39 लाख से ज्यादा का स्कोर किया। ऐसे में सैमसंग गैलेक्सी एस26 थोड़ा पीछे तो रह जाता है। परंतु इसकी तुलना अगर आप iPhone 17 से करते हैं, तो फिर यह डिवाइस बहुत आगे जाता है। iPhone 17 Antutu पर 22 लाख तक का स्कोर कर पाया था।

वहीं इस फोन में हमने प्रोसेसर टेस्टिंग बेंचमार्क Geekbench और ग्राफिक्स के लिए 3D Mark जैसे ऐप भी रन किए, जहां Geekbench सिंगल कोर में यह 3,220 तक का स्कोर कर पाया, जबकि मल्टीकोर पर यह फोन 11,249 तक का स्कोर पाया, जो कि काफी अच्छा है।

ग्राफिक्स के लिए हमने 3D Mark पर दो टेस्ट रन किए, जहां स्टील नोमेड लाइट पर यह फोन 2,814 तक का स्कोर कर पाया, जबकि 3D Mark वाइल्ड लाइफ एक्सट्रीम पर यह 6,665 तक का ग्राफिक्स स्कोर करने में सफल रहा।

हमने BGMI और Call Of Duty (CODM) जैसे गेम खेले। हमने BGMI पर Very High + Very High फ्रेम रेट और ग्राफिक्स पर रखा था। इस सेटिंग के साथ यह फोन 58.6 FPS तक गया और 6 प्रतिशत तक के बैटरी ड्रॉप के साथ 4 डिग्री से थोड़ा ज्यादा गर्म हुआ। वहीं कॉल ऑफ ड्यूटी में Ultra HDR + Ultra फ्रेम रेट और ग्राफिक्स को रखा, जिस पर यह फोन सिर्फ 34.9 FPS तक ही जा पाया। इसमें 9 प्रतिशत तक का बैटरी ड्रॉप और 6 डिग्री तक हीट हुआ। ऐसे में यह तो साफ था कि फोन गर्म नहीं हो रहा था और छोटी बैटरी के बावजूद बैटरी ड्रॉप ज्यादा नहीं था। हमने फोन में 3D थ्रॉटल टेस्ट किया, जहां यह फोन 50 प्रतिशत थ्रॉटल हुआ और यह अच्छा स्कोर है। वहीं बर्नआउट टेस्ट में यह फोन 27 प्रतिशत तक बर्नआउट हुआ, यहां थोड़ा ज्यादा कह सकते हैं।

ऑपरेटिंग सिस्टम

सैमसंग गैलेक्सी एस26 को कंपनी ने Android OS 16 पर पेश किया है और यह Samsung के ही OneUI 8.5 के साथ आता है। ऑपरेटिंग के मामले में फोन काफी आसान है और ज्यादा कस्टमाइजेशन देखने को नहीं मिलती है। परंतु एक कमी है कि इसमें प्रीलोडेड ऐप्स थोड़े हैं, जो फोन भरने का काम ही कर रहे हैं। फोन में 51 प्रीलोडेड ऐप्स हैं और 9 थर्ड पार्टी ऐप्स दिए गए हैं। हालांकि इनमें से कई ऐप्स को आप अनइंस्टॉल कर सकते हैं। फोन के साथ 7 साल का OS अपडेट और 7 साल का सिक्योरिटी अपडेट दिया जा रहा है, जो कि बहुत ही शानदार कहा जा सकता है। कोई एंड्रॉइड फोन निर्माता इतना अपडेट नहीं दे रहा है।

फोन में OS के साथ ही AI का जिक्र भी कर लेते हैं। Galaxy S26 के बाकी सीरीज की तरह ही इसमें भी आपको 3 AI क्लाइंट मिलेंगे, जिसमें सैमसंग का Bixby, Google Gemini और Perplexity शामिल हैं। वहीं फोन का AI काफी स्मार्ट हो गया है।

