
Lenovo ने सितंबर महीने में भारत में अपनी ‘के सीरीज़’ को बढ़ाते हुए Lenovo K10 Plus स्मार्टफोन लॉन्च किया था। यह फोन ट्रिपल रियर कैमरा और 4050एमएएच बैटरी जैसे शानदार फीचर्स से लैस है। पिछले साल ही इस सीरीज़ का एक और स्मार्टफोन Lenovo K11 नाम के साथ इंटरनेट पर लीक हुआ था। उस लीक में फोन की कई अहम स्पेसिफिकेशन्स सामने आई थी, लेकिन कुछ दिन मीडिया रिपोर्ट्स में रहने के बाद यह फोन फिर से ठंडे बस्ते में चला गया था। लेकिन आज फिर से Lenovo K11 सामने आया है। इस बार लेनोवो स्मार्टफोन टेलीक्म्यूनिकेशन्स सर्टिफिकेशन साइट पर लिस्ट हुआ है, जिसने एक बार फिर से फोन लॉन्च की चर्चा तेज कर दी है।
Lenovo K11 थाईलैंड की सर्टिफिकेशन साइट NBTC पर लिस्ट हुआ है। इस वेबसाइट पर फोन को XT2053-3 मॉडल नंबर के साथ लिस्ट किया गया है। लेनोवो ने हालांकि अभी तक के11 के लॉन्च से जुड़ी कोई जानकारी नहीं दी है लेकिन इस लिस्टिंग के बाद माना जा रहा है कि लेनोवो के11 जल्द ही ग्लोबल टेक मार्केट में दस्तक दे सकता है। बता दें कि एनबीटीसी वेबसाइट पर भी Lenovo K11 की स्पेसिफिकेशन्स व फीचर्स संबंधित कोई भी जानकारी नहीं दी गई है।
Lenovo K11
लेनोवो के11 की बात करें तो पिछले साल सामने आई लिस्टिंग में पता चला था कि यह स्मार्टफोन 6.2 इंच की वॉटरड्रॉप नॉच डिसप्ले पर लॉन्च किया जाएगा। इस फोन को एंडरॉयड 9 पाई से लैस बताया गया था जिसमें प्रोसेसिंग के लिए आक्टाकोर प्रोसेसर के साथ मीडियाटेक हीलियो पी22 चिपसेट देखने को मिल सकता है। लिस्टिंग में इस फोन को 4 जीबी रैम मैमोरी से लैस बताया गया था तथा फोन में 32 जीबी मैमोरी तथा 64 जीबी मैमोरी वाले दो स्टोरेज वेरिएंट दिए जाने की बात सामने आई थी।

Lenovo K11 ट्रिपल रियर कैमरे के साथ बाजार में दस्तक देगा। लिस्टिंग में खुलासा हुआ था कि यह स्मार्टफोन 12 मेगापिक्सल का प्राइमरी रियर कैमरा सपोर्ट करेगा तथा इसके साथ ही फोन में एक अल्ट्रा वाइड लेंस और एक टेलीफोटो लेंस भी शामिल रहेगा। वहीं लेनोवो के11 में पावर बैकअप के लिए 3300एमएएच की बैटरी दी जा सकती है। लिस्टिंग में Lenovo K11 को डुअल सिम, 4जी वोएलटीई, वाईफाई व ब्लूटूथ से लैस बताया गया है। यह स्मार्टफोन ब्लैक और ब्लू कलर में बाजार में लॉन्च हो सकता है।
लेनोवो के11 को लेकर कहा जा रहा है कि कंपनी इस फोन को लो बजट सेग्मेंट में ही उतारेगी तथा फोन की कीमत भारतीय कंरसी अनुसार 12,000 रुपये से कम ही होगी। बहरहाल Lenovo K11 कब तक बाजार में दस्तक देगा और इंडियन मार्केट में आएगा, इस बारे में अभी कुछ भी पुख्ता नहीं कहा जा सकता है। स्मार्टफोन के लॉन्च के लिए लेनोवो की आधिकारिक घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।


