इसमें आप न सिर्फ इमेज में किसी ऑब्जेक्ट को स्मार्टली रिमूव कर सकते हैं, बल्कि नई चीजों को जोड़ भी सकते हैं। इमेज के साथ ही वीडियो में भी इसका AI कमाल करता है। आप शूट किए गए वीडियो से बैकग्राउंड नॉइस को कट कर सकते हैं। हालांकि इमेज में ज्यादा ऑप्शन देता है। आप इमेज को इरेज, रिक्रिएट या फिर एनिमेट कर सकते हैं। सबसे अच्छी बात है कि ये फीचर्स बहुत अच्छे से काम करते हैं। हालांकि इमेज रिक्रिएशन में कभी-कभी यह परेशान करता है या एक-दो बार में होता नहीं है, थोड़ी ज्यादा कोशिश करनी पड़ती है। बावजूद इसके फीचर कमाल का है और आपको मजा आएगा। सिर्फ इमेज और वीडियो ही नहीं, बल्कि AI के मामले में यह फोन बेहद ही स्मार्ट है।

इन सब के अलावा आप इसे अपने पर्सनल असिस्टेंट के रूप में उपयोग कर सकते हैं। यह आपके सवालों का जवाब देने के साथ ही आपके लिए ट्रांसलेशन, वेब सर्च, लाइव फीड, आर्टिकल के संक्षेपण, लाइव ट्रांसलेशन सहित कई काम करने में सक्षम है।

कैमरा

परफॉर्मेंस और OS के बाद कैमरे की बात कर लेते हैं। Samsung Galaxy S26 में आपको ट्रिपल रियर कैमरा देखने को मिलता है। फोन का मेन कैमरा 50MP का है। इसमें OIS सपोर्ट है और यह 2X ऑप्टिकल ज़ूम सपोर्ट करता है। वहीं इसका दूसरा सेंसर 12MP का है और यह अल्ट्रावाइड लेंस है, जो 119 डिग्री तक फील्ड ऑफ व्यू को सपोर्ट करता है। फोन का तीसरा सेंसर 10MP का टेलीफोटो लेंस है और इसके साथ 3x तक का ऑप्टिकल ज़ूम मिलता है। हालांकि कैमरा स्पेसिफिकेशन के मामले में यह फोन अपने पुराने मॉडल के समान ही है, बदलाव नहीं किया गया है।

भले ही कैमरा सेटअप पुराना हो, लेकिन डिटेलिंग पहले से कहीं ज्यादा बेहतर हो गई है। फोन से क्लिक किए गए पिक्चर काफी शार्प थे और डिटेलिंग भी अच्छी देखने को मिली। वहीं इसमें एक और बात अच्छी लगी कि क्लिक किए गए फोटो में कलर काफी नेचुरल लग रहे थे।

हां! फेस को थोड़ा शार्प करने की जरूरत लग रही थी। यानी कि यह चेहरे को थोड़ा सुंदर बनाने की कोशिश करता है। डेलाइट कंडिशन में यह फोन अच्छी डिटेलिंग के साथ पिक्चर क्लिक कर रहा था। वहीं जब रात में हमने फोटो क्लिक किए, तो उसमें थोड़े ग्रेन देखने को मिले। यह कमी कह सकते हैं।

जहां पर स्किन टोन या किसी फेस को कैप्चर करने की बात आती है, वहां यह फोन और बेहतर परफॉर्म कर रहा था। वहीं पोर्ट्रेट शॉट में भी अच्छा कट-आउट निकाल रहा था। बैकग्राउंड अच्छे से ब्लर थे और सब्जेक्ट बहुत उभरकर आ रहा था। फोन में 3X तक का ऑप्टिकल ज़ूम सपोर्ट है और हमने 3X ज़ूम शॉट क्लिक किया, तो वहां भी रिजल्ट अच्छे मिले।

रही बात सेल्फी की, तो इसमें कोई शक नहीं कि फोन अच्छी फोटो ले रहा था, लेकिन यह भी है कि फेस को थोड़ा शार्प कर रहा था। वहीं लो लाइट में यह थोड़ा संघर्ष करता नजर आया।

फोटो के साथ वीडियो में भी यह फोन अच्छी क्वालिटी का शूट कर रहा था। परंतु HDR में थोड़ी समस्या लगी। रोशनी को मेंटेन करने या लाइट शिफ्ट करने में थोड़ी समस्या हो रही थी। हालांकि वीडियो में लैग नहीं मिला। इसका वीडियो एडिटिंग मूवी फीचर काफी अच्छा है और AI एडिटिंग भी बड़े काम की है। यहां बैकग्राउंड नॉइस को आप बिल्कुल खत्म कर सकते हैं।

बैटरी

पावर बैकअप के लिए इस फोन में 4,300mAh की बैटरी दी गई है। यह फोन सैमसंग की फास्ट चार्जिंग तकनीक 2.0 के साथ आता है और इसमें 25 वॉट तक की फास्ट चार्जिंग सपोर्ट है। इस मामले में फोन थोड़ा पीछे कहा जाएगा। हालांकि उपयोग के दौरान यह आराम से एक पूरा दिन निकाल रहा था, जबकि उस दौरान हमने दिन भर साधारण उपयोग, व्हाट्सऐप और कॉलिंग के साथ थोड़ी गेमिंग भी की थी।

हमारे PC Mark टेस्ट पर यह फोन 11 घंटा 40 मिनट तक चला, जो कि बहुत अच्छा रिजल्ट तो नहीं है, लेकिन खराब भी नहीं कह सकते। सिर्फ 4300mAh की बैटरी के साथ बैकअप अच्छा है। वहीं हमारे टेस्ट में 20 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक चार्ज होने में इस फोन को 72 मिनट का समय लगा, जो थोड़ा ज्यादा है।

निष्कर्ष

सब कुछ देखने के बाद बात आती है फोन की कीमत की, तो बता दूं कि Samsung Galaxy S26 की शुरुआती कीमत 87,999 रुपये है। हालांकि पिछले कुछ महीनों में फोन की कीमत काफी ज्यादा बढ़ गई है, लेकिन फिर भी ऐसे में गैलेक्सी एस26 को महंगा तो कहेंगे, लेकिन बहुत ज्यादा नहीं कह सकते।

रहा सवाल फोन लेने का, तो यही कहूंगा कि यदि आप एक स्टाइलिश फोन लेना चाहते हैं, जो कॉम्पैक्ट हो, पावरफुल हो और कैमरा भी अच्छा हो, तो इसे देख सकते हैं। प्रीमियम लुक के साथ यह फोन शानदार अहसास कराता है। वहीं डिस्प्ले भी कमाल का है।

कमी यह कह सकते हैं कि कंपनी यदि इस फोन में भी प्राइवेसी डिस्प्ले फीचर देती, तो ज्यादा बेहतर होता। वहीं यह भी कह सकते हैं कि यह फोन गेमर्स के लिए नहीं है। छोटी स्क्रीन के साथ ही इसमें सिर्फ 120 हर्ट्ज रिफ्रेश रेट मिलता है। वहीं इसमें आपको गेम के दौरान 120 FPS का सपोर्ट भी नहीं मिलता है। फोन का कैमरा भी अच्छा है, लेकिन और बेहतर की उम्मीद थी। वहीं बैटरी भी ठीक-ठाक ही है।

हालांकि इन कमियों के बावजूद इसका कॉम्पैक्ट डिजाइन आपका दिल जीत लेगा। ऐसे में कहूंगा कि यह खरीदारी के लायक है और आप इसे खरीद सकते हैं।

LEAVE A REPLY
Please enter your comment!
Please enter your name here